Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    क्रिकेटर मो. शमी ने नितिन नवीन से मुलाकात की:अमरोहा से चुनाव लड़ सकते, ढाई महीने पहले जयंत चौधरी से मिले थे

    8 hours ago

    1

    0

    भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे। शमी और नितिन नवीन के बीच करीब आधे घंटे बातचीत हुई। कुंवर बासित अली ने शनिवार रात हुई इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया। उन्होंने कहा कि मोहम्मद शमी युवाओं में काफी लोकप्रिय हैं। हालांकि, उनके भाजपा ज्वाइन करने या चुनाव लड़ने को लेकर अभी कोई बात नहीं हुई है। मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इससे पहले 20 सितंबर को शमी ने राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात की थी। मोहम्मद शमी उत्तर प्रदेश के अमरोहा के रहने वाले हैं। सूत्रों का कहना है कि शमी को जयंत चौधरी अमरोहा से विधानसभा चुनाव लड़वा सकते हैं। सपा ने विधायक महबूब अली को फिर से टिकट दिया है। शमी के भाई बोले- समय आने दीजिए, सबकुछ बताएंगे इस सियासी मुलाकात पर मोहम्मद शमी के बड़े भाई मोहम्मद हसीब से दैनिक भास्कर ने बात की। आरएलडी या भाजपा में जाने की बात पर उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। समय आने पर सब कुछ बताया जाएगा। क्यों राजनीति में एंट्री कर सकते हैं शमी, जानिए शमी ने 6 नवंबर 2026 को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। भारत के लिए आखिरी इंटरनेशनल मैच 9 मार्च 2025 को न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेला था। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 9 विकेट लिए और ICC की ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ में भी चुने गए। इसके बाद से वह भारतीय टीम से बाहर हैं। 2025-26 के घरेलू सीजन में बंगाल की ओर से रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शमी ने कुल 67 विकेट लिए। इसके बावजूद सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ घोषित वनडे टीम में उन्हें जगह नहीं मिली। इस तरह वह करीब डेढ़ साल से भारतीय टीम से बाहर हैं। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में उनकी राजनीति में एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शमी के राजनीति में आने की संभावना 3 वजहों से बन रही शमी ने अभी तक भारतीय क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है। इसलिए उनके राजनीति में आने की संभावित टाइमिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, इसके पीछे 3 कारण हैं- 1. भाजपा के करीब आने के लिए RLD का सहारा लेंगे : RLD इस समय NDA गठबंधन का हिस्सा है। सीधे भाजपा में जाने से मुस्लिम समुदाय में शमी की छवि को लेकर कई तरह के सवाल उठ सकते थे। वहीं, RLD की पहचान किसान, जाट और मजहबी सौहार्द की रही है। इसीलिए RLD शमी के लिए NDA के पाले में जाने का सबसे सुरक्षित और सहज 'पॉलिटिकल ब्रिज' साबित हो सकती है। 2. कानूनी मामलों से निपटने के लिए सत्ता को गले लगाएंगे : शमी के छोटे भाई मोहम्मद कैफ पर लखनऊ की एक युवती ने रेप के आरोप लगाए हैं। इसे लेकर उनका परिवार कानूनी उलझनों का सामना कर रहा है। पुलिस और प्रशासनिक दबाव से निपटने के लिए शमी सत्ता के करीब आना चाहते हैं। 3. 36 साल उम्र, गेंदबाजी में लंबा करियर नहीं : शमी तेज गेंदबाज हैं। उनकी उम्र 36 साल हो चुकी है। इंडियन क्रिकेट टीम में तेज गेंदबाज के लिए 35 साल के बाद सिलेक्शन के चांस कम होते जाते हैं। तुर्क-मुस्लिम बिरादरी पर पकड़ बना सकते हैं शमी मोहम्मद शमी मूल रूप से अमरोहा जिले की सहसपुर अलीनगर तहसील के रहने वाले हैं। पश्चिमी यूपी के अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, बिजनौर, मेरठ और बुलंदशहर उनके प्रभाव वाले मुख्य जिले हैं। अमरोहा सीट पर सवा 3 लाख से ज्यादा वोटरों में लगभग 2 लाख मुस्लिम मतदाता हैं। इनमें 70 हजार से ज्यादा तुर्क बिरादरी है, जिससे शमी का परिवार खुद आता है। अमरोहा सीट पर 2002 से सपा के कद्दावर नेता महबूब अली का कब्जा रहा है। 2022 में भी उन्होंने भाजपा के राम सिंह को हराया था। अगर शमी या उनके परिवार का चेहरा NDA के पास आता है, तो सपा के इस अजेय किले में सीधी सेंध लग सकती है। पॉलिटिक्स में 'सेलिब्रिटी इमेज' का मिलेगा फायदा भारत में क्रिकेट और बॉलीवुड के सितारों का राजनीति में आना नया नहीं है। मोहम्मद शमी को अपनी 'स्पोर्ट्स स्टार' वाली छवि का सीधा फायदा मिल सकता है। देश के लिए उनकी गेंदबाजी और 2023 वर्ल्ड कप के प्रदर्शन ने उन्हें हर धर्म और वर्ग के लोगों के बीच लोकप्रिय बनाया है। जो युवा वोटर पार्टी लाइन या जातिगत राजनीति से हटकर सोचते हैं, वे शमी जैसे युवाओं के चहेते खिलाड़ी के नाम पर आकर्षित हो सकते हैं। भाजपा-RLD गठबंधन को यह साबित करने में आसानी होगी कि वे केवल एक वर्ग को नहीं, बल्कि देश का नाम रोशन करने वाले मुस्लिम प्रतीकों को भी साथ लेकर चल रहे हैं। क्या सपा के मुस्लिम वोटबैंक में सेंध लगाना चाहती है RLD जयंत चौधरी की पार्टी RLD की राजनीति मुख्य रूप से जाटों और किसानों के इर्द-गिर्द रही है। 2024 के चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन के बाद पार्टी का पारंपरिक जाट-मुस्लिम समीकरण कुछ हद तक कमजोर हुआ। ऐसे में अखिलेश यादव की सपा और कांग्रेस गठबंधन की काट के लिए RLD को एक बड़े मुस्लिम चेहरे की जरूरत महसूस हो सकती है। शमी सिर्फ मुस्लिम चेहरा नहीं, बल्कि वर्ल्ड कप के हीरो और राष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय क्रिकेटर हैं। मुस्लिम युवाओं के बीच उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग है। RLD शमी के जरिए यह संदेश देने की कोशिश कर सकती है कि NDA में रहते हुए भी वह मुस्लिम समुदाय के हितों और प्रतिनिधित्व की बात करती है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    आकाश आनंद का मंच पर मायावती जैसा रुतबा:सोना जड़ी पगड़ी, चांदी का मुकुट पहनाया; मंच पर सिर्फ एक सोफा रखा
    Next Article
    बेटे ने मां-बाप को कार से कुचलकर मार डाला:बहन की हालत गंभीर, मैनपुरी में झगड़े की शिकायत कर थाने से लौट रहे थे

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment