Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    जेल से छूटने के बाद आजम खान का पहला इंटरव्यू:कहा- जिस जौहर यूनिवर्सिटी के लिए जुल्म हुए, उसे ढहा देना चाहिए

    16 hours ago

    1

    0

    ‘मैं चाहता हूं, अपने बुलडोजर लाओ और यूनिवर्सिटी को गिरा दो। एक मुसलमान के बनाए शिक्षा के मंदिर से इतनी हैवानियत का सलूक किया गया। मेरे और मेरे परिवार के साथ इतना जुल्म, इतनी क्रूरता बरती गई।’ यह बात सपा नेता मोहम्मद आजम खान ने कही। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने पहला इंटरव्यू दैनिक भास्कर को दिया। आजम ने न केवल अपनी गिरफ्तारी के तरीकों और जेल की यातनाओं का दर्द बयां किया, बल्कि भावुक भी हुए। पढ़िए आजम खान का पूरा इंटरव्यू... सवाल. जेल से निकलते ही ED ने आपको गिरफ्तार कर लिया। क्या इसका अंदेशा पहले से था? आजम. बिल्कुल नहीं। लेकिन, इसकी खबर रामपुर जेल के सुपरिटेंडेंट को थी। हमने कहा था कि आप हमें बता दीजिए। जाहिर है, हम जेल से कूदकर तो चले जा नहीं जाएंगे। बाहर भीड़ है। इस तरह गिरफ्तार करेंगे, तो हो सकता है कि लोग जज्बाती हो जाएं। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पैदा हो जाए। गिरफ्तारी वारंट जेल में ही सर्व करा दीजिए। हम यहीं रुक जाएंगे। रात में किसी वक्त या कल दिन में, जब भीड़ यहां से चली जाए। आप जहां चाहें, ले जाएं। यह पहली बार तो नहीं है, ऐसा कई बार हो चुका है। रात 3 बजे उठाकर ले गए हैं। बड़ी प्रताड़नाएं दी गई हैं। सवाल. गिरफ्तारी को लेकर जेल में आपको नोटिस मिला था? आजम. कभी-कभी जुल्म भी राहत बन जाती है। अगर मैं जेल में रहा होता, तो मुझे नोटिस सर्व हो जाता। वारंट सर्व हो जाता। मैं दस्तखत भी करता। लेकिन, बाहर निकलकर जिस आपाधापी में मेरी गिरफ्तारी हुई, वो गैरकानूनी थी। न मुझे कोई नोटिस सर्व हुआ, न कोई वारंट। मुझसे तो यह कहा गया कि हम बस आपसे गाड़ी में बैठे-बैठे बात करेंगे। हो सकता है, आपको थोड़ी देर में आपके घर पहुंचा दें। सवाल. पूछताछ के दौरान ईडी, पुलिस का क्या सलूक रहा? आजम. सवालों के दौरान ऐसा होता था कि घंटे-दो घंटे बाद मैं बैठने के लिए कुछ मांगता, तो कभी स्टूल मिल गया, कभी टूटा हुआ कोई सामान। मैं नीचे गिर जाता था। कई बार मुझे चोटें आईं। वहां कैमरे नहीं लगाते थे। जिससे टॉर्चर सामने नहीं आ सके। अब जैसे यहां रामपुर में मुझे गिरफ्तार किया गया, तब मेरी पीठ काफी जख्मी हो गई थी। अभी तक दर्द है। मुझे दवा करनी पड़ी। डॉक्टर ने गर्म पानी की बोतल से सिकाई भी कराई। ईडी वालों ने नहीं किया ऐसा। लेकिन जो मुरादाबाद की पुलिस आई थी, उसके अंदर न जाने क्यों हमारे लिए ज्यादा घृणा थी …। सवाल. जेल में रहते हुए सबसे मुश्किल दौर कौन-सा रहा? आजम. हर दिन सख्त था, हर रात सख्त रही। हर सुबह बहुत कड़वी थी। रात को सोते थे, तो सुबह की उम्मीद नहीं होती थी। सुबह होती थी तो अखबार में क्या खबर पढ़ने को मिलेगी, टीवी स्क्रीन पर क्या खबर आएगी, यही दिल दहलता रहता था। हमसे बड़ी नफरत की सरकार ने, केंद्र ने भी और राज्य ने भी। उसका हमें दुख है। सवाल. आपसे ED ने पूछताछ के लिए समय लिया था, इसके बाद भी गिरफ्तारी हुई? आजम. मुझे 4-6 दिन सीतापुर में भी इंटेरोगेट किया गया था। हालांकि, उस समय मुझे कोरोना हो गया था। 5 महीने मैं बैरक में रहा था। फिर भी बहुत गलत सलूक किया गया। मैंने लाख कहा कि मेरी तबीयत ठीक हो जाए। मैं जेल में ही तो हूं…कहां जा रहा हूं? सवाल. जेल में आपको खबर लगी कि यूनिवर्सिटी को गिराने का आदेश हुआ है, तब कैसा लगा? आजम. आप देखेंगे कि इसे गिराने के बाद इसके खंडहरों को लोग उसी तरह देखने जाएंगे, जैसे रोमन एम्पायर के गिरे हुए अवशेषों को देखने जाते हैं। एक यूनिवर्सिटी से इतनी घृणा, अब हमें खुद पर शर्म आती है। जिस तरह से रामपुर के डीएम ने 2 स्कूल खाली कराए। छोटे बच्चों के सिर पर कुर्सियां रखवाकर कमरे खाली करवाए। बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ… शायद ये सच्ची लाइन होगी। लेकिन, ऐसी तालिम से क्या हासिल होगा? सवाल. अब आप यूनिवर्सिटी को लेकर क्या चाहते हैं? आजम. मैं चाहता हूं, अपने बुलडोजर लाएं और इस यूनिवर्सिटी को गिराएं। मुझे गाजियाबाद अदालत में जज साहब से आंसुओं के साथ कहना पड़ा कि हमें पूरे परिवार के साथ इच्छामृत्यु की इजाजत दे दीजिए। या देश से जाने के लिए कह दीजिए। क्योंकि, इतनी नफरत न दिल से बर्दाश्त होती है और न ही शरीर बर्दाश्त करता है। ढाई साल तक मेरी बीवी जेल में रही हैं। करीब साढ़े तीन साल बेटा जेल में रहा है। सवाल. जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर काफी विवाद रहा। इसका भविष्य क्या देखते हैं? आजम. मैं मुकदमा वापस लेने वाला हूं…। कमिश्नर के यहां इमारतों की अपील है। रामपुर प्राधिकरण ने हमें नोटिस दिया कि आपने हमारे यहां से नक्शे पास नहीं कराए। लिहाजा यह डिमॉलिश कर दिया जाएगा। प्राधिकरण बनने से 10 साल पहले यूनिवर्सिटी बन चुकी थी। जब प्राधिकरण वजूद में ही नहीं था, तो नक्शे पास किससे कराते? सवाल. जेल से आने के बाद आपने कहा कि सैलाब होगा, इंकलाब होगा…क्या इंतकाम भी होगा? आजम. बहुत घटिया लोग होते हैं, बहुत जालिम, क्रूर लोग होते हैं। हैवान होते हैं। सच कहिए तो इंतहाई कमीने होते हैं, जो बदले के बारे में कुछ भी सोचते हैं। बदला और इंसाफ दो अलग चीजें हैं। इंसाफ आसमान वाला भी करता है, अदालत की कुर्सियों पर बैठे हुए न्यायमूर्ति भी करते हैं। मैं हमेशा अपनी तकरीरों में कहता था कि जमीन वालों के साथ इंसाफ करो। लेकिन अगर तुम उनके साथ इंसाफ नहीं करोगे, तो फिर आसमान वाला करेगा। जब वह इंसाफ करेगा, तो तुम बर्दाश्त नहीं कर पाओगे। सवाल. जिन आईएएस ने आपके खिलाफ केस किया, उनका नाम भी जमीन की हेर-फेर में है, क्या कहेंगे? आजम. मैं खुद सरकार में रहा हूं, इस पद के लोग हमारे मातहत रहते थे। मैं बहुत सख्त था और अपने दामन को साफ रखने की कोशिश की थी। ये सरकारी मुलाजिम थोड़े कंट्रोल में रहते हैं। वरना आमतौर पर सरकारी मुलाजिम भ्रष्ट हैं। सुना तो हमने बहुत कुछ है, लेकिन थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। सवाल. ओवैसी ने चंद्रशेखर से गठबंधन किया, ये सपा के खिलाफ है या भाजपा के? आजम. यह सपा जिनसे लड़ेगी, उनकी मदद है। अब कौन-कौन होगा सपा के खिलाफ, यह तो मैं नहीं कह सकता। लेकिन ये उन लोगों की मदद कर नहीं पाएंगे। अल्लाह की ऐसी लानत होगी और इतना सख्त हिसाब होगा कि बच नहीं पाएंगे। सवाल. ओवैसी को क्या किसी सियासी पार्टी का सपोर्ट भी है? आजम. हम इतने मुकदमे और इतनी जेल काटे हुए हैं। बता सकते हैं कि उनकी क्या कुर्बानी है? एक सरकारी मुलाजिम कहता है कि मैंने उसे तनखैया कह दिया, जबकि मैंने नहीं कहा। मेरी सदस्यता चली गई। और जो यह कहता है कि 10 मिनट के लिए पुलिस-फौज हटा दो, काटकर डाल देंगे। वो बरी हो गए। तो किसका आशीर्वाद आपको हासिल है? सवाल. ओवैसी यूपी में जितनी सीटों पर दावा कर रहे, वो जीत सकते हैं? आजम. एक ऐसा शख्स, जिसके अपने राज्य में सिर्फ 4 MLA हों, वो यहां पर एक साहब (चंद्रशेखर) को मुख्यमंत्री बनाने आए हैं। अच्छी बात है, बनाइए। हम तो हिम्मत की दाद दे रहे हैं बैरिस्टर साहब की कि 4 MLA वहां हैं और यहां 400 के लिए चुनाव लड़ने आ रहे हैं। हमारे यहां सियासत की खेती को चरने आ रहे हैं। यहां कुछ ऐसी घास भी है, जो जहरीली है। तो इसे चरागाह न समझें। जगहें बहुत हैं, वहां चर लें। सवाल. इस चुनाव में आपकी क्या भूमिका रहने वाली है? आजम. मेरा 50 बरस का उस घर से रिश्ता है। अगर वो रोज भी मिलने आते, तो शायद कम था। जो दूसरे के गम में शरीक थे, वो मेरे गम का अहसास रखते होंगे। अब क्या होगा, यह तो देखते हैं। हम किस काबिल होंगे। अभी तो यह पता भी नहीं कि चुनावों तक बाहर रहेंगे भी। जरूरी नहीं कि हम चुनाव लड़ें, सरकार आनी चाहिए। सवाल. सपा सरकार आने के कितने चांस हैं? आजम. कोई भी दल मोरल (आत्मविश्वास) हाई करके ही सरकार बनाता है। हमने तो 4 बार सरकार बनाई। हम तो यही मानेंगे कि यूपी में राज करेंगे। फिर केंद्र में भी हमारी सरकार आएगी। सवाल. कांग्रेस से सीट शेयरिंग को लेकर क्या कहेंगे? आजम. उन्हें तजुर्बे से काम करना चाहिए। ये हम पर भी लागू होता है कि कुछ सीटें कम करके काम चले तो दिक्कत नहीं। उन्हें भी कुछ सीटें कम करके अगर समझौता बचे, तो करना चाहिए। सवाल. बेटे अब्दुल्ला पर कितना यकीन है? आजम. उसने मुझसे ज्यादा जुल्म सहे। छोटी-सी उम्र में झूठे मुकदमे, फर्जी इल्जाम सहे। जेल काटी, तकलीफें उठाईं, जहर तक दिया गया उसे। सब कुछ बर्दाश्त किया है। मेरे परिवार से कोई भी चुनाव नहीं लड़े, कोई फर्क नहीं पड़ता। बस सरकार आनी चाहिए। सवाल. कई विधायक बनाए, सांसद बनाए, राज्यसभा भेजा, MLC बनाए। वे अब कहां हैं? आजम. वो आंखों से ओझल हैं, दिखते ही नहीं। और यह कोई ऐसी बात नहीं, जिसका मुझे मलाल हो। मेरा पैगाम मोहब्बत है। अगर मैं सियासत वाला होता, तो मेरे साथ ऐसा अंजाम थोड़े होता? मैं समझौता कर लेता, जैसे कर लेते हैं लोग। वो मैं नहीं कर सकता हूं। सवाल. क्या आपकी सजाएं बयानों की वजह से रहीं? आजम. मेरे ऊपर तो मुर्गी-बकरी डकैती के मुकदमे हैं। हम चोर नहीं, चोरी करवाने वाले थे। मतलब 120 बी (साजिश) के मुल्जिम, लेकिन सजा मिली मैक्सिमम। एक मामले में 21 साल की सजा और 36 लाख का जुर्माना लगा। जज साहब हमारी सफाई देख नहीं सके या कर नहीं सके। एक जमीन को सरकार ने खाली कराया। ढाई साल में मकान बने। लोग रहने भी लगे। उसके 5 दिन बाद रपट हुई कि हमारे मकान लूट लिए गए। ये इंसाफ तो नहीं था। सवाल. अयोध्या के बाद भाजपा का रुख मथुरा की तरफ है? आजम. उनसे कुछ भी उम्मीद कर सकते हैं। आजकल अटल बिहारी बाजपेयी का पुराना इंटरव्यू चल रहा है। जिसमें वो शर्मिंदा हो रहे हैं कि वादा पूरा नहीं किया। इतना हमें डरा लिया गया है कि वाजिब इमारतों को भी हम खुद ही तोड़ रहे हैं। अब हम बुलडोजर का इंतजार नहीं करते। मुस्लिम अब खुद ही मस्जिदें हटा लेते हैं। इस तरह के एक्शन में जानें भी जाती हैं, इज्जत भी जाती है। सवाल. आज के पढ़े-लिखे बच्चों को लेकर क्या सोचते हैं? आजम. करीब 100 पढ़े-लिखे बच्चे रोज आत्महत्या कर रहे। लिख रहे कि पापा-मम्मी, हम आपसे माफी चाहते हैं। हम आपके अरमान पूरे नहीं कर सके। ऐसी पढ़ाई से क्या फायदा? कोई नौकरी, कोई काम तो मिलना नहीं है। मैंने जज साहब से कहा कि अगर मुझे मालूम होता कि एक ऐसा दौर आएगा, जब शिक्षा का यह संस्थान इतने जुल्म सहेगा, तो मैं जाहिल रहना पसंद करता। रिक्शा चलाता। अपनी औलाद को एमटेक बनाने के बजाए मैं उसे बीड़ी बनाने वाला बनाता। क्योंकि, आजादी से बड़ी कोई दौलत नहीं है। ------------------------------ यह खबर भी पढ़ें - आजम को जेल के बाहर ED ने गिरफ्तार किया:बोले- मुसलमान होने की सजा मिल रही; 11 महीने बाद रिहा हुए थे सपा नेता आजम खान बेटे अब्दुल्ला के साथ 11 महीने बाद रामपुर जेल से बाहर आए, लेकिन जेल के गेट से ही ED ने आजम को गिरफ्तार कर लिया। पहले जेल के बाहर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अफसरों ने आजम से पूछताछ की, फिर अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गए। पढ़िए पूरी खबर…
    Click here to Read more
    Prev Article
    योगी मां से भिक्षा मांगने का किस्सा यादकर भावुक हुए:लिखा- यकीन नहीं कर पाई थीं, पूछा था- बेटा, क्या हाल बना रखा है
    Next Article
    प्रयागराज में संतों-महंतों ने कराई स्वगणना:महानिर्वाणी, बड़ा उदासीन, निर्मल अखाड़े और बाघम्बरी गद्दी के संतों ने अभियान में जुड़ने की अपील की

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment