Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    घायल की मदद करने पहुंचे लोगों को SUV ने रौंदा:गोंडा में 2 सगे भाइयों, चाचा-भतीजे समेत 5 की मौत, घायल को उठाकर एंबुलेंस में रखने जा रहे थे

    6 hours ago

    2

    0

    यूपी के गोंडा में सड़क हादसे में घायल युवक की मदद करने पहुंचे दो सगे भाइयों समेत 5 लोग खुद जान गंवा बैठे। हादसा उस समय हुआ जब डंपर की टक्कर से घायल एक युवक की मदद करने के लिए जुटे लोग उसे उठाकर एंबुलेंस में रखने के लिए सड़क पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार एक्सयूवी ने सभी को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि 10 साल के बच्चे समेत 4 लोग तो करीब फुट हवा में उड़कर 10-12 फीट दूर खंती में जा गिरे। उनके सिर फट गए, कई हडि्डयां टूट गईं। दो लोग कई मीटर तक घिसटते चले गए। चीख-पुकार सुन बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। टक्कर मारकर भाग रहे एक्सयूवी चालक और सवार को दौड़ाकर पकड़ लिया। जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से घायलों को सीएचसी परसपुर पहुंचा, जहां से गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को लखनऊ रेफर किया गया, पर बीच रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं डंपर की टक्कर से घायल युवक, जिसकी मदद के लिए लोग रुके थे, उसकी भी देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। देर रात 6 घंटे में ही पांचों शवों के पोस्टमॉर्टम हुए। सुबह परिजनों को एक-एक करके शव सौंपे गए। सुबह अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने एक्सयूवी में सवार दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया है। एक्सयूवी लखनऊ की बताई जा रही है। घटना गोंडा-लखनऊ हाईवे पर जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में नारायणपुर मोड़ के पास रात करीब 10 बजे हुई। भयावह हादसे की तस्वीरें देखिए- पूरा मामला विस्तार से पढ़िए– तरहटा गांव निवासी संजय तिवारी (33) करनैलगंज तहसील में अधिवक्ता के यहां मुंशी का काम करते थे। मंगलवार रात वह काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद संजय तिवारी बाइक समेत सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरे। घायल अवस्था में वह मदद के लिए आवाज लगाने लगे। इसी दौरान करुआ गांव निवासी विनय उर्फ सनी सिंह (26) मजदूर लेने जा रहे थे। उन्होंने संजय की आवाज सुनकर अपनी मोटरसाइकिल रोकी और गड्ढे में उतरकर उन्हें बाहर निकालने लगे। कुछ ही देर बाद मालियन पुरवा नारायणपुर माझा निवासी हसन मोहम्मद (40) अपने बेटे तबरेज (20), परवेज (18) और भाई इम्तियाज अली (27) के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं सूर्यवंशम पुरवा नारायणपुर माझा निवासी गुलशन (25) अपने भतीजे अंशुमान (10) और पड़ोसी अल्ताफ (32) के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। सभी लोग घायल संजय तिवारी को सड़क के एक किनारे से उठाकर दूसरी तरफ ले जा रहे थे ताकि एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया जा सके। तेज रफ्तार एक्सयूवी ने सभी को कुचल दिया इसी दौरान करनैलगंज की ओर से लखनऊ जा रही एक दिल्ली नंबर की एक्सयूवी, जिसे कस्बा करनैलगंज निवासी शोएब का ड्राइवर आबिद चला रहा था, नारायणपुर मोड़ स्थित संतोष ढाबा के पास अनियंत्रित होकर लोगों के समूह में घुस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक्सयूवी की रफ्तार काफी तेज थी। वाहन ने घायल को बचाने में जुटे लोगों को कुचल दिया और डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। हादसे में संजय तिवारी, हसन मोहम्मद, इम्तियाज अली, गुलशन, अंशुमान, विनय सिंह उर्फ सनी, तबरेज, परवेज और अल्ताफ गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचते ही 4 लोगों को मृत घोषित किया गया घटना के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने हसन मोहम्मद (40), इम्तियाज अली (27), गुलशन (25) और संजय तिवारी (33) को मृत घोषित कर दिया। अंशुमान (10) और अल्ताफ (32) की हालत गंभीर होने पर उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां से दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में अंशुमान की मौत हो गई, जबकि अल्ताफ का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। वहीं घायल तबरेज (20), परवेज (18) और विनय सिंह उर्फ सनी (26) का प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से डिस्चार्ज कर दिया गया। बीच रास्ते बच्चे का शव छोड़कर भागा एम्बुलेंस चालक मृतक अंशुमान के पिता देशराज ने बताया- मेरे बेटे का एक्सीडेंट हो गया था। हालात गंभीर थी मैं लखनऊ लेकर जा रहा था, जहां जरवल मुस्तफाबाद के पास मेरे बेटे की मौत हो गई। एंबुलेंस वाला मेरे बेटे को वापस लेकर के नहीं आया। कहा कि प्राइवेट एंबुलेंस बुला लो और मुझे वहीं पर उतार दिया। इसके बाद में प्राइवेट गाड़ी के माध्यम से अपने बेटे की बॉडी को लेकर की पीएम के लिए आया हूं। इस घटना में मेरे भाई की भी मौत हो गई है दो लोगों की मौत मेरे परिवार से हुई है। चालक और वाहन मालिक हिरासत में हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एक्सयूवी चालक आबिद को पकड़ लिया। इस दौरान लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली नंबर की एक्सयूवी खरीदने वाले वाहन मालिक शोएब और चालक आबिद को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। विधायक और डीएम पहुंचे अस्पताल घटना की सूचना मिलते ही करनैलगंज भाजपा विधायक अजय कुमार सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी और घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। बाद में वह गोंडा मेडिकल कॉलेज भी पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन भी देर रात गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचीं। उन्होंने सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल के साथ घायलों की स्थिति की जानकारी ली और गंभीर घायलों को लखनऊ रेफर कराने की व्यवस्था कराई। 6 घंटे में हुए 5 शवों के पोस्टमॉर्टम इस घटना के बाद देर रात 12:00 से ही गोंडा पोस्टमार्टम हाउस पर डॉक्टरों द्वारा पांचो मृतकों का पीएम किया जा रहा था। सुबह 6:00 तक 6 घंटे के अंदर पांच मृतकों का पोस्टमार्टम किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद अब एक-एक कर परिजन अपने-अपने मृतकों का शव घर पर अंतिम संस्कार करने के लिए लेकर जा रहे हैं। डीएम बोलीं- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि गोंडा-लखनऊ हाईवे पर एक अनियंत्रित एक्सयूवी द्वारा लोगों को रौंदने की घटना सामने आई है। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। दो सगे भाइयों की एक साथ मौत मृतक हसन मोहम्मद और इम्तियाज अली सगे भाई थे। परिवार के अनुसार छह भाइयों में हसन दूसरे नंबर पर थे, जबकि इम्तियाज सबसे छोटे थे। परिवार पहले ही दो भाइयों को खो चुका है। बड़े भाई हसन अली की पहले मौत हो चुकी है, जबकि तीसरे नंबर के भाई नबी अहमद का तीन साल पहले निधन हो गया था। अब हसन मोहम्मद और इम्तियाज की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हसन मोहम्मद के परिवार में फातिमा (21), परवेज (20), आत्मा (19), तबरेज (18) और नाजिया (18) हैं। वहीं इम्तियाज के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक पांच साल का बेटा और दो साल की बेटी शामिल है। दोनों भाई सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। फोटोग्राफी कर परिवार चला रहा था गुलशन हादसे में जान गंवाने वाला गुलशन चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह फोटोग्राफी का काम करता था और उसी से परिवार का खर्च चलता था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। मृतक संजय तिवारी करनैलगंज तहसील में अधिवक्ता के यहां मुंशी का काम करते थे। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे हैं। बड़ा बेटा वैभव तिवारी आठ साल और छोटा बेटा अभय तिवारी छह साल का है। संजय की मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों का दर्द- हादसा देखने गए थे, खुद हादसे का शिकार हो गए मृतक अंशुमान की मां ममता ने बताया- सड़क पर पहले एक दुर्घटना हुई थी। परिवार के लोग घायल की मदद करने और घटना देखने पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एक्सयूवी ने उन्हें रौंद दिया। जो लोग किसी की जान बचाने पहुंचे थे, वही खुद मौत का शिकार हो गए। मृतक हसन मोहम्मद और इम्तियाज के भतीजे साहिल ने बताया- एक्सीडेंट हुआ था। हमारे दो चाचा और दो पड़ोसी मदद करने गए थे तभी एक एक्सयूवी ने टक्कर मार दी। दोनों उछल कर खंती में जा गिरे। दोनों की मौत हो गई। ------------------------------------ ये खबर भी पढ़िए- लखनऊ के एक परिवार के 3 लोगों की मौत:8 गंभीर घायल; कश्मीर घूमकर लौटते समय हादसा, डिवाइडर से टकराई स्कॉर्पियो जम्मू-कश्मीर घूमकर लौट रहे लखनऊ के एक परिवार की स्कॉर्पियो गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चमड़ा कारोबारी अबूबकर (40), उनकी भाभी हिना (28) और 15 वर्षीय भांजी जुनैरा की मौत हो गई, जबकि परिवार के आठ अन्य सदस्य घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक को आई झपकी मानी जा रही है। पूरी खबर पढ़िए…
    Click here to Read more
    Prev Article
    इटावा में सैय्यद मजार पर रात में चला बुलडोजर:5 घंटे में 3 हजार स्क्वॉयर फीट में बनी मजार समतल; वन विभाग ने पौधे रोपे
    Next Article
    सोनभद्र में टैंकर से टकराकर कार सवार महिला की मौत:चालक को झपकी आने से हुआ हादसा, 5 घायलों में दो की हालत गंभीर, छत्तीसगढ़ के लिए निकला था बलिया का परिवार

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment