Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    प्रेमी से फोन लेने गई लड़की की मौत..हत्या का आरोप:कानपुर में रात में घर से निकली थी, लड़के ने फोन कर हादसे की सूचना दी

    4 hours ago

    1

    0

    कानपुर के नजीराबाद थाना क्षेत्र में प्रेमी से मोबाइल फोन लेने गई 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती शनिवार रात करीब 10 बजे घर से निकली थी। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब एक बजे प्रेमी ने फोन कर परिजनों को युवती के साथ हादसा होने की जानकारी दी। परिजन हैलट अस्पताल पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतका की छोटी बहन ने प्रेमी और उसकी पत्नी पर बहन की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्रेमी और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का है, जबकि परिजनों की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है। रावतपुर गांव निवासी रामबालक पेंटिंग का काम करते हैं। परिवार में पत्नी सुशीला और चार बेटियां पिंकी (20), रिंकी, सोनी और पूजा हैं। मृतका की छोटी बहन रिंकी ने बताया कि पिंकी करीब डेढ़ महीने तक रेव मोती स्थित काजो के शोरूम में सेल्स के पद पर काम करने गई थी। इसी दौरान वहां साफ-सफाई का काम करने वाले अनुज नाम के युवक से उसकी मुलाकात हुई थी। आरोप है कि अनुज ने खुद को अविवाहित बताकर पिंकी से नजदीकियां बढ़ाईं और उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। अनुज घर के फोन पर भी अक्सर रात में कॉल कर पिंकी से बात करता था। रिंकी के मुताबिक, पिंकी ने 23 नवंबर को शोरूम की नौकरी छोड़ दी थी। नौकरी छोड़ने के बाद भी अनुज उससे संपर्क में था। उसने पिंकी को नया मोबाइल फोन दिलाने का वादा किया था। आरोप है कि शनिवार रात करीब 10 बजे अनुज ने घर के नंबर पर फोन किया और पिंकी को घर से थोड़ी दूर बुलाकर कहा कि वह उसे नया फोन दिलाने ले जा रहा है। इसके बाद वह पिंकी को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया। पीछे से देवर के साथ पहुंची थी प्रेमी की पत्नी रिंकी ने आरोप लगाया कि जिस समय अनुज पिंकी को बाइक से लेकर निकला, उसी दौरान उसकी पत्नी भी अपने देवर के साथ पीछे से पहुंच गई थी। आरोप है कि अनुज की पत्नी ने पिंकी के साथ मारपीट की। इसके बाद वह अपने देवर के साथ वहां से चली गई। रिंकी का दावा है कि अनुज ने अपनी शादी की बात छिपाकर उसकी बहन को प्रेमजाल में फंसाया था। बहन को जब इस बात की जानकारी हुई तो विवाद हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश में पिंकी की हत्या की गई है। रात एक बजे प्रेमी ने फोन कर दी हादसे की सूचना परिजनों के मुताबिक, रात करीब 10 बजे घर से निकली पिंकी जब काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच रात करीब एक बजे अनुज ने घर के नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि पिंकी का बाइक से जाते समय हादसा हो गया है और वह हैलट अस्पताल में भर्ती है। यह सुनते ही परिजन आनन-फानन अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने पिंकी को मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिजन बदहवास हो गए। उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर नजीराबाद थाने का पुलिस बल हैलट अस्पताल पहुंचा और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में अनुज ने बताया कि वह पिंकी को बाइक से स्वरूप नगर की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान कोकाकोला चौराहे के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पिंकी गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद वह उसे लेकर हैलट अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, मृतका के परिजनों ने युवक की इस कहानी पर सवाल उठाते हुए उसकी पत्नी और उसके ऊपर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। बहन बोली- हंसकर गई थी, अर्थी में कसकर लौटी रविवार शाम करीब चार बजे हैलट की मोर्चरी से पिंकी का शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। बहन का शव देखते ही छोटी बहन रिंकी खुद को संभाल नहीं सकी। वह शव से लिपटकर उसके ऊपर लेट गई और बिलखते हुए कहने लगी, 'बहन, तू तो हंसते हुए घर से गई थी, लेकिन अर्थी में कसकर वापस आई है। उठ जा बहन, मैं तुझे ठीक करा लूंगी। उठ जा, बहन।' छोटी बहन की यह हालत देखकर पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था। पिता बोले- अब मेरा इलाज कौन कराएगा बेटी की मौत से पिता रामबालक पूरी तरह टूट गए। उन्होंने बताया कि वह पेंटिंग का काम करते हैं और करीब सात महीने से बीमार चल रहे हैं। पिंकी नौकरी करके घर का खर्च चलाने में मदद करती थी। वह अपनी कमाई से पिता का इलाज भी कराती थी। पिता ने बिलखते हुए कहा कि बेटी ही उनका इलाज करा रही थी। अब उसके जाने के बाद उनका इलाज कौन कराएगा। परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाली बेटी की मौत से घर में मातम पसरा है। थाना प्रभारी बोले- सड़क हादसे में हुई युवती की मौत नजीराबाद थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की छोटी बहन की तहरीर के आधार पर सड़क हादसे का मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों ने युवक और उसकी पत्नी पर जो अन्य आरोप लगाए हैं, उनकी भी जांच की जा रही है। युवक और उसकी पत्नी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अन्य पहलुओं की जांच करेगी।
    Click here to Read more
    Prev Article
    रिटायर IAS अनुराग पटेल ने थामा अपना दल(S) का दामन:अनुप्रिया पटेल ने पार्टी की सदस्यता दिलाई, मिर्जापुर में DM रहते सुर्खियों में आए थे
    Next Article
    लखनऊ में अखिलेश से मिले B.Ed-TET के अभ्यर्थी:नियुक्ति की मांग घोषणा पत्र में शामिल करने की अपील; सपा सरकार बनाने का संकल्प

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment