Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    एक्सीडेंट ने खोला 41 लाख की लूट का राज:भोपाल से 4 बदमाश फिरोजाबाद पहुंचे, 2 घंटे में 118KM दौड़ाई कार; बैग से मिला क्लू

    8 hours ago

    1

    0

    फिरोजाबाद में पशु व्यापारियों की कार से 41 लाख रुपए लेकर भागे चार बदमाश मुरैना में सड़क हादसे के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गए। मामला 15 सितंबर का है। रात करीब 2 बजे वारदात के बाद आरोपी कार से ग्वालियर की तरफ भागे थे। करीब दो घंटे में 118 किमी का सफर तय करने के बाद सुबह 4 बजे मुरैना में फ्लाईओवर पर ओवरटेक के दौरान उनकी कार ट्रक से जा भिड़ी। हादसे के बाद चारों बदमाश घायल हालत में कार में फंस गए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा नेता अर्जुन तोमर मदद के लिए रुके। घायलों ने उनसे कार से बैग निकालकर देने को कहा। एक बैग उठाने पर सख्त और भारी लगा तो तोमर को शक हुआ। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तलाशी में बैगों से 41 लाख रुपए कैश मिले। कार से पिस्टल, खंजर और काले रंग के मास्क भी बरामद हुए। 10 दिन रैकी, फिर भोपाल से बुलाए चार बदमाश सीओ सिटी फिरोजाबाद संतोष सिंह ने कहा- भोपाल निवासी राज करीब 10 दिन पहले फिरोजाबाद में रिश्तेदारों के यहां आया था। इसी दौरान उसने पशु व्यापारी जान मोहम्मद, रहीश और अनीश की गतिविधियों पर नजर रखी। उसने देखा कि व्यापारी सुबह की हाट में जल्दी पहुंचने के लिए रात करीब 2 बजे बड़ी रकम लेकर घर से निकलते हैं। राज ने यह जानकारी भोपाल के चार बदमाशों- रिहान (22), खालिद (40), अरसव (35) और आबिद (27) से साझा की। उन्हें फिरोजाबाद बुलाया। इनमें अरसव और आबिद भोपाल के निगरानीशुदा बदमाश हैं। फोन लेने लौटे व्यापारी, बदमाशों ने निकाले बैग 14 सितंबर को फिरोजाबाद में व्यापारी कार से रात दो बजे बाजार के लिए निकले। करीब 20 मीटर आगे जाने के बाद इनमें से एक व्यापारी को याद आया कि उसका मोबाइल घर पर छूट गया है। कार वापस लौटाई गई। वह फोन लेने चला गया, जबकि दो व्यापारी बाथरूम के लिए थोड़ा आगे निकल गए। इसी दौरान बदमाशों ने कार से कैश से भरे दो बैग निकाल लिए और फरार हो गए। दोनों बैग में कुल 41 लाख रुपए थे। व्यापारियों को कुछ समझ आता, इससे पहले आरोपी कार लेकर निकल चुके थे। सूचना मिलने के बाद फिरोजाबाद पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया। आरोपी टूंडला पार कर मध्य प्रदेश की तरफ बढ़ गए। 118 किमी दूर मुरैना में ट्रक से भिड़ी बदमाशों की कार फिरोजाबाद पुलिस की घेराबंदी से निकलने के बाद आरोपी लगातार तेज रफ्तार से ग्वालियर की ओर बढ़ रहे थे। उन्होंने करीब 118 किमी की दूरी लगभग दो घंटे में तय की। 15 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे मुरैना के कोतवाली थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर ओवरटेक करने के दौरान उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। कार सवार चारों बदमाश घायल हो गए। इसी दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र की एफआरवी वहां से गुजरी। पुलिसकर्मियों ने दुर्घटना देखकर एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। कुछ देर बाद भाजपा नेता अर्जुन तोमर भी वहां पहुंच गए। वे अपने दोस्त अशोक परमार के साथ बाइक से मचकुंड की ओर जा रहे थे। घायल बोला- बैग उठा दो, उसमें कपड़े हैं अर्जुन तोमर के मुताबिक, घायलों ने खुद को भोपाल का रहने वाला बताया। काली शर्ट पहने एक युवक ने उनसे कार से बैग निकालने के लिए कहा और बताया कि उसमें कपड़े हैं। घायल होने के बावजूद उसका पूरा ध्यान बैग पर था। तोमर ने एक बैग उठाया तो वह सख्त लगा। उन्हें शक हुआ कि इसमें कोई कीमती सामान हो सकता है। इसी बीच दूसरे घायल ने एक और बैग होने की जानकारी दी। तोमर ने दोनों बैग पुलिस को सौंप दिए और उन्हें अपने पास रखने के लिए कहा। एंबुलेंस के रवाना होने के बाद वे वहां से चले गए। पुलिस ने जब बैगों की तलाशी ली तो उनमें नोटों की गड्डियां मिलीं। इसके बाद हादसा महज सड़क दुर्घटना का नहीं रहा। पुलिस ने घायलों से पूछताछ शुरू की और फिरोजाबाद पुलिस से संपर्क किया। यहीं से 41 लाख रुपए की चोरी की पूरी कड़ी सामने आई। पुलिस ने पहचान पूछी तो काट दिया कॉल हादसे के बाद पुलिस ने घायलों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। कॉलिंग लिस्ट में ऊपर मौजूद नंबरों पर संपर्क किया। पुलिस जब फोन उठाने वालों से घायलों की पहचान पूछती तो कॉल काट दी जाती। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि घायलों के रिश्तेदारों को हादसे की जानकारी मिल चुकी है। उन्होंने मुरैना में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को अस्पताल पहुंचने के लिए कहा था। मुरैना पुलिस ने कार, नकदी और हथियारों की जानकारी फिरोजाबाद पुलिस को दी। इसके बाद फिरोजाबाद पुलिस की टीम आगे की कार्रवाई के लिए मुरैना पहुंची। जांच के दौरान सामने आए पुराने आपराधिक रिकॉर्ड फिरोजाबाद पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। खालिद कुरैशी के खिलाफ भोपाल में जुआ, मारपीट और चोरी से जुड़े पुराने मामले पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हैं। वह अशोका गार्डन क्षेत्र का निगरानीशुदा बदमाश बताया जा रहा है। बाकी आरोपियों के पुराने मामलों और उनके आपसी संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। ATM क्लोनिंग से लेकर 41 लाख की लूट तक जांच पुलिस रिकॉर्ड से आरोपी आबिद के संबंध में ATM क्लोनिंग से जुड़े पुराने मामलों का भी पता चला है। अब जांच का एक अहम हिस्सा यह पता लगाना है कि क्या वह किसी पुराने अंतरराज्यीय अपराध नेटवर्क से जुड़ा रहा है और क्या उसका संपर्क इस वारदात की योजना से भी था। फिलहाल पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, आपसी संपर्क, फिरोजाबाद से मुरैना तक उनकी आवाजाही और पुराने केस रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। दो राज्यों से जुड़ी कड़ियां खंगाल रही पुलिस वारदात की शुरुआत उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से हुई, आरोपी मध्य प्रदेश के मुरैना में हादसे के बाद पकड़े गए और उनका संबंध भोपाल से सामने आया है। ऐसे में जांच का दायरा उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल क्षेत्र तक पहुंच गया है। रसूलपुर थाने के प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा- पुलिस यह पता लगाने में भी जुटी है कि वारदात के पीछे सिर्फ चार लोगों की भूमिका थी या इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है। रैकी करने वाले युवक से लेकर भोपाल से बुलाए गए आरोपियों तक की कड़ियों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    ‘एक साल से रिलेशनशिप में थे, धर्म हिंदू बताया था’:लखनऊ में कार पर लटकने वाली पीड़िता बोली- क्लब में मिले थे
    Next Article
    आगरा से स्क्रैप लोड किया, कागज झारखंड के दिखाए:फर्जी बिल-बिल्टी से GST चोरी की कोशिश, 5 पर FIR

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment