Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Sheikh Hasina की वापसी योजना के बीच Bangladesh में BNP और जमात की रैलियां

    3 hours from now

    1

    0

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की देश वापसी की योजना को लेकर देश भर में उपजे राजनीतिक तनाव के बीच सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और विपक्षी दल जमात-ए-इस्लामी तथा नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) ने दिसंबर में देशभर में रैलियां और जनसभाएं करने की तैयारी शुरू कर दी है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों दलों ने शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों को दोबारा शुरू करने की किसी भी कोशिश का विरोध करने के लिए सड़कों पर सक्रिय रहने का फैसला किया है। बांग्लादेश में हसीना की पार्टी अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा हुआ है।ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, राजनीतिक तनाव को देखते हुए कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है, खास तौर पर सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। बीएनपी नवंबर की शुरुआत से ही देश के अलग-अलग हिस्सों में रैलियां और बैठकें कर रही है। पार्टी ने एक दिसंबर को ढाका के सुहरावर्दी उद्यान में एक बड़ी रैली आयोजित करने का एलान किया है।इस रैली में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री और बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान के दिसंबर महीने के लिए पार्टी के कार्यक्रम की घोषणा करने की उम्मीद है। रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ने इस मुद्दे पर विपक्षी दलों से भी संपर्क किया है, ताकि सभी दलों के बीच एक साझा राजनीतिक रुख तैयार किया जा सके। प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने 23 नवंबर को एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बातचीत की थी।अब उनके जमात-ए-इस्लामी और 11 दलों के गठबंधन में शामिल अन्य पार्टियों के नेताओं से भी मुलाकात करने की संभावना है। नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) ने 31 दिसंबर तक 39 दिनों का कार्यक्रम घोषित किया है। इसके तहत देश के सभी 64 जिलों और 13 महानगरों में रैलियां और बैठकें आयोजित की जाएंगी।पार्टी चटगांव, ढाका और गाजीपुर में पहले ही बड़ी रैलियां कर चुकी है। इस सप्ताह की शुरुआत में प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात के बाद एनसीपी के संयोजक नाहिद इस्लाम ने कहा कि उनकी पार्टी केवल अवामी लीग की वापसी रोकने के लिए लोगों को सड़कों पर नहीं उतारना चाहती। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सरकार से एक दीर्घकालिक रोडमैप तैयार करने की मांग की है।इसमें जनमत संग्रह के फैसले को लागू करने, अवामी लीग के भविष्य और भारत के साथ बांग्लादेश के संबंधों को लेकर स्पष्ट नीति शामिल होनी चाहिए। एनसीपी के संयुक्त संयोजक अरिफुल इस्लाम अदीब ने कहा कि उनकी पार्टी कई मांगों को लेकर आंदोलन करेगी। इनमें अवामी लीग को एक आपराधिक संगठन घोषित कर उसके खिलाफ मुकदमा चलाना, शेख हसीना को सुनाई गई मौत की सजा लागू करना और जुलाई में प्रदर्शनकारियों के नरसंहार से जुड़े मामलों की सुनवाई में तेजी लाना शामिल है।इसके अलावा पार्टी गंगा जल बंटवारा संधि के तहत बांग्लादेश को उसका उचित हिस्सा देने की मांग भी उठाएगी। विपक्षी दल जमात-ए-इस्लामी ने भी दिसंबर में देशभर में 40 दिनों तक रैलियां और बैठकें करने का अलग कार्यक्रम घोषित किया है। पार्टी ढाका और 11 अन्य महानगरों में पहले ही प्रदर्शन कर चुकी है।इन प्रदर्शनों के जरिए उसने कथित तोड़फोड़ और देश में अशांति फैलाने की घटनाओं का विरोध किया है। जमात के महासचिव मियां गुलाम परवार ने कहा कि उनकी पार्टी प्रधानमंत्री की ओर से प्रस्तावित किसी भी बातचीत में शामिल होना चाहती है। इसके लिए वह 11 दलों के गठबंधन में अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर बातचीत करेगी।बीएनपी ने दिसंबर में विजय माह के अवसर पर भी कई कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी के वरिष्ठ संयुक्त महासचिव रूहुल कबीर रिजवी ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के दिसंबर महीने के कार्यक्रमों की घोषणा तारिक रहमान एक दिसंबर को सुहरावर्दी उद्यान में होने वाली रैली के दौरान करेंगे।सत्तारूढ़ बीएनपी के उपाध्यक्ष शम्सुज्जमान डुडू ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता तोड़फोड़ और हिंसा रोकने के लिए कानून लागू करने वाली एजेंसियों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य फासीवाद विरोधी राजनीतिक दल भी सड़कों पर सक्रिय रहेंगे। पार्टी नेताओं के मुताबिक, दिसंबर में होने वाले इन कार्यक्रमों में केवल शेख हसीना और अवामी लीग का मुद्दा ही नहीं उठाया जाएगा, बल्कि अन्य राजनीतिक सवालों पर भी चर्चा होगी।साथ ही बांग्लादेश के विजय दिवस से जुड़े आयोजन भी किए जाएंगे। गौरतलब है कि 16 दिसंबर बांग्लादेश का विजय दिवस है। इसी दिन 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर बांग्लादेश की जीत हुई थी।शेख हसीना ने इसी तारीख को स्वदेश लौटने की योजना बनाई है। हसीना के प्रवक्ता ने इस सप्ताह जारी एक बयान में बताया था कि उन्होंने बांग्लादेश सरकार से नयी दिल्ली से ढाका तक राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से अपनी वापसी की यात्रा का इंतजाम करने का अनुरोध किया है। हसीना 5 अगस्त 2024 से भारत में रह रही हैं।उस दिन छात्र आंदोलन के कारण उनकी 15 साल पुरानी सरकार गिर गई थी और उन्हें देश छोड़ना पड़ा था। नवंबर 2025 में बांग्लादेश की अदालत ने 2024 में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि, हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है।बांग्लादेश सरकार लगातार भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। ढाका का कहना है कि दोनों देशों के बीच हुए प्रत्यर्पण समझौते के तहत हसीना को वापस बांग्लादेश भेजा जाना चाहिए। वहीं, भारत ने कहा है कि बांग्लादेश की मांग पर कानूनी प्रक्रिया के तहत विचार किया जा रहा है।यह मुद्दा दोनों देशों के रिश्तों में तनाव का कारण बना हुआ है। शेख हसीना पहले ही कह चुकी हैं कि वह बांग्लादेश लौटकर अदालत के सामने आत्मसमर्पण करना चाहती हैं। उनकी वापसी की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए उनके वकीलों ने पहले नयी दिल्ली स्थित बांग्लादेश मिशन से संपर्क किया था।उन्होंने हसीना के लिए नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की मांग की थी। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने इस महीने की शुरुआत में नए यात्रा दस्तावेज जारी करने के उनके अनुरोध को खारिज कर दिया था। इस फैसले के बाद बांग्लादेश में अशांति और राजनीतिक तनाव बढ़ गया।अब 16 दिसंबर को हसीना की प्रस्तावित वापसी से पहले बीएनपी, जमात-ए-इस्लामी और एनसीपी ने अपने-अपने आंदोलन और रैलियों की तैयारी तेज कर दी है। ऐसे में दिसंबर का महीना बांग्लादेश की राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    संसद सत्र से पहले Shiv Sena UBT ने सांसदों को जारी किया Whip, 29 नवंबर को दिल्ली में बैठक
    Next Article
    Raj Thackeray का तंज, परिसीमन पर NCP SP का रुख सत्ता की सीढ़ियां चढ़ने की कोशिश

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment