Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    अलीगढ़ में पूर्व विधायक के भतीजे को उम्रकैद:बेटे को 10 साल की सजा, 20 साल बाद आया फैसला, जमीनी रंजिश में की थी हत्या

    3 hours ago

    1

    0

    अलीगढ़ के बहुचर्चित नाहर सिंह हत्याकांड में करीब 20 साल बाद शनिवार को अदालत ने फैसला सुनाया। पूर्व विधायक अमर सिंह यादव के परिवार को बड़ा झटका लगा है। उनके भतीजे मोहकम सिंह को हत्या का दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। वहीं, बेटे सतीश को जानलेवा हमले के मामले में 10 साल की जेल हुई। पूर्व विधायक के दूसरे बेटे विजेंद्र समेत तीन आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया। मामले में कुल सात आरोपी थे। इनमें चार को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई गई, जबकि तीन को दोषमुक्त कर दिया गया। जमीन पर कब्जे के विवाद में 4 जनवरी 2007 को हुई इस वारदात ने अलीगढ़ की राजनीति और अपराध जगत में काफी सुर्खियां बटोरी थीं। शनिवार को फैसला सुनाए जाने के दौरान कचहरी परिसर में भारी भीड़ जुटी रही। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया था। सजा सुनाए जाने के बाद चारों दोषियों को जेल भेज दिया गया। 42 बीघा जमीन के सौदे से शुरू हुई थी रंजिश देवी नगला में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। अभियोजन के मुताबिक, राय सिंह और उनके भाइयों ने करीब 12 साल पहले अपनी 42 बीघा जमीन का इकरारनामा और तीन बीघा का मुख्तारनामा नरेंद्र शर्मा के नाम किया था। पूरा भुगतान नहीं होने के कारण जमीन का बैनामा नहीं हुआ था। आरोप था कि नरेंद्र शर्मा ने इसमें से करीब 13 बीघा जमीन दूसरे लोगों को बेच दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया था। घटना से करीब दो महीने पहले सात बीघा जमीन को लेकर समझौता भी हुआ था। प्लॉट पर नींव खोदने के विरोध में हुई थी फायरिंग 4 जनवरी 2007 की सुबह करीब साढ़े 10 बजे राय सिंह, उनके भाई नाहर सिंह और श्रीपाल सिंह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खेतों पर चरी और बरसीम लेने जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने अपने प्लॉट पर नींव खुदवाते हुए सतीश और तनुज को देखा। जमीन पर निर्माण का विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि सतीश और तनुज वहां से चले गए। कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिलों से लौटे। उनके पास राइफल, बंदूक, रिवॉल्वर और तमंचे थे। इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से नाहर सिंह, श्रीपाल सिंह, कुलदीप और किशनपाल घायल हो गए। नाहर सिंह की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। अन्य घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। घटना के दौरान एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग होने से गांव में अफरा-तफरी मच गई थी। एक पक्ष को ब्लॉक प्रमुख परिवार, दूसरे को पूर्व विधायक का समर्थन यह विवाद सिर्फ जमीन तक सीमित नहीं था। देवी नगला के दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक और पारिवारिक समीकरण भी जुड़े थे। एक पक्ष को गंगीरी ब्लॉक प्रमुख परिवार से जुड़े उमेश यादव, महेश यादव और दिनेश यादव का समर्थन हासिल था। वहीं, दूसरे पक्ष में तत्कालीन विधायक अमर सिंह यादव का परिवार था। अमर सिंह यादव उस समय हाथरस जिले की सिकंदराराऊ विधानसभा सीट से विधायक थे। उनके बेटे सतीश और विजेंद्र के अलावा भतीजे मोहकम सिंह के नाम भी इस हत्याकांड में सामने आए थे। यही वजह रही कि यह मामला लंबे समय तक जिले के राजनीतिक और आपराधिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा। हत्या के मुकदमे के साथ दर्ज हुआ था क्रॉस केस नाहर सिंह की मौत के बाद उनके भाई राय सिंह की तहरीर पर क्वार्सी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 05/2007 दर्ज किया गया था। इसमें तनुज उर्फ राजेश, सतीश, विजेंद्र, ओंकार, सुभाष, मोहकम सिंह, नरेंद्र शर्मा, नेमपाल और प्रीतम सिंह को नामजद किया गया था। नरेंद्र शर्मा पर साजिश रचने का आरोप लगाया गया था। घटना के अगले दिन दूसरे पक्ष की ओर से भी हमला करने का आरोप लगाते हुए क्रॉस केस दर्ज कराया गया। इसमें राय सिंह, नाहर सिंह, श्रीपाल सिंह, कुलदीप, किशनपाल, उमेश, महेश, दिनेश और पप्पू समेत दूसरे पक्ष के लोगों को आरोपी बनाया गया था। दूसरे पक्ष के प्रीतम और मोहकम आदि को भी गोली और छर्रे लगने की बात कही गई थी। दोनों मुकदमों में लंबे समय तक न्यायिक प्रक्रिया चली। क्रॉस केस में कुछ आरोपियों को अदालत से दोषमुक्ति मिल चुकी है, जबकि कुछ के खिलाफ ट्रायल अभी जारी है। तीन आरोपियों को मिला संदेह का लाभ अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-02, अलीगढ़ तोष कुमार शर्मा की अदालत में इस मुकदमे का विचारण हुआ। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 11 गवाह पेश किए। अदालत ने गवाहों के बयान, चिकित्सकीय साक्ष्य, घटनास्थल की परिस्थितियों और क्रॉस केस के तथ्यों का परीक्षण किया। बचाव पक्ष ने दलील दी कि घटना की शुरुआत सतीश पर हमले से हुई थी और इसके बाद दोनों पक्षों के बीच संघर्ष हुआ। बचाव पक्ष के लोगों को आई चोटों और निजी प्रतिरक्षा के अधिकार का सवाल भी उठाया गया। अदालत ने कहा कि सिर्फ एक व्यक्ति की मौत के आधार पर सभी आरोपियों को धारा 149 के तहत सामूहिक रूप से हत्या का दोषी नहीं ठहराया जा सकता। प्रत्येक आरोपी की भूमिका और उसके खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों का अलग-अलग मूल्यांकन जरूरी है। अभियोजन पक्ष सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप संदेह से परे साबित नहीं कर सका। इसी आधार पर पूर्व विधायक के बेटे विजेंद्र, ओंकार और नरेंद्र शर्मा को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया। मोहकम को उम्रकैद, सतीश को 10 साल की सजा अदालत ने पूर्व विधायक अमर सिंह यादव के भतीजे मोहकम सिंह को हत्या का दोषी माना। अदालत के मुताबिक, मोहकम ने दोबारा रिवॉल्वर से गोली चलाई थी, जिससे नाहर सिंह की मौत हुई। उसे उम्रकैद और 50 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई। पूर्व विधायक के बेटे सतीश को जानलेवा हमले का दोषी ठहराते हुए 10 साल के सश्रम कारावास की सजा दी गई। उस पर कुल 37 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा तनुज उर्फ राजेश को भी जानलेवा हमले का दोषी ठहराया गया। वर्ष 2013 के एक अन्य हत्या के मुकदमे में पहले से दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा को देखते हुए धारा 75 के प्रावधानों के तहत इस मामले में भी उसे उम्रकैद और 50 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई। सुभाष को जानलेवा हमले का दोषी ठहराते हुए एक साल और 10 साल के सश्रम कारावास तथा कुल 36 हजार रुपए जुर्माने की सजा दी गई। अदालत ने चारों दोषियों पर लगाए गए कुल 1.76 लाख रुपए जुर्माने में से आधी धनराशि मृतक की विधवा पत्नी को और आधी राज्य कोष में जमा करने का आदेश दिया है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। जेल में पहले बिताई गई अवधि सजा में समायोजित की जाएगी। सरकार और वादी पक्ष की ओर से हुई पैरवी करीब दो दशक पुराने इस मुकदमे में राज्य सरकार की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) कु. जीतू वार्ष्णेय ने पैरवी की। वहीं, वादी पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्रशेखर दीक्षित ने अदालत में पक्ष रखा। शनिवार को फैसला सुनाए जाने के दौरान कचहरी परिसर में भारी भीड़ रही। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। सजा सुनाए जाने के बाद चारों दोषियों को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया गया।
    Click here to Read more
    Prev Article
    कांग्रेस की शंखनाद रैली में मंच पर भिड़े दो पदाधिकारी:माइक को लेकर हुई बहस, महानगर अध्यक्ष बोले- बोलने से मना नहीं, तरीका गलत है
    Next Article
    अनियंत्रित टेंपो गिरा रोड पर दुर्घटनाग्रस्त:केदार के सिर में गंभीर चोट, हालत नाजुक; गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजने की तैयारी

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment