Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    यूक्रेन वार्ता को जानबूझकर लंबा खींच रहा रूस, EU ने लगाया गंभीर आरोप

    5 hours ago

    7

    0

    यूरोपीय संघ (ईयू) के देशों ने सोमवार को रूस पर आरोप लगाया कि वह यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए वार्ताओं को जानबूझकर लंबा खींचने की कोशिश कर रहा है। ईयू ने कहा कि एक तरफ रूस बातचीत का दिखावा कर रहा है, तो दूसरी तरफ सर्दियां करीब आने के साथ ही आम नागरिकों का जीवन और कठिन बनाने के लिए बिजली संयंत्रों व अन्य बुनियादी ढांचों पर बमबारी कर रहा है। ब्रसेल्स में हुई बैठक में ईयू के विदेश मंत्रियों ने कहा कि पहली प्राथमिकता युद्धविराम कराना और उसके बाद एक वास्तविक शांति समझौता कराना होना चाहिए।मंत्रियों ने कहा कि लगभग पांच साल से जारी इस युद्ध की शुरुआत रूस ने की थी, इसलिए यूक्रेन और उसके समर्थक पश्चिमी देशों के सामने नयी मांगें रखने के बजाय रूस को ही पीछे हटना चाहिए। बैठक की अध्यक्षता करने से पहले ईयू की विदेश नीति प्रमुख काजा कल्लास ने कहा, “हमें इस समय तस्वीर को धुंधला नहीं करना चाहिए। हमें जिस चीज की जरूरत है, वह है युद्धविराम।फिलहाल हमें ऐसा होता नहीं दिख रहा है। हम देख रहे हैं कि रूस वास्तव में हमलों को और तेज कर रहा है।” पिछले सप्ताह अबू धाबी में हुई बातचीत के बाद अमेरिका ने यूक्रेन और उसके सहयोगी देशों से कहा था कि वे यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से आकार देने की रूस की मांग पर सहमत हों। अमेरिका का मानना है कि इससे शांति लाने में मदद मिल सकती है।लेकिन यूरोपीय देश इसे नाटो को कमजोर करने की रूसी चाल के रूप में देखते हैं। इसके तहत नाटो को अपने सैनिकों और हथियारों को वापस पश्चिम की ओर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, ठीक उसी तरह जैसे 1999 में चेक गणराज्य, हंगरी और पोलैंड के नाटो में शामिल होने से पहले स्थिति थी। कल्लास ने इस मांग को “बेहद बेतुका” बताया।उन्होंने कहा, “यदि हम इतिहास देखें, तो इनमें से किसी भी देश ने कभी रूस पर हमला नहीं किया है।” उन्होंने कहा कि रूस की हमेशा से यह रणनीति रही है कि वह अधिक से अधिक मांगें रखता है, जबकि युद्ध उन्होंने शुरू किया है। वे हमलावर हैं और पीड़ित केवल एक (यूक्रेन) है।” आयरलैंड की विदेश मंत्री हेलेन मैकएन्टी ने कहा कि वार्ताओं के बावजूद, “रूस ने स्पष्ट रूप से अपना रुख नहीं बदला है। वह नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर अपने हमले जारी रखे हुए है।” मैकएन्टी ने कहा कि ईयू सोमवार देर शाम और अधिक प्रतिबंधों पर सहमत होगा, ताकि विशेष रूप से उस वित्तीय तंत्र पर प्रहार किया जा सके जिसके जरिए रूस यह युद्ध लड़ रहा है।मंत्री आने वाली सर्दियों का सामना करने में यूक्रेन की मदद करने के तरीकों पर भी विचार करेंगे। जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल ने कहा, “यूरोप के पास पहले से एक सुरक्षा ढांचा है — हमें किसी नए ढांचे की आवश्यकता नहीं है, हमें बस सभी की ओर से मौजूदा सुरक्षा ढांचे के प्रति सम्मान की आवश्यकता है।” उन्होंने कहा कि यूरोपीय दृष्टिकोण से किसी भी संभावित समझौते का यही आधार है। लिथुआनिया के विदेश मंत्री केस्टुटिस बुड्रिस ने भी इस बात पर जोर दिया कि यूरोप को किसी अन्य सुरक्षा ढांचे की जरूरत नहीं है।उन्होंने कहा कि रूस पर भरोसा नहीं किया जा सकता और उसने पहले भी पिछले समझौतों को तोड़ा है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    Russia Air Defence ने यूक्रेन के 1,336 ड्रोन मार गिराने का दावा किया
    Next Article
    Organic Food की समझ सिर्फ सर्टिफिकेशन लेबल तक सीमित नहीं, शोध में हुआ खुलासा

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment