Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    योगी से बच्चे की मां बोली-छटपटा रहा था मेरा बाबू:CM ने कहा- ये हत्या है; अखिलेश की सपाइयों से अपील- मेरा स्वागत बुलडोजर से न करें

    6 hours ago

    1

    0

    गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान बुलडोजर से हुई भाजपा नेता के बेटे की मौत पर सियासत तेज हो गई है। गुरुवार शाम सीएम योगी परिवार से मिलने पहुंचे। करीब 15 मिनट परिवार के साथ रहे। रो रही बच्चे की मां ने कहा- मेरा बाबू बुलडोजर के नीचे छटपटा रहा था। उसी में फंस गया था। इस पर योगी ने कहा- यह हत्या है, कड़ी कार्रवाई होगी। योगी ने कहा- सड़कें चलने के लिए होती हैं, अराजकता फैलाने के लिए नहीं। प्रदेश को पहले माफियाओं ने तबाह किया और अब फिर गुंडागर्दी करने की कोशिश हो रही है। यूपी में इस तरह की हरकतें नहीं चलेंगी। सरकार परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है। योगी ने और क्या कहा, 6 पॉइंट में पढ़िए इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से भविष्य में बुलडोजर से स्वागत नहीं करने को कहा। अखिलेश ने कहा- मैं अपने समाजवादी साथियों से कहूंगा कि भविष्य में बुलडोजर से स्वागत न करें। हमारा कोई कॉम्पिटिशन नहीं है। सच्चाई तो यह है कि बुलडोजर के अंदर कोई दिमाग नहीं होता, उसे ड्राइवर चलाता है। हादसा बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे झारखंडी मोड़ के पास हुआ था। छात्र आर्यवर्धन अपनी बहन को लेने पैदल चौराहे की ओर जा रहा था। तभी वह जेसीबी की चपेट में आकर घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मामले में एम्स थाने में जेसीबी चालक और आयोजक समेत 66 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। अखिलेश बोले- हादसे पर राजनीति की जा रही अखिलेश यादव ने X पर लिखा- हादसे में मासूम की मौत से हम सभी आहत हैं। पीड़ित परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हरसंभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करने वाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी मां के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी। शोक का नाटक करने वालों का स्वांग जनता समझ चुकी है। वीडियो जारी कर CM के आरोपों पर उठाए सवाल अखिलेश यादव ने एक वीडियो जारी करते हुए X पर लिखा- इसमें साफ दिख रहा है कि घटनास्थल पर न कोई रोड शो था और न ही रैली। इसके बावजूद मुख्यमंत्री हादसे का दोष दूसरों पर मढ़ रहे हैं। इस मामले में राजनीति करने से मृतक के शोक में डूबे परिवार के साथ भी अन्याय हो रहा है। अखिलेश ने हादसे की सर्वोच्च स्तर पर जांच कराने की मांग की। राजभर बोले- करा आए बेइज्जती, कर लिया सड़कों पर तांडव? कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भी X पर पोस्ट कर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। लिखा- मित्र अखिलेश यादव जी, करा आए बेइज्जती गोरखपुर में? कर लिया सड़कों पर तांडव? इसी तांडव के बीच गोरखपुर में आपके गुंडों ने एक मासूम की जान ले ली। सड़क पर कूद-फांद कर रहे आपके लोडरों के कारण 14 साल के मासूम को जान गंवानी पड़ी। आपके रोड शो के बुलडोजर ने आर्यवर्धन की जान ली है। सही बात है, बुलडोजर सबसे नहीं संभलता। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच कराने और घटना में शामिल लोगों पर हत्या का मुकदमा चलाने की मांग की। राजभर ने अखिलेश यादव पर घटना के बाद दुख और संवेदना नहीं जताने का आरोप भी लगाया। संजय निषाद ने फोन पर हालचाल जाना निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने भी फोन पर पीड़ित परिवार का हालचाल जाना। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा- निषाद पार्टी कभी भी लाशों पर राजनीति नहीं करती। डॉ. निषाद ने विधायक को तत्काल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अब जानिए हादसा कैसे हुआ… गोरखपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के स्वागत के लिए रोड शो के दौरान 4 बुलडोजर लगाए गए थे। एक पर फूलों की बड़ी माला लटकाई गई थी, दूसरे पर ‘जेन-Z के फेवरेट अखिलेश’ का पोस्टर लगाया गया था। बुधवार को रोड शो से लौटते समय एक बुलडोजर की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 साल के बेटे आर्यवर्धन की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बुलडोजर छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने बुधवार को हादसे में शामिल बुलडोजर (UP-53-ET-6053)और फिर गुरुवार को बाकी 3 बुलडोजरों भी कब्जे में ले लिया। एम्स थाने की पुलिस ने जेसीबी चालक, सपा नेता साधू यादव उर्फ साधू भइया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू, योगेश यादव, चंद्र प्रकाश और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। FIR में नाम आने पर सपा नेता साधू यादव ने दैनिक भास्कर से कहा कि उन्होंने कोई जेसीबी नहीं मंगाई थी। गलतफहमी में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। साधू यादव की पत्नी पहले कैंपियरगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। इस बार साधू यादव ने खुद विधानसभा चुनाव का टिकट मांगा है। वहीं, एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि एम्स क्षेत्र में सपा के रोड शो के दौरान चल रहे बुलडोजर की बाइक से टक्कर हुई थी। इसमें बालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा- 10 का छात्र था। अब जानिए भाजपा नेता ओंकार सिंह के बारे में ओंकार सिंह भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग में जिला सह संयोजक हैं। वह मूल रूप से गोरखपुर के चौरी चौरा क्षेत्र स्थित राजधानी गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में उनका परिवार झारखंडी स्थित आवास विकास कॉलोनी में रहता है। ओंकार सिंह के दादा शिव संपत सिंह श्रीनेत भी राजनीति से जुड़े रहे हैं। उनके परिवार में पत्नी अर्चना, बेटी समृद्धि, दो बेटे आर्यवर्धन और कीर्तिवर्धन थे। ओंकार सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2 बजे उनका बेटा अपनी बहन समृद्धि को लेने चौराहे की ओर जा रहा था। इसी दौरान रोड शो से लौट रहे बुलडोजर की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। DM ने दिया कार्रवाई का आश्वासन डीएम दीपक मीणा ने बताया कि घरवालों की मांगों को गंभीरता से लिया गया है। कड़ी कार्रवाई की जाएगी। झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की मांग पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि हादसे के मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। जेसीबी चालक और आयोजक की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ---------------------------- ये खबर भी पढ़ें- योगी बोले-सपा के रोड शो में मासूम की हत्या हुई, ये कुत्ते की पूंछ जैसे, डंडे से ही सीधे होंगे गोरखपुर में सीएम योगी ने कहा- कल सपा का रोड शो था। एक नाबालिग लड़के को उन्होंने अपने रोड शो का शिकार बना दिया। उसकी हत्या कर दी गई। वह पढ़ाई करने आया था। आखिर उस 12-13 साल के मासूम की गलती क्या थी? पढ़ें पूरी खबर….
    Click here to Read more
    Prev Article
    आजम खान सपा ऑफिस पहुंचे, कहा- मैं अभी जिंदा हूं:ओवैसी पर तंज-दाढ़ी रखने से कोई मौलाना नहीं होता, हमें हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं
    Next Article
    यूपी दिनभर,15 बड़ी खबरें:आजम बोले- तोप का लाइसेंस मांगोगे, कट्टे का मिल जाएगा, मां संग जिंदा जलीं 2 बेटियां, मुस्लिम गर्लफ्रेंड के प्रेमी का सुसाइड

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment