Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    कानपुर के हिंदू सम्मेलन में जुटे संत और धर्मगुरु:बोले-राजनैतिक लोग तुष्टिकरण के लिए हिंदुओं पर अटैक कर रहे, ज्ञान का अभाव ही धर्मांतरण

    1 hour ago

    1

    0

    कानपुर में हिंदू समाज की मजबूती केवल व्यक्तिगत धार्मिक आस्था से नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक चेतना और सभी जातियों के बीच आपसी सम्मान से संभव है। जातिगत मतभेदों से ऊपर उठकर समाज को एकजुट होने और अपनी सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने की जरूरत है। इसकी शुरुआत घर और परिवार से होनी चाहिए। यह बात रविवार को बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के चौथे दिन विराट हिंदू सम्मेलन में मुख्य वक्ता अशोक बेरी ने कही। सम्मेलन में अलग-अलग धर्मों के प्रतिनिधियों, संतों और महामंडलेश्वरों ने सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण, शिक्षा और सेवा के महत्व पर विचार रखे। विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने दिया सद्भावना का संदेश आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल सदस्य अशोक बेरी ने कहा कि समाज को अपनी जड़ों, महापुरुषों और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक होना होगा। देश में होने वाली घटनाओं पर परिवारों में चर्चा होनी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी भी सामाजिक और राष्ट्रीय विषयों को समझ सके। उन्होंने यहूदी समुदाय का उदाहरण देते हुए कहा कि देश और अपनी जमीन से बिछड़ने के बावजूद उस समुदाय ने अपनी पहचान और वापसी के संकल्प को पीढ़ियों तक जीवित रखा। लगभग 1800 वर्षों तक 72 पीढ़ियों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान नहीं भुलाई। इसी तरह हिंदू समाज को भी अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सजग रहना चाहिए। नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने पर दिया जोर उन्होंने कहा कि अलग-अलग पूजा पद्धतियां होने के बावजूद ईश्वर के प्रति आस्था और देश के प्रति श्रद्धा सभी को जोड़ती है। सभी जातियों के महापुरुषों और देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों का सम्मान होना चाहिए। जातियों के बीच टकराव समाज की कमजोरी है। सामाजिक एकता स्थापित करने की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। अलग-अलग धर्मों के प्रतिनिधियों ने रखे विचार सम्मेलन में जैन धर्म के प्रतिनिधि ने अनेकांत, स्यादवाद और अपरिग्रह के सिद्धांतों की व्याख्या की। उन्होंने हाथी और दृष्टिहीन व्यक्तियों के उदाहरण से समझाया कि सत्य के अलग-अलग अनुभव हो सकते हैं। किसी एक दृष्टिकोण को ही संपूर्ण सत्य मानना उचित नहीं है। सभी के विचारों को समझने और उनका सम्मान करने से समाज में सहिष्णुता बढ़ती है। एक मंच पर जुटे संत और धर्मगुरु सिख समाज के ग्रंथी सुरेंद्र पाल सिंह ने गुरु नानक देव से लेकर गुरु गोविंद सिंह तक दस सिख गुरुओं के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं ने भारत भूमि और धर्म की रक्षा के लिए बलिदान दिए। उस दौर में समाज जाति-पाति में बंटा हुआ था। गुरुओं ने इन कमियों को दूर करने और लोगों को एकजुट करने के प्रयास किए। उन्होंने नाम जपने, मेहनत से कमाने और मिल-बांटकर खाने की शिक्षा को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। हिंदू सम्मेलन में एकजुटता का दिया संदेश इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष प्रशांत प्रभु ने कहा कि आधुनिक शिक्षा और रोजगार के साथ युवाओं को भारतीय संस्कृति और भगवद्गीता का ज्ञान देना भी जरूरी है। विदेश जाने वाले युवा अपनी संस्कृति और संस्कारों को भी साथ लेकर जाएं। केवल आर्थिक रूप से सक्षम बनना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों को समझना भी जरूरी है। अखिल भारतीय पटेल महासभा के अध्यक्ष अनिल पटेल ने सामाजिक एकता के लिए सद्भावना और आपसी संवाद पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की समस्याओं का समाधान एक साथ बैठने और भोजन करने से भी निकल सकता है। लोगों को आपसी दूरियां मिटाकर एक-दूसरे के साथ खड़ा होना चाहिए। धर्मांतरण रोकने के लिए शास्त्रों और संस्कृति का ज्ञान जरूरी परमट मंदिर के महंत देवानंद गिरी महाराज ने कहा कि सम्मेलन में सनातन के विभिन्न विचारों और परंपराओं को मानने वाले लोग एक मंच पर जुटे हैं। इसका उद्देश्य सद्भावना, लोक कल्याण और परहित की भावना को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि समाज में कोमलता, सौम्यता और दूसरों के हित की भावना विकसित होनी चाहिए। जब व्यक्ति अपने विवेक और ज्ञान के प्रति जागरूक नहीं होता, तब वह अपनी परंपराओं से दूर होने लगता है। उन्होंने धर्मांतरण के संदर्भ में कहा कि ज्ञान का अभाव इसका एक कारण है। लोगों को अपने शास्त्रों, पूर्वजों और धार्मिक परंपराओं की जानकारी होनी चाहिए। जब व्यक्ति अपनी संस्कृति को समझेगा, तभी उसके प्रति जागरूक और मजबूत बनेगा। बौद्ध धर्म की ओर से डॉ. वीरेंद्र कुमार दोहरे ने भगवान गौतम बुद्ध, संत रविदास और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने संविधान और कानून के संदर्भ में अपनी बात रखते हुए सभी धर्मों की उपासना पद्धतियों का सम्मान करने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार भी दे रही संस्था रामचंद्र गुप्ता ने जाति-पाति के भेदभाव को समाप्त कर सामाजिक समरसता स्थापित करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि वेदों, पुराणों और धार्मिक ग्रंथों के हिंदी साहित्य के माध्यम से लोगों को अपनी संस्कृति से परिचित कराया जाना चाहिए। वहीं, वरुणकारी सेवा समिति के वक्ता ने बताया कि संस्था पिछले 12 वर्षों से श्रमिक बस्तियों के बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने का काम कर रही है। कानपुर में संचालित तीन केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई के साथ भारतीय परंपराओं और धार्मिक ज्ञान से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे इन केंद्रों पर बच्चों के बीच जन्मदिन और अन्य पारिवारिक आयोजन करके सहयोग करें। इससे बच्चों को प्रोत्साहन मिलेगा और समाज के साथ उनका जुड़ाव भी बढ़ेगा। यह लोग रहे मौजूद कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद बृजलाल और अध्यक्षता कर रहे डॉ. उमेश पालीवाल ने भी सहभागिता की। मंच पर अरुण वाल्मीकि, अनिल पटेल, महेश मिश्रा, मनोज भदौरिया, सुरेश सचान, अशोक अग्निहोत्री, गंगा प्रसाद जायसवाल, मनमोहन सिंह और किशन केसरवानी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सम्मेलन में वक्ताओं ने एक स्वर में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरूकता और सेवा के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
    Click here to Read more
    Prev Article
    खेत के ट्रांसफार्मर के नीचे मिला युवक का शव:मुजफ्फरनगर में तमंचा, पाइप और बिजली ठीक करने के उपकरण बरामद; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
    Next Article
    ऊंचाहार एक्सप्रेस के सामने ट्रैक पर लेटा युवक, GRP बचाया:अलीगढ़ स्टेशन पर रात की घटना, ट्रेन आते देख ट्रैक पर लेट गया था युवक

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment