Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    आज नमो घाट से होगा काशी-तमिल संगमम् का भव्य आगाज:उपराष्ट्रपति और सीएम योगी करेंगे शुभारंभ,तमिलनाडु से 200 मेहमानों की पहली टीम काशी पहुंची

    3 hours ago

    1

    0

    उत्तर भारत और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक विरासत का संगम काशी में देखने को मिलेगा। नमो घाट पर आज काशी तमिल संगमम् 5.0 का भव्य शुभारंभ होगा। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसकी शुरुआत करेंगे। इस आयोजन के जरिए काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी। काशी तमिल संगमम में तमिलनाडु से आएंगे 1400 प्रतिभागी काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण में तमिलनाडु के 1400 प्रतिभागी शामिल होंगे। इस आयोजन के लिए करीब 46 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे। चयनित प्रतिभागियों को 200-200 के सात समूहों में बांटकर वाराणसी लाया जाएगा। ये प्रतिभागी कन्याकुमारी, चेन्नई और कोयंबटूर समेत तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों से आएंगे। शिक्षा मंत्रालय इस आयोजन का नोडल मंत्रालय है। भारतीय भाषा समिति, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और आईआईटी मद्रास आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अब तक काशी तमिल संगमम के चार संस्करण आयोजित हो चुके हैं। अब जानिए क्या है इस बार का थीम इस बार पांचवें संस्करण की थीम 'तिरुक्कुरल पायिलवोम' (आइए तिरुक्कुरल सीखें) रखी गई है। यह तमिल कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर की प्रसिद्ध साहित्यिक रचना तिरुक्कुरल पर आधारित है। इसमें दो-दो पंक्तियों के दोहों के माध्यम से जीवन, नैतिकता और सामाजिक मूल्यों से जुड़े विचार प्रस्तुत किए गए हैं। प्रतिभागियों के यात्रा कार्यक्रम में वाराणसी के साथ प्रयागराज और अयोध्या भी शामिल होंगे। इसके तहत पहले तीन से चार दिन की यात्रा होगी, जबकि इसके बाद चार दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तमिलनाडु के रसोइये बनाएंगे दक्षिण भारतीय व्यंजन काशी पहुंचने वाले मेहमानों के खानपान का भी खास इंतजाम किया गया है। उनके लिए इडली, सांभर, नारियल की चटनी, उपमा, रसम, लेमन राइस और दही-चावल तैयार किए जाएंगे। खास बात यह है कि इन व्यंजनों को तमिलनाडु से आए रसोइये ही बनाएंगे, ताकि मेहमानों को अपने क्षेत्र के पारंपरिक स्वाद का अनुभव मिल सके। काशी से अयोध्या और प्रयागराज तक करेंगे भ्रमण तमिलनाडु से आने वाले प्रतिनिधियों को काशी के घाटों, श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और अन्य प्रमुख सांस्कृतिक धरोहरों का भ्रमण कराया जाएगा। उन्हें काशी में बसे मिनी तमिलनाडु की झलक भी दिखाई जाएगी। इसके अलावा अयोध्या और प्रयागराज के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा। मेहमानों के ठहरने, खानपान और भ्रमण की जिम्मेदारी आईआरसीटीसी को सौंपी गई है। वीवीआईपी दौरे को लेकर सुबह नौ बजे से रूट डायवर्जन उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुबह नौ बजे से वीवीआईपी रूट पर यातायात प्रतिबंध और आम लोगों के लिए रूट डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा के अनुसार, कई मार्गों पर बसों और वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। परिसर में सांस्कृतिक गतिविधियों से युवाओं में दिखेगा उत्साह संगमम को आमजन और युवाओं तक पहुंचाने के लिए बीएचयू परिसर में कई जनसंपर्क और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। संध्या भजन, नुक्कड़ नाटक, लोक एवं शास्त्रीय संगीत, रंगोली, पोस्टर डिजाइन, कला इंस्टॉलेशन, मेहंदी, फोटोग्राफी, कैलीग्राफी और डिजिटल आर्ट जैसी गतिविधियां आयोजन को उत्सवमय बनाएंगी। कार्यक्रमों के सुचारु संचालन और प्रतिभागियों की सहायता के लिए 1,500 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। तीन पवित्र नगरियों में 50 शिक्षक देंगे तिरुक्कुरल का ज्ञान काशी-तमिल संगमम की थीम को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए तमिलनाडु से हिंदी के जानकार 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश आएंगे। ये शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे। वाराणसी में 20, प्रयागराज में 15 और अयोध्या में 15 शिक्षक तैनात किए जाएंगे। इस पहल से लगभग 3,000 विद्यार्थियों के लाभान्वित होने की उम्मीद है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कला संकाय के भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन इसके संचालन में सहयोग करेंगे। काशी और तमिलनाडु के सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी नई ऊर्जा काशी-तमिल संगमम 5.0 के नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव और समन्वयक डॉ. उमेश सिंह के अनुसार, आयोजन से जुड़ी गतिविधियां युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, बौद्धिक क्षमता और सांस्कृतिक समझ प्रदर्शित करने का अवसर देंगी। इस यात्रा में चार दिन आवागमन और चार दिन भ्रमण एवं सुव्यवस्थित कार्यक्रमों के लिए निर्धारित किए गए हैं। यात्रा कार्यक्रम में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या शामिल हैं। बसों के लिए प्रमुख डायवर्जन - जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ से आने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास चौराहे तक आएंगी। यहां से परमपुर की ओर डायवर्ट होंगी। - हरहुआ ओवरब्रिज से बसों का संचालन नहीं होगा। बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहे से परमपुर मार्ग की ओर भेजा जाएगा। - अखरी की ओर से आने वाली बसें भिखारीपुर तिराहे नहीं जाएंगी। इन्हें मोहनसराय और डाफी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। - चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र और मिर्जापुर से आने वाली बसों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। ये मोहनसराय से वापस होंगी। - भदोही से आने वाली बसें भी शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगी। इन्हें परमपुर या सजोई अंडरपास से वापस किया जाएगा। - एयरपोर्ट तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को बड़ागांव की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इन ओवरब्रिज और मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध हरहुआ और तरना ओवरब्रिज पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। लकड़ीमंडी तिराहे से रूट जीरो होने पर कोई भी वाहन कैंट ओवरब्रिज से नहीं जा सकेगा। कज्जाकपुरा ओवरब्रिज पर भी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
    Click here to Read more
    Prev Article
    खेत के विवाद में बुजुर्ग की पिटाई के बाद मौत:कौशांबी में 4 नामजद और 6-7 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज
    Next Article
    बॉयफ्रेंड संग पकड़े जाने पर गर्लफ्रेंड ने किया हंगामा:झांसी में बाइक पर जाते दिखी,पिता थप्पड़ मारकर एसएसपी के पास ले गए

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment