Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    बांग्लादेश में अवामी लीग के बंद के दौरान हिंसा:दो की मौत; कई जगह बम धमाके, पुलिस स्टेशन पर भी हमला

    8 hours ago

    1

    0

    बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के 48 घंटे के लॉकडाउन के पहले दिन रविवार को हिंसा भड़क उठी। शरियतपुर जिले में BNP और अवामी लीग के समर्थकों के बीच झड़प में अवामी लीग के दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। देश के कई हिस्सों में देसी बम धमाके हुए, गाड़ियों और दुकानों में आग लगाई गई और सड़कें जाम कर दी गईं। पाबना जिले में भीड़ ने एक पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, राजधानी ढाका समेत बांग्लादेश के 64 में से कम से कम 14 जिलों में हिंसा और सड़क जाम की घटनाएं हुईं। सबसे ज्यादा असर दक्षिणी बांग्लादेश के गोपालगंज और शरियतपुर में देखने को मिला। यहां सड़कें बंद होने से बस सेवाएं रुक गईं। मरीजों को अस्पताल पहुंचने और छात्रों को परीक्षा केंद्र जाने में परेशानी हुई। प्रदर्शन और हिंसा से जुड़ी 4 तस्वीरें पद्मा ब्रिज के पास झड़प, गोलीबारी भी हुई शरियतपुर जिले में पद्मा ब्रिज के जजीरा छोर के पास रविवार सुबह करीब 5:30 बजे BNP और अवामी लीग के समर्थक आमने-सामने आ गए। यह जगह ढाका-भांगा एक्सप्रेसवे पर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर जुटे थे और रास्ता रोक रहे थे। BNP के कार्यकर्ता शनिवार रात से ही वहां मौजूद थे। दोनों गुटों के बीच पहले झड़प हुई और फिर उन्होंने एक-दूसरे का पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान देसी बम फेंके गए और गोलीबारी भी हुई। इसमें अवामी लीग के कार्यकर्ता इब्राहिम सिपाही और निजामुद्दीन मृधा की मौत हो गई। गाड़ियों में आग लगाई, तीन घंटे तक रास्ता बंद झड़प के दौरान BNP की सभा के लिए लगाए गए टेंट और पंडाल में आग लगा दी गई। करीब 20 से 25 मोटरसाइकिलें भी जला दी गईं। पद्मा ब्रिज के पास फूड वैली नाम के रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी गई। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले और साउंड ग्रेनेड चलाए। सुबह करीब 8:30 बजे प्रदर्शनकारियों के हटने के बाद स्थिति शांत हुई। इस दौरान ढाका-भांगा एक्सप्रेसवे और पद्मा ब्रिज पर करीब तीन घंटे तक यातायात रुका रहा। पुलिस ने आंसू गैस और रबर बुलेट चलाईं पाबना जिले के बेरा उपजिला में रविवार सुबह 50 से ज्यादा लोगों ने पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक हमलावरों के पास भाले और दूसरे हथियार थे। उन्होंने देसी बम भी फेंके। हमला करीब 10 से 15 मिनट तक चला। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए 12 आंसू गैस के गोले और 123 रबर बुलेट चलाईं। इस दौरान पुलिस की एक मोटरसाइकिल जला दी गई और एक यात्री बस में तोड़फोड़ की गई। 5 अगस्त 2024 को देश छोड़कर भारत आई थीं शेख हसीना बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था। हाईकोर्ट ने 1971 की आजादी की लड़ाई में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोते-पोतियों को सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण देने का फैसला सुनाया था। छात्रों ने इसका विरोध किया। उनकी मांग थी कि सरकारी नौकरियों में भर्ती आरक्षण के बजाय योग्यता के आधार पर हो। जुलाई में प्रदर्शन तेज हो गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुईं। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने और जरूरत से ज्यादा बल इस्तेमाल करने के आरोप लगे। इसके बाद छात्रों ने हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। धीरे-धीरे आंदोलन पूरे देश में फैल गया। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक, 2024 में छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी। 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका की ओर बढ़े और हसीना के सरकारी आवास तक पहुंच गए। इसके बाद हसीना सैन्य विमान से भारत आ गईं। तब से वह भारत में रह रही हैं। शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 16 दिसंबर को अपने देश लौटना चाहती हैं। उन्होंने इसके लिए तारिक रहमान सरकार से विमान भेजने की मांग की थी। 16 दिसंबर की तारीख भी खास है क्योंकि 1971 में इसी दिन बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में जीत हासिल की थी। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। मुक्ति वाहिनी बांग्लादेश की आजादी के लिए लड़ने वाले लोगों का संगठन था। शेख हसीना की वापसी की मांग पर बांग्लादेश सरकार ने साफ कहा कि वह उन्हें सामान्य यात्री की तरह नहीं, बल्कि प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत से वापस लाना चाहती है। सरकार के मुताबिक हसीना की वापसी का फैसला भारत और बांग्लादेश के बीच होगा हसीना से सीधे बातचीत करके नहीं। विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा था कि हसीना की वापसी सिर्फ प्रत्यर्पण संधि के तहत हो सकती है। उन्हें हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में लाया जाएगा।
    Click here to Read more
    Prev Article
    पाकिस्तान के बलूचिस्तान में 11 कोयला खदान मजदूरों की हत्या:हथियारबंद हमलावरों ने गाड़ियां रोककर अगवा किया, पहाड़ों पर ले गए; बाद में शव बरामद
    Next Article
    इजराइल में नेतन्याहू-आइजनकोट की बातचीत बेनतीजा:साथ सरकार बनाने पर सहमति नहीं बनी; नेतन्याहू ने आधे-आधे कार्यकाल PM रहने का ऑफर दिया था

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment