Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Vanakkam Poorvottar: Arunachal Pradesh को लेकर भारत ने चीन को सुनाई खरी खरी, 10 दिन तक चली वार्ता में कई सहमति बनीं

    3 hours from now

    1

    0

    भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर तनाव भले ही फिलहाल नियंत्रण में दिखाई दे रहा हो, लेकिन अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में दोनों देशों की सेनाओं की गतिविधियां इस बात का संकेत दे रही हैं कि सीमा पर स्थिति अब भी बेहद संवेदनशील है। चीन की ओर से लगातार विवादित दावे, गश्त के निर्धारित तौर-तरीकों से अलग गतिविधियां और भारतीय क्षेत्रों में घुसपैठ की कोशिशों के बीच भारत ने सीमा प्रबंधन को लेकर अपना रुख पूरी मजबूती से सामने रखा है। इसी कड़ी में अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र में भारत और चीन के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के बीच हुई दूसरी दौर की बातचीत बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि करीब 10 दिनों तक चली इस बातचीत का मकसद केवल मौजूदा तनाव को कम करना नहीं, बल्कि सीमा पर दोनों सेनाओं के बीच टकराव की आशंका को रोकने के लिए स्पष्ट नियम और संवाद की व्यवस्था तैयार करना भी था।भारतीय विदेश मंत्रालय ने 26 नवंबर को पहली बार आधिकारिक तौर पर इन सैन्य वार्ताओं की पुष्टि की। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि पूर्वी सेक्टर में दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की बैठक हुई, जिसमें वास्तविक नियंत्रण रेखा पर सीमा प्रबंधन बेहतर बनाने और लंबित मुद्दों को सुलझाने पर चर्चा की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत और चीन के बीच राजनयिक तथा सैन्य स्तर पर नियमित संवाद की व्यवस्था मौजूद है और इन बैठकों का उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों में शांति बनाए रखना तथा किसी भी तरह के तनाव को बढ़ने से रोकना है।इसे भी पढ़ें: Lowy Institute Asia Power Index: भारत तीसरी सबसे बड़ी ताकत, PM Narendra Modi दूसरे सबसे प्रभावी नेता बनेदेखा जाये तो इस बातचीत की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि यह बैठक ऐसे समय हुई है जब अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में भारतीय और चीनी सैनिकों की बड़ी संख्या में तैनाती है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिवाली के तत्काल बाद 8 नवंबर से शुरू हुई यह बातचीत बीच में थोड़े अंतराल के साथ करीब 10 दिनों तक चली। भारतीय पक्ष का नेतृत्व सेना की थ्री कॉर्प्स यानी स्पीयर कॉर्प्स के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल गिरिश कालिया ने किया। उनके साथ विदेश मंत्रालय का एक अधिकारी भी मौजूद था। दूसरी ओर चीनी सेना के उनके समकक्ष अधिकारी और अन्य सैन्य प्रतिनिधि बातचीत में शामिल हुए।इस बैठक का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह था कि दोनों सेनाओं के बीच जमीनी स्तर पर टकराव रोकने के लिए संवाद के स्पष्ट नियम तय करने पर जोर दिया गया। सीमा पर गश्त के दौरान सैनिकों के आमने-सामने आने, एक-दूसरे की गतिविधियों को लेकर गलतफहमी पैदा होने और स्थानीय स्तर पर तनाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए दोनों पक्षों के बीच संचार व्यवस्था को खुला रखने पर चर्चा हुई। सर्दियों के पूरी तरह शुरू होने से पहले सीमा पर तनाव कम करना भी इस बातचीत का एक प्रमुख उद्देश्य था। अरुणाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में सर्दियों के दौरान मौसम बेहद कठोर हो जाता है और सैन्य रसद तथा सैनिकों की तैनाती अपने आप में बड़ी चुनौती बन जाती है।दरअसल, यह बातचीत अचानक शुरू नहीं हुई। इससे पहले 6 और 7 सितंबर को भारत और चीन के सैन्य कमांडरों की पहली बैठक अरुणाचल प्रदेश के वाचा-दामाई सीमा क्षेत्र में हुई थी। यह बैठक अपर सुबनसिरी जिले के तवांग से अलग स्थित तक्षिंग इलाके में तनाव की खबरों के बाद आयोजित की गई थी। वाचा, किबिथू सेक्टर में भारत का सबसे पूर्वी सीमा कार्मिक बैठक केंद्र है। सितंबर की बैठक के बाद नवंबर में दूसरी बार सैन्य कमांडरों का आमने-सामने बैठना बताता है कि भारत पूर्वी सेक्टर में सीमा संबंधी तनाव को लेकर लगातार सक्रिय है।देखा जाये तो इस पूरे घटनाक्रम की एक बड़ी पृष्ठभूमि चीन का मैकमोहन रेखा को मान्यता देने से इंकार करना है। वर्ष 1914 में ब्रिटिश भारत और तिब्बत के बीच तय हुई मैकमोहन रेखा अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा की वास्तविक आधाररेखा है, लेकिन बीजिंग इसे स्वीकार नहीं करता। चीन इसी विवादित दावे के आधार पर अरुणाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में अपनी गतिविधियों को उचित ठहराने की कोशिश करता रहा है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू भी कह चुके हैं कि चीन मैकमोहन रेखा को नहीं मानता, इसलिए सीमा पर अतिक्रमण की घटनाएं होती रहती हैं।अक्टूबर में सेवानिवृत्ति से ठीक पहले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के तत्कालीन महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने भी अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भारतीय और चीनी सैनिकों के आमने-सामने आने की बात कही थी। विदेश मंत्रालय ने उस समय स्पष्ट किया था कि जब चीनी सैनिक स्थापित गश्त पैटर्न से अलग गतिविधियां करते हैं, तब वास्तविक नियंत्रण रेखा पर स्थिति प्रभावित होती है।इस सैन्य बातचीत से पहले अगस्त में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच बीजिंग में सीमा विवाद को लेकर विशेष प्रतिनिधि स्तर की बैठक भी हुई थी। यानी सैन्य और कूटनीतिक, दोनों मोर्चों पर बातचीत का सिलसिला जारी है।देखा जाये तो भारत और चीन के रिश्तों में गलवान संघर्ष के बाद पैदा हुई अविश्वास की स्थिति अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। लद्दाख में अक्टूबर 2024 के समझौते के बाद संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिशें जरूर हुई हैं, लेकिन अरुणाचल प्रदेश में जारी गतिविधियां बताती हैं कि सीमा विवाद की जड़ें अब भी कायम हैं। भारत ने एक ओर सैन्य तैयारियों और सीमा पर बुनियादी ढांचे को मजबूत किया है, तो दूसरी ओर सैन्य कमांडरों के स्तर पर चीन के साथ बातचीत का रास्ता भी खुला रखा है।बहरहाल, अरुणाचल प्रदेश में हुई यह दूसरी सैन्य वार्ता इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा है। भारत का जोर स्पष्ट है। सीमा पर शांति तभी संभव है जब चीन भी निर्धारित गश्त व्यवस्था और सीमा प्रबंधन से जुड़े नियमों का पालन करे। बातचीत की मेज पर भारत की मौजूदगी और सीमा पर उसकी सैन्य तैयारियां, दोनों साथ-साथ चल रही हैं।
    Click here to Read more
    Prev Article
    Constitution Day पर Mallikarjun Kharge ने Yogi सरकार को घेरा, बोले, राहुल गांधी की परछाई से भी डरती है BJP!
    Next Article
    Delhi में 27 नवंबर से BJP राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक, 2027 चुनावों पर बनेगी रणनीति

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment