Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:ट्रैक्टर नहर में पलटा, ड्राइवर की दबकर मौत; छात्रा से रेप का आरोपी कॉन्स्टेबल अरेस्ट

    4 hours ago

    3

    0

    नमस्कार, कानपुर में कल (बुधवार) की बड़ी खबरें… काकादेव में MSC छात्रा से रेप के आरोपी कॉन्स्टेबल को पुलिस ने अरेस्ट किया है। नौकरी, शादी का झांसा देकर फंसाया था। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी थी। नौबस्ता से दलनपुर जाने वाली रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर बेकाबू होकर नहर में पलट गया। इंजन के नीचे दबकर 35 साल के ड्राइवर रामनाथ राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ बैठा एक युवक नहर में बह गया। पुलिस और एसडीआरएफ टीम 5 किमी में सर्च कर रही है। दोपहर में चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। गर्म हवा ने लू जैसा एहसास कराया। शहर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में सड़कें सूनी दिखीं। बहुत जरूरी काम होने पर जो लोग बाहर निकले वो धूप से बचने के लिए सिर पर गमछा, छाता और आंखों पर चश्मा लगाए नजर आए। हफ्तेभर में पारा 40 डिग्री पार करने का अनुमान है। ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें… 1- तेज रफ्तार ट्रैक्टर नहर में पलटा, चालक की मौत: एक युवक बहने की आशंका, सर्च ऑपरेशन जारी कानपुर के सेन पश्चिम पारा और नौबस्ता थाना क्षेत्र की सीमा पर बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नौबस्ता से दलनपुर जाने वाले मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में जा पलटा। हादसे में चालक 35 वर्षीय रामनाथ राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ बैठे एक युवक के नहर में बहने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि दलनपुर निवासी रामनाथ राजपूत ट्रैक्टर चला रहे थे और उनके साथ एक मजदूर सवार था। नौबस्ता बंबा के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर का इंजन रामनाथ के ऊपर पलट गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, लापता युवक की तलाश में एसडीआरएफ और पुलिस ने करीब 5 किलोमीटर तक नहर में सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह के मुताबिक, टीम मौके पर तैनात है और आगे की कार्रवाई जारी है। पढ़ें पूरी खबर... 2- पति से विवाद के बाद महिला ने लगाई फांसी, कमरे में मिला शव कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद के बाद 27 वर्षीय महिला ने तड़के फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह जब पति की नींद खुली तो पत्नी कमरे में नहीं मिली। तलाश करने पर वह दूसरे कमरे में पहुंचा, जहां दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो महिला का शव दुपट्टे के फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पनका गांव निवासी अंकुश दिवाकर की शादी चार साल पहले सीमा दिवाकर से हुई थी। बताया जा रहा है कि दंपती के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और महिला सास-ससुर से अलग रहने का दबाव बना रही थी। मंगलवार रात भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह नाराज होकर दूसरे कमरे में चली गई। सुबह करीब सात बजे पति ने खिड़की से देखा तो वह पंखे से लटकी मिलीं। थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का है। मायके पक्ष की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर... 3- दोपहर में लू जैसा एहसास, पारा 38 डिग्री पार, हफ्तेभर में पारा 40°C पार जाएगा कानपुर में बीते एक सप्ताह से गर्मी लगातार बढ़ रही है और बुधवार को दोपहर में गर्म हवाओं ने लू जैसे हालात पैदा कर दिए। तेज धूप और झुलसाने वाली हवा के चलते सड़कों पर सन्नाटा नजर आया और लोग केवल जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले। गर्मी और प्रदूषण से राहत देने के लिए नगर निगम की ओर से सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। CSA की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धूप से बचने के लिए लोग सिर पर गमछा, छाता और आंखों पर चश्मा लगाए नजर आए, वहीं युवतियां भी चेहरा कवर कर बाहर निकलीं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी तथा तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। पढ़ें पूरी खबर... 4- MSC छात्रा से रेप करने वाला कॉन्स्टेबल अरेस्ट, नौकरी-शादी का झांसा देकर फंसाया कानपुर में एमएससी छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी कांस्टेबल को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने नौकरी और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। विरोध करने पर वीडियो वायरल कर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी भी दी गई। काकादेव में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को आगरा जाते समय ट्रेन में उसकी मुलाकात अलीगढ़ के खैर निवासी योगेंद्र सिंह से हुई थी, जिसने खुद को यूपी पुलिस का कांस्टेबल बताया और यहीं से संपर्क शुरू हुआ। पढ़ें पूरी खबर... 5- एक ही रात में तीन चोरी की वारदातें, दो ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाया कानपुर के चौबेपुर में चोरों ने दो ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाया। बालाजी ज्वेलर्स का शटर तोड़कर करीब तीन लाख की चांदी व आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी कर ली, जबकि श्री सांवरिया ज्वेलर्स में घुसने की कोशिश नाकाम रही। सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े गए, हालांकि कुछ फुटेज पुलिस को मिले हैं। इसी रात अमिलिहा गांव में बंद कमरे का ताला तोड़कर 15 हजार की नकदी चोरी कर ली गई। घर मालिक बाहर थे। एक ही रात में तीन वारदातों से दहशत फैल गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर... 6- मोतीझील के अंडर-12 पार्क में टूटे झूले, सिंथेटिक ट्रैक उखड़ा; बच्चों के लिए बना खतरा, 1 किमी दूर नगर निगम का ऑफिस कानपुर के मोतीझील कारगिल पार्क स्थित अंडर-12 चिल्ड्रेन पार्क की हालत बेहद खराब हो गई है। बच्चों के झूले टूट चुके हैं और सिंथेटिक ट्रैक जगह-जगह से उखड़ गया है। झूलों के आसपास बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे खेलते समय बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि पार्क नगर निगम मुख्यालय से चंद कदमों की दूरी पर है, फिर भी महीनों से मरम्मत नहीं कराई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित मेंटेनेंस के अभाव में यह स्थिति बनी है, साथ ही झूलों का गलत इस्तेमाल भी नुकसान बढ़ा रहा है। 2021 में बने इस पार्क की हालत कुछ ही साल में खराब होने से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। मेयर प्रमिला पांडेय ने निरीक्षण कराकर खामियां दूर करने का आश्वासन दिया है। पढ़ें पूरी खबर... 7- तेज रफ्तार ऑटो ने दो युवतियों को मारी टक्कर, ऊपर पलटा: हालत गंभीर कानपुर के रामादेवी चौराहे पर मंगलवार रात तेज रफ्तार ऑटो ने दो युवतियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो उनके ऊपर ही पलट गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद राहगीरों ने साहस दिखाते हुए युवतियों को बाहर निकालकर कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया। हादसे के दौरान साथ मौजूद मां बाल-बाल बच गईं। परिजनों के मुताबिक, सनिगवां निवासी शबाना खान अपनी बेटियों समरा (22) और बुसरा (24) के साथ खरीदारी कर लौट रही थीं और ऑटो का इंतजार कर रही थीं, तभी हादसा हुआ। घटना के बाद लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के बीच चालक के नशे में होने की चर्चा रही। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर... 8- पुलिस कमिश्नरेट में मानदेय घोटाला, 4 लिपिक सस्पेंड; 71 पुलिसकर्मियों को छुट्‌टी में भी मिला मानदेय कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में छुट्टी के बावजूद 71 इंस्पेक्टर, दरोगा और कांस्टेबलों को एक माह का अतिरिक्त मानदेय दिए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। अकाउंट विभाग की लापरवाही सामने आने पर चार लिपिकों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि संबंधित 71 पुलिसकर्मियों से 2.88 लाख रुपये की वसूली उनके वेतन से कर ली गई है। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर संकल्प शर्मा के अनुसार, जांच में पाया गया कि अवकाश के दिनों की कटौती किए बिना पूरा मानदेय दे दिया गया। जांच में दरोगा भूपेंद्र कुमार सिंह, दरोगा पवन कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार और कांस्टेबल हरिशंकर की जिम्मेदारी तय हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद चारों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही सभी जोनों और थानों में दिए जा रहे मानदेयों की जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस कमिश्नर ने तीन दिन में विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। पढ़ें पूरी खबर... 9- जाजमऊ की फर्म में 2 करोड़ से ज्यादा का गबन; फर्जी बिल्टी से निकाली रकम, अकाउंटेंट पर केस कानपुर के जाजमऊ स्थित एक निजी फर्म में दो करोड़ रुपये से अधिक के गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि अकाउंट सेक्शन में तैनात कर्मचारी ने फर्जी ट्रांसपोर्ट बिल्टी और दस्तावेज तैयार कर कंपनी के खातों से रकम निकाल ली। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फर्म संचालक मोहम्मद शाहनवाज के मुताबिक, आरोपी सुरेश कुमार पिछले पांच साल से ट्रांसपोर्ट भुगतान देख रहा था और इसी दौरान उसने फर्जी एंट्री के जरिए रकम हड़प ली। जांच में आरोपी ने गबन की बात कबूल कर ली है। पुलिस के अनुसार, उसने रकम अपने और पत्नी के खातों में ट्रांसफर कर जमीन, गहने और अन्य सामान खरीदे, जबकि कुछ पैसा शेयर बाजार में लगाया। कार्रवाई के दौरान 17.95 लाख रुपये नकद और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। पुलिस अब पांच साल के पूरे रिकॉर्ड खंगाल रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पढ़ें पूरी खबर... 10- शादी में गैस की टेंशन खत्म: 24 घंटे में मिलेगा सिलेंडर, बस कार्ड और आवेदन दें अगर आपके घर में शादी है तो अब गैस सिलेंडर की किल्लत की चिंता छोड़ दीजिए। जिलापूर्ति विभाग ने खास व्यवस्था शुरू की है, जिसके तहत शादी का कार्ड और प्रार्थना पत्र देने पर 24 घंटे के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए कचहरी के सामने स्थित जिलापूर्ति कार्यालय में विशेष आपूर्ति लिपिक तैनात किया गया है। अब तक 300 से ज्यादा लोगों को इस सुविधा का लाभ मिल चुका है। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार के मुताबिक, आवेदन के सत्यापन के बाद संबंधित ऑयल कंपनी को तुरंत आदेश जारी किया जाता है। पारदर्शिता के लिए आदेश पत्र पर सेल्स ऑफिसर का मोबाइल नंबर भी दर्ज किया जाता है। शाम तक सभी आवेदनों की सूची तैयार कर कंपनियों को भेज दी जाती है, जिसके बाद गैस एजेंसी खुद उपभोक्ता से संपर्क कर सिलेंडर उपलब्ध कराती है। पढ़ें पूरी खबर…
    Click here to Read more
    Prev Article
    55.57 करोड़ के घोटाले से जुड़ रहे हमले के तार:रिटायर्ड कर्नल ने द सैनिक सहकारी आवास समिति लिमिटेड में गबन का किया था पर्दाफाश
    Next Article
    पति ने गर्भवती बेटी और पत्नी को बेरहमी से पीटा:जेवर और मोबाइल लूटकर हुआ फरार, खाकी के रसूख के आगे बेबस हुई मां-बेटी, घटना का वीडियो आया सामने

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment