Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    वर्ल्ड अपडेट्स:पाकिस्तान में सूफी दरगाह पर भगदड़, 80 लोग घायल

    1 day ago

    1

    0

    पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बाबा फरीद गंज शकर दरगाह में भगदड़ मचने से कम से कम 80 लोग घायल हो गए। यह घटना सूफी संत फरीद की 784वीं पुण्यतिथि (उर्स) के दौरान हुई। पुलिस के मुताबिक, घायलों में से 30 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, जैसे ही दरगाह का एक दरवाजा गाड़ी के एक काफिले को गुजरने देने के लिए खोला गया, हजारों श्रद्धालु एक साथ दौड़ पड़े। इसी दौरान भगदड़ मच गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया, लेकिन स्थिति काबू में नहीं आ सकी। पंजाब इमरजेंसी सर्विस के मुताबिक, भारी भीड़ और जाम के कारण एम्बुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में कई घायलों को मोटरसाइकिलों के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि भीषण गर्मी, घुटन और भीड़ के कारण करीब दो दर्जन श्रद्धालु बेहोश भी हो गए। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… इटली में समय से पहले चुनाव पर विचार कर रहीं मेलोनी, लोकप्रियता घटने की चिंता इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी तय समय से पहले चुनाव कराने पर विचार कर रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें डर है कि अगर चुनाव 2027 के आखिर तक हुए तो उनकी लोकप्रियता और कम हो सकती है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक मेलोनी अप्रैल 2027 में ही चुनाव करा सकती हैं। इसके लिए उन्होंने प्रेसिडेंट ऑफिस से भी चर्चा की है। इटली में नए चुनाव कराने का फैसला राष्ट्रपति की मंजूरी से होता है। मार्च में मेलोनी सरकार को बड़ा झटका लगा था, जब उनकी सरकार समर्थित एक जनमत संग्रह (रेफरेंडम) को लोगों ने खारिज कर दिया। इसके बाद सरकार के तीन अधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया और विपक्ष हमलावर हो गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि मेलोनी को यह भी चिंता है कि उनकी पार्टी का समर्थन धीरे-धीरे कम हो सकता है। इसी वजह से वह समय रहते चुनाव कराने का विकल्प देख रही हैं। बदलती दुनिया में BRICS की बढ़ी अहमियत, मोदी बोले- नई चुनौतियों से मिलकर निपटें नई दिल्ली में BRICS देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (NSA) और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री Narendra Modi ने कहा कि बदलते वैश्विक माहौल में BRICS की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। मोदी ने कहा कि आतंकवाद, साइबर सुरक्षा और नई तकनीकों से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए सदस्य देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि BRICS साझा चुनौतियों का समाधान निकालने और देशों के बीच सहयोग बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि BRICS की अध्यक्षता के दौरान भारत व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देगा, ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को आगे रखेगा और दुनिया को अधिक सुरक्षित, संरक्षित और समावेशी बनाने की दिशा में काम करेगा। मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि BRICS देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से मुलाकात कर खुशी हुई। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में आतंकवाद, साइबर खतरों और उभरती तकनीकों जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए BRICS देशों के बीच तालमेल जरूरी है। BRICS देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी नई दिल्ली में आयोजित BRICS राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। ब्रिटेन के ‘पहले गे पिता’ पर बाल यौन अपराधों के आरोप; ‘पति’ के साथ 18 नए मामलों में चार्ज ब्रिटेन में ‘पहले गे पिता’ के रूप में चर्चित कारोबारी बैरी ड्रूइट-बार्लो और उनके ‘पति’ स्कॉट ड्रूइट-बार्लो पर बाल यौन अपराधों और दुष्कर्म समेत 18 नए आरोप लगाए गए हैं। दोनों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसेक्स पुलिस के मुताबिक 57 वर्षीय बैरी ड्रूइट-बार्लो पर नाबालिग के साथ यौन गतिविधि, नाबालिग की यौन सेवाओं के लिए भुगतान, पांच दुष्कर्म और चार यौन उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वहीं 32 वर्षीय स्कॉट ड्रूइट-बार्लो पर दो अतिरिक्त दुष्कर्म और यौन गतिविधि के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। नए आरोप 2013 से 2026 के बीच कथित रूप से हुई घटनाओं से जुड़े हैं। दोनों पहले से कई आपराधिक मामलों का सामना कर रहे थे। अदालत ने उन्हें हिरासत में भेजते हुए सितंबर में अगली सुनवाई तय की है। मामले में मुकदमे की अस्थायी तारीख 18 जनवरी 2027 रखी गई है। अभियोजन पक्ष की वकील सेरेना बेरी ने आरोप लगाया कि दोनों कथित रूप से युवा पुरुषों को निशाना बनाते थे, उनसे दोस्ती करते थे और फिर उन्हें अपने घरों व अन्य संपत्तियों पर बुलाकर उनका शोषण करते थे। बैरी ड्रूइट-बार्लो 1999 में उस समय चर्चा में आए थे, जब वह और उनके तत्कालीन साथी सरोगेसी के जरिए बच्चे पाने वाले ब्रिटेन के पहले समलैंगिक पिता के रूप में सुर्खियों में आए थे। उत्तरी कैलिफोर्निया की लाइब्रेरी में गोलीबारी, 2 की मौत; संदिग्ध गिरफ्तार अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया में ब्यूट काउंटी लाइब्रेरी की चिको शाखा में सोमवार शाम हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे संदिग्ध को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गोलीबारी में एक बच्चा भी मामूली रूप से घायल हुआ है। पुलिस प्रमुख बिली एल्ड्रिज ने बताया कि शाम करीब 5 बजे के बाद पुलिस को 911 कॉल मिली, जिसमें लाइब्रेरी के अंदर से गोलियों की आवाज और लोगों की चीखें सुनाई दे रही थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के लाइब्रेरी के अंदर प्रवेश करने पर संदिग्ध पीछे के रास्ते से भाग निकला। हालांकि, लाइब्रेरी के पीछे मौजूद अतिरिक्त सुरक्षा बलों ने उसे हिरासत में ले लिया। घटना में घायल एक बच्चे को अस्पताल भेजा गया है। उसकी चोटें मामूली बताई गई हैं। गोलीबारी के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और लाइब्रेरी के आसपास की सड़कों को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। पुलिस ने अभी तक संदिग्ध की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। मृतकों के नाम भी उनके परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद ही जारी किए जाएंगे। यूरोप में भीषण हीटवेव: फ्रांस में 2 बच्चों समेत 18 की मौत; कई देशों में तापमान ने तोड़े रिकॉर्ड यूरोप के कई देशों में जारी भीषण हीटवेव ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। फ्रांस में दो छोटे बच्चों समेत 18 लोगों की मौत हो गई है। वहीं फ्रांस, स्पेन, ब्रिटेन और इटली में तापमान कई दशकों के रिकॉर्ड तोड़ रहा है। दक्षिण-पूर्वी फ्रांस के कारपेंट्रा में 2 और 4 साल के दो बच्चे अपने घर के बाहर खड़ी कार में बेहोश मिले। बचावकर्मियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों की मौत हो गई। इसके अलावा फ्रांस में रविवार और सोमवार के बीच 13 लोगों की डूबने से मौत दर्ज की गई। बोर्दो क्षेत्र में तीन बुजुर्गों की भी हीटवेव से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण जान चली गई। फ्रांस के बोर्दो में तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पोइटियर्स में 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों शहरों में पुराने रिकॉर्ड टूट गए। पेरिस में भी जून महीने का सबसे अधिक तापमान दर्ज होने की संभावना जताई गई है। स्पेन के सैन सेबास्टियन में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जो इस समय के सामान्य औसत से काफी अधिक है। ब्रिटेन के मौसम विभाग ने भी चेतावनी दी है कि तापमान 39 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जिससे जून का 49 साल पुराना रिकॉर्ड टूट सकता है। इटली ने 12 शहरों में रेड हीटवेव अलर्ट जारी किया है। वहीं बिजली ग्रिड पर बढ़ते दबाव के कारण कुछ इलाकों में बिजली कटौती की समस्या भी सामने आई है। इजराइल समर्थक सांसद को कॉफी देने से इनकार करने की बात करना भारी पड़ा; न्यूयॉर्क की कॉफी शॉप पर DOJ की जांच अमेरिका के न्याय विभाग (DOJ) ने न्यूयॉर्क की एक कॉफी शॉप चेन के खिलाफ जांच शुरू की है। कॉफी शॉप ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि अगर वह डेमोक्रेट सांसद डैन गोल्डमैन को पहचान लेती तो उन्हें सेवा देने से इनकार कर देती। मामले को लेकर संभावित भेदभाव की जांच की जा रही है। रविवार को डैन गोल्डमैन अपनी 7 वर्षीय बेटी के साथ ब्रुकलिन के विलियम्सबर्ग स्थित पोएटिका कॉफी पहुंचे थे। गोल्डमैन के मुताबिक उनकी बेटी को वॉशरूम इस्तेमाल करना था और स्टाफ का धन्यवाद करने के लिए उन्होंने एक कॉफी खरीदी थी। इसके बाद पोएटिका कॉफी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि वह नस्लवादियों, फासीवादियों, समलैंगिक विरोधियों और नरसंहार का समर्थन करने वालों को सेवा नहीं देती। पोस्ट में यह भी कहा गया कि अगर स्टाफ ने गोल्डमैन को पहचान लिया होता तो उन्हें दुकान से लौटा दिया जाता। कॉफी शॉप ने दावा किया कि उसने खरीदी गई कॉफी की रकम भी वापस कर दी थी। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी न्याय विभाग की सिविल राइट्स डिवीजन की प्रमुख हारमीत ढिल्लों ने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है। विवाद बढ़ने के बाद कॉफी शॉप की संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट हटा दी गई और उसका इंस्टाग्राम अकाउंट भी निष्क्रिय दिखाई दिया। ग्वाटेमाला के सक्रिय ज्वालामुखी में विस्फोट: पर्यटकों में भगदड़ ग्वाटेमाला के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में शामिल वोल्कान दे फुएगो में हुए विस्फोट के दौरान पर्यटकों और ट्रैकर्स को जान बचाकर भागना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग "रन, रन" चिल्लाते हुए सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि ज्वालामुखी के आसपास मौजूद लोगों के बीच अचानक अफरा-तफरी मच जाती है। विस्फोट के बाद गर्म चट्टानें और ज्वालामुखीय मलबा आसपास गिरने लगता है। एक अन्य वीडियो में एक ट्रैकर लाल-गर्म पत्थर पर पानी डालते हुए भी नजर आता है। ग्वाटेमाला सिटी से करीब 43 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित वोल्कान दे फुएगो देश का सबसे सक्रिय ज्वालामुखी माना जाता है। वैज्ञानिकों के अनुसार इसमें हर 15 से 20 मिनट में छोटे स्तर के विस्फोट होते रहते हैं। इस ज्वालामुखी का इतिहास भी बेहद खतरनाक रहा है। 2018 में हुए एक बड़े विस्फोट में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी, जबकि आसपास की कई बस्तियां पायरोक्लास्टिक फ्लो की चपेट में आ गई थीं। नेपाल के पूर्व वित्त मंत्री बिष्णु प्रसाद पौडेल गिरफ्तार; मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच तेज नेपाल के पूर्व वित्त मंत्री और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (UML) के वरिष्ठ नेता बिष्णु प्रसाद पौडेल को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार देर रात उन्हें पश्चिमी नेपाल के एक होटल से हिरासत में लिया। अधिकारियों के अनुसार उन्हें आगे की जांच के लिए काठमांडू लाया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता अबी नारायण काफ्ले ने बताया कि 66 वर्षीय पौडेल को मनी लॉन्ड्रिंग जांच विभाग को सौंपा जाएगा। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। पौडेल पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली की सरकार के प्रमुख नेताओं में रहे हैं और उन्होंने वित्त मंत्री समेत कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों का कार्यभार संभाला है। उनकी गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब नेपाल की नई सरकार पूर्व प्रशासन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के मामलों पर कार्रवाई तेज कर रही है। कुछ महीने पहले भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों के बाद ओली सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। उन प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा में कम से कम 76 लोगों की मौत हुई थी और 2,500 से अधिक लोग घायल हुए थे। संसद सहित कई सरकारी भवनों को भी नुकसान पहुंचा था। हिंसा रोकने में विफल रहने के आरोप में पूर्व प्रधानमंत्री ओली और उनके तत्कालीन गृह मंत्री को भी गिरफ्तार किया गया था, हालांकि दोनों फिलहाल जमानत पर हैं। नाइजीरिया में सशस्त्र हमलावरों का नरसंहार: 20 लोगों की हत्या नाइजीरिया के उत्तर-मध्य क्षेत्र स्थित प्लेटो राज्य में सशस्त्र हमलावरों ने एक समुदाय पर हमला कर कम से कम 20 लोगों की हत्या कर दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और हमलावरों के बीच गोलीबारी हुई, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक रविवार को बोक्कोस क्षेत्र के कावेल समुदाय पर हथियारबंद लोगों ने हमला किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा और हमलावरों से मुठभेड़ हुई। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार मृतकों के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिवारों को सौंप दिए गए। नाइजीरिया का यह क्षेत्र लंबे समय से हिंसा और सशस्त्र गतिविधियों से प्रभावित रहा है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार देश के विभिन्न हिस्सों में उग्रवाद और आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों के कारण हजारों लोग मारे जा चुके हैं और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं। म्यांमार के स्कैम सेंटरों में अब भी 5,300 से ज्यादा लोग फंसे म्यांमार-थाईलैंड सीमा के पास संचालित ऑनलाइन स्कैम सेंटरों में 5,300 से अधिक लोग अब भी फंसे हुए हैं। एक मानवाधिकार संगठन ने दावा किया है कि अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई और बचाव अभियानों के बावजूद कई अवैध ठिकाने अभी भी सक्रिय हैं, जहां विदेशी नागरिकों को जबरन साइबर ठगी के नेटवर्क में काम कराया जा रहा है। थाईलैंड स्थित सिविल सोसाइटी नेटवर्क फॉर ह्यूमन ट्रैफिकिंग विक्टिम असिस्टेंस (CSNHTV) ने 22 जून को थाई पुलिस को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। संगठन का अनुमान है कि फंसे लोगों में करीब 1,600 चीनी नागरिक, 200 म्यांमार के नागरिक और 20 थाई नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा फिलीपींस, ताइवान, मलेशिया, ब्राजील, रूस, केन्या, युगांडा, रवांडा और जिम्बाब्वे के नागरिक भी इन स्कैम परिसरों में मौजूद हैं। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार दक्षिण-पूर्व एशिया के ऐसे स्कैम सेंटर हर साल अरबों डॉलर की ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम देते हैं। इनमें काम करने वाले कई लोग मानव तस्करी के जरिए लाए जाते हैं और उन्हें दबाव व शोषण के बीच साइबर अपराधों में लगाया जाता है। पिछले वर्ष थाईलैंड के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में म्यांमार के म्यावाडी क्षेत्र से लगभग 5,000 लोगों को मुक्त कराया गया था। संगठन ने चेतावनी दी है कि इन नेटवर्कों के जरिए होने वाली ऑनलाइन ठगी और मानव तस्करी का असर दुनिया भर में, खासकर अमेरिका और यूरोप में महसूस किया जा रहा है। फिलहाल म्यांमार सरकार और संबंधित मिलिशिया समूहों की ओर से इस रिपोर्ट पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    यूरोप के 26 देश हीटवेव की चपेट में:फ्रांस में सबसे गर्म रात, न्यूक्लियर पावर प्लांट बंद करना पड़ा; पब्लिक में शराब पीने पर रोक लगी
    Next Article
    मथुरा समेत 5 शहरों में बारिश, लखनऊ में बादल छाए:आगरा में आंधी से पोल गिरा, कारें पिचकीं; 3-4 दिन में दस्तक देगा मानसून

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment