Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    ज्वाइनिंग लेटर हाथ में था..नौकरी से पहले छीन ली जिंदगी:पत्नी बोलीं- मुझे भी मारना चाहते थे, सहारनपुर में साले ने जीजा को गोली मारी

    3 hours ago

    1

    0

    ‘भाई और मामा मेरे लव मैरिज से नाराज थे। वे लोग हमें मारना चाहते थे। कई बार धमकियां दी थीं। जब मैं परीक्षा देकर घर जा रही थी, तभी रास्ते में बाइक सवारों ने मेरी स्कॉर्पियो को घेर लिया। इसके बाद मेरे भाई मंजीत ने मेरे पति शिवकुमार के कनपटी में गोली मार दी। फिर वह मुझे भी मारना चाहते थे, लेकिन लोगों के आने से वे भाग गए।’ ये बातें सहारनपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई आकांक्षा ने कहीं, जिसके पति की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। आकांक्षा ने बताया-शादी के बाद दोनों काफी खुश थे, लेकिन घर वाले काफी नाराज थे। वे लोग जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसी वजह से हम दोनों ने घर छोड़ दिया और मुजफ्फरनगर में एक रिश्तेदार के घर रहने लगे। मेरे पति शिवकुमार कहते थे कि सब सही हो जाएगा। उसकी SSF में नौकरी लग गई थी। 10 जून को ज्वाइनिंग थी, लेकिन उन लोगों ने नौकरी से पहले ही उसकी जिंदगी छीन ली। दरअसल, मंगलवार दोपहर रामपुर मनिहारान में परीक्षा दिलाकर जा रहे शिवकुमार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात परीक्षा केंद्र से 500 मीटर दूर हुई। शिवकुमार की पत्नी आकांक्षा ने अपने भाइयों, पिता और रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस हर एंगल की जांच कर रही है। बुधवार को शिवकुमार का शव खेड़ी बैरागी गांव पहुंचा। शव को देखते ही घर वालों में चीख-पुकार मच गई। आज दोपहर में अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांव के लोग बताते हैं कि शिवकुमार शांत स्वभाव का था। नौकरी लगने के बाद वह गांव में सम्मान के साथ लौटना चाहता था, लेकिन अब उसके घर उसकी डेडबॉडी आई है। सबसे पहले देखिए 2 तस्वीरें... शादी के बाद से भाभी के घर वाले भाई का पीछा करते थे शिवकुमार की बहन नीतू ने बताया- शादी के बाद से ही आकांक्षा के परिवार वाले घर आकर बदतमीजी करते थे। शिवकुमार के लोगों का पीछा करते थे। 11 जून को मेरे भाई की ज्वाइनिंग थी। भाभी को परीक्षा दिलाने के लिए वह सहारनपुर गया था। उसे पता चल गया था कि भाभी के घर वाले पीछा करते हुए आ गए हैं। इस पर भाई ने पिता और छोटे भाई को बुलाया था, लेकिन उससे पहले ही भाई को मार डाला। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… पत्नी को परीक्षा दिलाने आया था, रास्ते में घेरकर मारा शामली के खेड़ी बैरागी में रहने वाले शिवकुमार ने चार महीने पहले अपने ही गांव की लड़की आकांक्षा से लव मैरिज की थी। मंगलवार को आकांक्षा की यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज में थी। शिवकुमार किराए की स्कॉर्पियो से अपनी पत्नी और दूसरे परिजनों को लेकर उसे परीक्षा दिलाने आया था। परीक्षा खत्म होने के बाद स्कॉर्पियो जैसे ही केंद्र से 500 मीटर दूर हाईवे पर पहुंची, तो आकांक्षा का भाई और उसका मामा दो बाइक से उनका पीछा करने लगे। करीब 300 मीटर आगे कई गाड़ियों के होने से स्कॉर्पियो की रफ्तार धीमी हुई, तो दोनों ने स्कॉर्पियो को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद मंजीत ने शीशे के पास आकर गोली मार दी। गोली शिवकुमार के सिर में लगी। खून से लथपथ शिवकुमार को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब देखिए वारदात की 2 तस्वीरें.. आकांक्षा बोलीं-मुझे भी मारना चाहते थे हॉस्पिटल में रोते-बिलखते आकांक्षा ने बताया- शिवकुमार और मैं एक ही गांव के रहने वाले हैं। इसलिए हम दोनों का मिलना-जुलना रहता था। धीरे-धीरे प्यार हो गया। इसके बाद शिवकुमार ने मेरे परिवार से शादी की बात की, लेकिन वे लोग राजी नहीं थे। फिर हम दोनों ने लव मैरिज करने का फैसला लिया। 27 फरवरी 2026 को प्रयागराज में एक आर्यसमाज मंदिर में शादी की थी। इसके बाद जब हम दोनों घर पहुंचे, तो मेरे मायके वालों ने जान से मारने की धमकी दीं। शिवकुमार और मैंने गांव छोड़ दिया और मुजफ्फरनगर में एक रिश्तेदार के घर रहने लगे। नौकरी लगी तो लगा अब सब ठीक हो जाएगा आकांक्षा ने बताया- शिवकुमार ने तमाम मुश्किलों के बावजूद पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी। हाल ही में उसका चयन गृह मंत्रालय के अधीन SSF में हुआ था। 3 मई को उसका ज्वाइनिंग लेटर आ गया था। 10 जून को ज्वाइन करना था। इससे वह काफी खुश था। शिवकुमार को विश्वास था कि अब परिवार का विरोध भी धीरे-धीरे खत्म हो जाएगा। हम लोग वापस जाकर गांव रहने लगेंगे। रिश्तेदार बधाई देने आ रहे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि ज्वाइनिंग से पहले ही उसकी अर्थी उठ जाएगी। भाई मुझे भी मारना चाहता था आकांक्षा ने बताया- मेरे परिवार वाले और रिश्तेदार कई बार शिवकुमार को जान से मारने की धमकी दे चुके थे। मंगलवार को उन्होंने शिवकुमार को गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद मेरा भाई मंजीत मुझे भी मारने के लिए झपटा, तो मैं कार की सीट के नीचे छिप गई। इसी बीच आसपास के लोग आ गए, तो वे लोग मुझे छोड़कर भाग गए। गांव में पसरा मातम शिवकुमार की मौत के बाद खेड़ी बैरागी गांव में मातम पसरा है। हर चौपाल और गली में इसी घटना की चर्चा हो रही है। गांव के लोग बताते हैं कि शिवकुमार शांत स्वभाव का था। नौकरी लगने के बाद वह गांव में सम्मान के साथ लौटना चाहता था, लेकिन अब उसके घर उसकी डेडबॉडी आई है। आरोपियों की तलाश में पांच टीमें डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर छापे मारे जा रहे हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि हमलावरों को परीक्षा केंद्र, यात्रा कार्यक्रम और वाहन की जानकारी कैसे मिली। कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान खंगाले जा रहे हैं। ---------------- यह खबर भी पढ़िए:- वृंदावन- बांके बिहारी मंदिर के पास मकान का छज्जा गिरा:9 घायल, 4 की हालत गंभीर; पड़ोसी बोला- बंदर के कूदने से टूटा वृंदावन में मंगलवार शाम बांके बिहारी मंदिर के पास गली नंबर-5 में एक मकान का जर्जर छज्जा अचानक गिर गया। हादसे के समय वहां श्रद्धालुओं की भीड़ थी। छज्जा गिरने से 9 लोग घायल हो गए, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा सुधीर गोस्वामी के मकान में हुआ। पड़ोसी शिवकुमार का कहना है कि छज्जे पर पहले से दरार थी। बंदर के कूदने से गिर गया। पढ़ें पूरी खबर…
    Click here to Read more
    Prev Article
    KGMU में मरीजों का निजी लैब एजेंट ले रहे सैंपल...VIDEO:यूरोलॉजी विभाग में प्राइवेट पैथोलॉजी के एजेंट एक्टिव, डॉक्टरों से मिलीभगत
    Next Article
    कानपुर-बुंदेलखंड में BJP प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन की नब्ज टटोली:पंकज चौधरी बोले-आगामी चुनावों में पार्टी विधायकों के प्रदर्शन को आधार बनाएगी

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment