Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    राम मंदिर चढ़ावा चोरी की रिपोर्ट चोरी न हो जाए:अखिलेश ने SIT को किया अलर्ट; केजरीवाल बोले- चोरी में बड़े लोग शामिल

    6 hours ago

    1

    0

    अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी का मामला ठंडा पड़ता नहीं दिख रहा। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) 6 दिन की जांच पूरी करके 20 जून (शनिवार) को लखनऊ आ चुकी है। लेकिन, इसी बीच रविवार को SIT को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसा। उन्होंने कहा- SIT ध्यान रखे, कहीं उसकी रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए। फिर कहा जाएगा कि 15 दिन और इंतजार कर लीजिए। अखिलेश ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जांच एजेंसी को सतर्क रहना चाहिए। जांच की समय-सीमा बढ़ाने के पीछे सबूतों को ठिकाने लगाने की कोशिश हो सकती है। अखिलेश के अलावा उनकी पार्टी के पूर्व विधायक और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर तंज कसा। पूर्व मंत्री पवन पांडेय बोले- चढ़ावे की डकैती हुई, संत-महंत व्यवस्था संभालें सपा सरकार में मंत्री रह चुके पवन पांडेय ने भी रविवार को राम मंदिर में चढ़ावे और आभूषणों की चोरी को लेकर सरकार और मंदिर ट्रस्ट पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों से चढ़ावे, आभूषण और रत्नों की डकैती के मामले सामने आ रहे हैं। ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। पवन पांडेय ने कहा- अयोध्या ऋषि-मुनियों, तपस्वियों, मां सरयू और हनुमानगढ़ी की पवित्र धरती है। ऐसे स्थान पर इस तरह की घटनाएं होना पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। जांच रिपोर्ट चाहे जो आए, लेकिन सब जानते हैं कि चोरी और डकैती हुई है। आभूषण गायब हुए हैं। ऐसे में मंदिर की व्यवस्था को लेकर नए सिरे से फैसला होना चाहिए। संत-महंत और शंकराचार्यों की बैठक बुलाएं : पवन पांडेय ने कहा कि देश के शंकराचार्यों और अयोध्या के प्रमुख संत-महंतों की एक बैठक होनी चाहिए। सर्वसम्मति से जो निर्णय लिया जाए, उसी के अनुरूप राम मंदिर का संचालन और व्यवस्था चलाई जाए। जिससे भविष्य में इस तरह की चोरी या डकैती की घटनाएं दोबारा न हों। सरकार निगरानी करे, लेकिन फैसला संतों का हो : पवन पांडेय ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निगरानी करने में सहयोग करें। केंद्र और प्रदेश सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाएं। लेकिन, मंदिर की व्यवस्था से जुड़े फैसले शंकराचार्य और संत-महंतों के निर्देशों के अनुसार होने चाहिए। अगर संत-महंत और शंकराचार्य मिलकर व्यवस्था तय करेंगे तो मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के मंदिर में भविष्य में इस तरह की कोई घटना नहीं होगी। केजरीवाल बोले- किसे बचाया जा रहा है दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा- अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपए का चढ़ावा चोरी हो गया। बताया जा रहा है कि करीब 200 करोड़ का तो कैश ही चोरी हो गया। इसके अलावा कई हीरे-जवाहरात के बक्से चोरी हो गए। लेकिन, एक भी एफआईआर नहीं हुई। न यूपी पुलिस ने कोई एफआईआर की, न ईडी ने कोई एफआईआर की, न सीबीआई ने कोई एफआईआर की। केंद्र और यूपी में दोनों जगह इनकी सरकारें हैं। कोई रेड नहीं, कोई गिरफ्तारी नहीं। कह रहे हैं, बहुत बड़े-बड़े नाम शामिल हैं। कार्रवाई हो, तो किस पर हो? किसे बचाना जरूरी है? सरकार को या करोड़ों-करोड़ों लोगों की आस्था को? योगी ने कहा था- अयोध्या को बदनाम न करें 19 जून को अयोध्या में सीएम योगी ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार किया था। कहा था कि कुछ लोग बिना जांच पूरी हुए बयानबाजी कर रहे हैं। वो अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। अगर किसी के पास कोई सबूत है तो वह SIT को दे। जांच पूरी होने तक किसी के चरित्र हनन की कोशिश नहीं होनी चाहिए। दोषी होगा, तो बचेगा नहीं। ट्रस्ट की मांग पर ही SIT बनाई गई। जल्द ही "दूध का दूध, पानी का पानी" हो जाएगा। SIT की 6 दिन की जांच में 150 संदिग्धों के नाम सामने आए राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच कर रही SIT शनिवार शाम अयोध्या से लखनऊ आ गई। 6 दिन की जांच में टीम के सामने 150 संदिग्धों के नाम आए। इनमें से करीब 25 लोगों पर कार्रवाई की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, जिन लोगों से पूछताछ की गई, उन्हें अगले आदेश तक कहीं बाहर न जाने को कहा गया है। टिन्नू यादव से कई बार पूछताछ हुई SIT ने राम मंदिर में प्रभाव रखने वाले रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू से सभी 6 दिन पूछताछ की। टीम ने उसके करीबियों, रिश्तेदारों और उनसे जुड़ी संपत्तियों की भी जानकारी जुटाई। जांच के दौरान CCTV फुटेज, चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया, बैंक में पैसा जमा कराने का तरीका और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। टीम संदिग्धों के बैंक खातों की जानकारी भी अपने साथ ले गई। सूत्रों के अनुसार, लवकुश, अवनीश, अनुकल्प, करुणे और रामशंकर उर्फ टिन्नू की निशानदेही पर अब तक करीब 2 करोड़ रुपए की रिकवरी हुई है। ये सभी चढ़ावे की गिनती से जुड़े काम में लगे थे। चंपत राय, गोपाल और अनिल मिश्रा हटेंगे सूत्रों का कहना है कि चढ़ावा राशि को लेकर उठे सवालों के बाद संघ के बड़े पदाधिकारी भी सक्रिय हैं। संघ SIT रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। इसके बाद संबंधित लोगों की जवाबदेही तय की जा सकती है। ट्रस्ट के प्रमुख चेहरों में शामिल चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को हटाया जा सकता है। या फिर उनकी भूमिकाएं बदली जा सकती हैं। इनकी जगह कुछ नए चेहरों को ट्रस्ट और प्रबंधन व्यवस्था में शामिल किया जा सकता है। वहीं, संघ के कुछ पदाधिकारी मानते हैं कि गोपाल राव ने लंबे समय तक मंदिर की सेवा की है। उनकी निष्ठा पर कोई सवाल नहीं है। इसलिए कोशिश रहेगी कि यह संदेश न जाए कि उन्हें किसी फाइनेंशियल गड़बड़ी या गबन के चलते हटाया गया है। अनुभवी लोगों के हाथ आएगी कमान सूत्रों के मुताबिक, मंदिर का मैनेजमेंट संभालने के लिए एक नया स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। इसमें तैनात हर अफसर और कर्मचारी की जिम्मेदारी लिखित रूप में तय होगी। मैनेजमेंट टीम की हैरार्की बनाई जाएगी यानी किस अधिकारी के पास कौन-सी जिम्मेदारी होगी, कौन किसे रिपोर्ट करेगा और जवाबदेह कौन होगा, यह लिखित रूप से तय किया जाएगा। सिर्फ कर्मचारियों की ही नहीं, ट्रस्ट के हर सदस्य और पदेन सदस्य की भूमिका भी लिखित रूप से तय होगी। चढ़ावा गिनने और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन का काम किसी एक व्यक्ति के भरोसे नहीं रहेगा। इसमें कई लोगों की भागीदारी तय की जाएगी। जिससे आगे किसी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। SIT की रिपोर्ट के बाद बनेगी SOP मंदिर ट्रस्ट के सूत्रों का कहना है कि SIT की जांच रिपोर्ट आने के बाद मंदिर मैनेजमेंट, फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन और संपत्तियों की रक्षा के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) बनाया जाएगा। इसमें किसी एक व्यक्ति को सारे अधिकारी देने के बजाय जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा होगा। SOP तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मंदिर में करीब 1500 लोग काम करते हैं। इनमें बड़ी संख्या RSS के स्वयंसेवकों की है। उन्हें मंदिर की ओर से वेतन मिलता है, लेकिन उनकी लिखित जवाबदेही तय नहीं है। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष और ट्रस्ट के पदेन सदस्य नृपेंद्र मिश्रा ने खुद इस स्थिति को स्वीकार किया है। नृपेंद्र मिश्रा ने उठाए मैनेजमेंट पर सवाल मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष और ट्रस्ट के पदेन सदस्य नृपेंद्र मिश्रा ने भी मंदिर मैनेजमेंट पर सवाल उठाए हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के सदस्यों की कोई अकाउंटेबिलिटी तय नहीं है। न ही उनके बीच डिस्ट्रिब्यूशन ऑफ वर्क है। हालांकि ट्रस्ट महासचिव चंपत राय को क्लीनचिट देते हुए उन्हें निष्ठावान और मंदिर के प्रति समर्पित बताया। नृपेंद्र मिश्रा ट्रस्ट के सबसे सक्रिय पदेन सदस्यों में रहे हैं। उनके बयान के बाद चर्चा शुरू हो गई है कि अगर व्यवस्थाओं में इतनी कमियां थीं, तो ये पहले क्यों सामने नहीं आईं? इस सवाल पर दैनिक भास्कर ने उनसे बात की, तो उन्होंने SIT रिपोर्ट आने से पहले कुछ भी कहने से इनकार किया। वैष्णोदेवी श्राइन की तर्ज पर बोर्ड बनाने के आसार सूत्रों के मुताबिक, मंदिर मैनेजमेंट और फाइनेंशियल प्लानिंग में कमियां उजागर होती ही ब्यूरोक्रेसी भी एक्टिव हो गई है। रिटायर्ड और मौजूदा अफसर चाहते हैं कि मंदिर में किसी रिटायर्ड या मौजूदा IAS अधिकारी को सीईओ बनाया जाए। उनकी देख-रेख में मंदिर मैनेजमेंट के लिए एक अलग ऑफिस बने। इसके लिए वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का उदाहरण भी दिया जा रहा है। ऐसा करने से मंदिर की कमान सीधे तौर पर सरकार और ब्यूरोक्रेसी के हाथ आ जाएगी। ----------------------------- यह खबर भी पढ़ें- राम मंदिर से सबूत लेकर SIT लखनऊ पहुंची, CM योगी को आज-कल में रिपोर्ट देगी; जिनसे पूछताछ हुई, उन्हें चेतावनी- बाहर न जाएं राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच कर स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) शनिवार शाम करीब 8 बजे अयोध्या से लखनऊ लौट गई। 6 दिन की जांच में 150 संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। इनमें से 25 लोगों पर कार्रवाई के आसार हैं। जिन लोगों से SIT पूछताछ कर चुकी है, उन्हें अगले आदेश तक कहीं बाहर न जाने की चेतावनी दी गई है। पूरी खबर पढ़िए…
    Click here to Read more
    Prev Article
    झांसी में भाजपा MLC ने मंच पर कुर्सी फेंकी:पीछे जाकर बैठे, जिला पंचायत अध्यक्ष भी नाराज, बोले- सम्मान के लिए ऐसे 10 मंच कुर्बान
    Next Article
    AAP का चंदा चोरी के आरोपों पर प्रदर्शन:420 रूपए का चढ़ावा दान कर बजरंग बली से की प्रार्थना

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment