Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    बिना लीडर कैसे भड़का नोएडा का वर्कर आंदोलन:प्रशासन की बात श्रमिकों तक नहीं पहुंची, मांगों को न मानने की अफवाह से माहौल भड़का

    5 hours ago

    2

    0

    यूपी के गौतमबुद्धनगर जिले (नोएडा/ग्रेटर नोएडा) में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले 3 दिन से फैक्ट्री कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे थे। सोमवार को यह प्रदर्शन हिंसक हो गया। आंदोलन कर रहे सैकड़ों कर्मचारी हाथ में डंडे-लाठी लेकर सड़कों पर उतर आए। कर्मचारियों ने अलग-अलग इलाकों में 350 से ज्यादा फैक्ट्रियों में पथराव, तोड़फोड़ की। 150 से ज्यादा गाड़ियां तोड़ीं। करीब 50 से ज्यादा फूंक दीं। पुलिस की गाड़ियां भी पलट दीं। हालात बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कर्मचारियों ने उन पर भी पथराव कर दिया। करीब 30 लोग चोटिल हो गए। पुलिस ने अब तक 60 लोगों पर केस दर्ज किया है। इस हिंसा से करीब 3000 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ। फैक्ट्री मालिकों का दावा है कि श्रमिकों को उकसाया गया है। वहीं प्रशासन और श्रमिकों के बीच गैप भी एक इस हिंसा की वजह मानी जा रही है। दरअसल रविवार को हुई बैठक के बारे में श्रमिकों को जानकारी ही नहीं दी गई थी। शांतिपूर्वक चल रहा श्रमिक आंदोलन बिना लीडर कैसे और क्यों भड़का? रविवार को बैठक में मांगे मानने के बाद भी प्रदर्शन क्यों हो रहा था? प्रशासन से कहां चूक हुई? क्या कामगारों को उकसाया गया था? पढ़िए रिपोर्ट… सबसे पहले श्रमिकों के आंदोलन की वजह समझिए… नोएडा के फैक्ट्री कर्मचारियों में गुस्से की मुख्य वजह पड़ोसी राज्य हरियाणा का एक फैसला है। 9 अप्रैल को हरियाणा सरकार ने कैबिनेट मीटिंग में फैक्ट्री कर्मचारियों की न्यूनतम सैलरी में 35% बढ़ोतरी करने का फैसला लिया। 10 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी किया। जैसे ही ये खबर नोएडा के इंडस्ट्रियल एरिया में फैली, यहां के कर्मचारी भी सैलरी बढ़ाने की मांग करने लगे। हरियाणा और यूपी में कर्मचारियों की सैलरी में कितना अंतर? हरियाणा- अकुशल श्रमिकों का वेतन 11,275 से बढ़ाकर 15,220 रुपए, अर्द्धकुशल श्रमिकों का वेतन 12,430 से बढ़ कर 16,780 रुपए और कुशल श्रमिकों का वेतन 13,704 से बढ़ कर 18,500 रुपए किया गया। उच्च कुशल का वेतन 14,389 से 19,425 रुपए किया । यह बढ़ोतरी लगभग 35 प्रतिशत है। उत्तर प्रदेश (नोएडा)- यहां अनस्किल्ड वर्करों को लगभग 11,313 रुपए की सैलरी ही मिल रही है। दैनिक मजदूरी- हरियाणा में रोजाना मजदूरी 580 से 750 रुपए तक पहुंच गई है, जबकि नोएडा में केवल 435 से 535 रुपए के बीच है। अब पिछले 3 दिन का पूरा घटनाक्रम समझिए… 10 और 11 अप्रैल- होजरी कॉम्प्लेक्स और सूरजपुर-दादरी रोड पर करीब एक हजार फैक्ट्री वर्करों ने प्रदर्शन शुरू किया। पुलिस के लाठीचार्ज से तनाव बढ़ गया। मामला लखनऊ तक पहुंचा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने 24 घंटे में मामला सुलझाने के निर्देश दिए। 12 अप्रैल- नोएडा की DM मेधा रूपम और श्रम विभाग के अधिकारियों ने इंडस्ट्री मालिकों के साथ बैठक की। प्रशासन ने कंपनियों को सख्त निर्देश दिए कि वे श्रम कानूनों का पालन करें और समय पर सैलरी दें। कंट्रोल रूम भी बनाया गया। 13 अप्रैल- आश्वासनों से फैक्ट्री वर्कर संतुष्ट नहीं हुए क्योंकि मुख्य मांग यानी सैलरी बढ़ाने को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ। सोमवार सुबह हजारों वर्कर सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन हिंसक हो गया। अब नोएडा में हिंसा भड़कने की वजह समझिए… सोमवार को करीब 400 फैक्ट्री कर्मचारी मदरसन कंपनी के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इस आंदोलन का कोई लीडर नहीं था। ऐसा कोई चेहरा सामने नहीं आया जो इस आंदोलन को लीड कर रहा था। कर्मचारी ही इस आंदोलन के मुख्य लीडर थे। सुबह करीब 9 बजे कर्मचारियों ने फैक्ट्री मालिकों और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। नारेबाजी के दौरान कर्मचारी बोल रहे थे कि चार दिन से बैठे हैं, मगर हमारी कोई सुनवाई नहीं हो रही। हमारी मांगे मानी नहीं जा रहीं। इसी बीच किसी ने कह दिया कि कर्मचारियों की मांगों को नहीं माना गया है। यह सुनते ही भीड़ उग्र हो गई। भीड़ ने पथराव और आगजनी शुरू कर दी। नोएडा के कई इंडस्ट्री में श्रमिक अंदर घुस गए। जबरन काम बंद कराने लगे। फैक्ट्री में काम करने वाली लड़कियों को बाहर निकलने को कहा। भीड़ को देखकर लड़कियां डर गईं। बेंच के नीचे छुप गईं। जब उपद्रवी बाहर चले गए, तब लड़कियां कंपनियों से बाहर निकलीं। उन्हें घर भेज दिया गया। इसी बीच सोशल मीडिया पर भी आंदोलन को लेकर अफवाहें शुरू हो गईं। कर्मचारियों के मौत और घायल होने की फेक न्यूज चला दी। इससे हिंसा और भड़क गई। बिना किसी नेतृत्व के इतना बड़ा और संगठित हिंसक आंदोलन कैसे खड़ा हो गया? जांच एजेंसियां अब इसी कड़ी को जोड़ने में जुटी हैं। प्रशासन ने कहां चूक की, वो पढ़िए- रविवार को नोएडा प्राधिकरण में बैठक हुई। इसमें प्राधिकरण, पुलिस, जिला प्रशासन और औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने की। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम भी मौजूद रहीं। जबकि प्रमुख सचिव (श्रम) एमकेएस सुंदरम और श्रम आयुक्त मार्कण्डेय शाही वर्चुअल जुड़े थे। बैठक में तय हुआ कि नई श्रम संहिताओं के तहत न्यूनतम वेतन, समय पर भुगतान, समान कार्य के लिए समान वेतन, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, ईपीएफ-ईएसआई, ग्रेच्युटी और सुरक्षित कार्यस्थल जैसे प्रावधानों को सख्ती से लागू किया जाएगा। श्रमिकों के शोषण पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। DM ने सभी औद्योगिक इकाइयों के मालिकों को निर्देश दिए कि शासन की गाइडलाइंस नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से लगाई जाएं। फैक्ट्री गेट पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने को कहा गया। मीटिंग में जो भी निर्णय लिए गए, इनकी जानकारी सोमवार सुबह तक श्रमिकों को नहीं हुई। यही सूचना का गैप आंदोलन के उग्र होने की बड़ी वजह बना। अब जांच का फोकस इसी पर है कि आखिर किस स्तर पर यह चूक हुई। जिसने हालात को बेकाबू बना दिया। सबसे पहले कहां और कैसे भड़की हिंसा-आगजनी? सुबह 9 बजे: मदरसन गेट से भड़की चिंगारी आंदोलन की शुरुआत फेज-2 स्थित सेक्टर-81 की मदरसन कंपनी से हुई। सुबह करीब 9 बजे 300-400 कर्मचारी गेट पर प्रदर्शन कर रहे थे। अचानक भीड़ उग्र हो गई। पुलिस के चार वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। इसके बाद करीब 10 गाड़ियों को फूंक दिया गया। हालात संभालने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। तुरंत पीएसी व आरएएफ को बुलाया गया। इसके बाद फेज-2 में अलग-अलग कंपनियों के बाहर छोटे-छोटे समूहों में बवाल शुरू हो गया। सुबह 10 बजे: श्रमिक सड़कों पर उतरे, ट्रैफिक जाम एक घंटे के भीतर ही सेक्टर-1 से 6 तक काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। डीएससी रोड पर बैठकर नोएडा से दिल्ली जाने वाला ट्रैफिक रोक दिया गया। करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति रही, हालांकि पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भीड़ को हटाकर रास्ता खुलवा दिया। इस दौरान मुख्य सड़कों पर जाम की स्थित बन गई। दोपहर 1 बजे: सेक्टर-57 में 50 से ज्यादा फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ दोपहर 12 बजे के बाद आंदोलन ने संगठित और हिंसक रूप ले लिया। करीब 600 लोग डंडे, बैट और पत्थरों के साथ सेक्टर-57 के बी-ब्लॉक पहुंचे। यहां एक-एक कर इंडस्ट्री को निशाना बनाया। महज 30 से 35 मिनट में 50 से ज्यादा फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ की गई। मौके पर पहुंचा पुलिस बल नाकाफी साबित हुआ, जिसके बाद आरएएफ की तैनाती की गई। दोपहर 3 बजे: सेक्टर-63 में आगजनी दोपहर करीब 3 बजे सेक्टर-63 में विपुल मोटर्स के बाहर खड़ी 12 गाड़ियों में आग लगा दी गई। लेबर चौक से लेकर सेक्टर-62, 63 और 65 तक फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ की खबरें आती रहीं। दमकल की टीमों ने आग पर काबू पाया। उपद्रव में शामिल अधिकांश युवक 18 से 25 साल के बीच के थे। उनके हाथों में डंडे, पत्थर और पेट्रोल से भरी बोतलें थीं। कई युवक धुआं फैलाने के लिए रंगीन अनार (पटाखे) जला रहे थे। 3000 करोड़ का कारोबार ठप नोएडा एंट्रप्नियोर्स एसोसिशन के सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह तक जहां 80% इंडस्ट्री सामान्य रूप से चल रही थीं। वहीं दोपहर बाद अधिकांश औद्योगिक इकाइयां बंद हो गईं। कारोबारियों के मुताबिक, अचानक भीड़ फैक्ट्रियों में घुसी। काम बंद कराया। कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया। एक दिन में करीब 3000 करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पड़ा। उनका कहना है श्रमिक आज भी हमारे साथ हैं। कल भी रहेंगे। श्रमिकों को उकसाया गया है । अब पुलिस के एक्शन के बारे में जानिए- पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बताया कि 50 से अधिक बट हैंडल चिन्हित किए गए हैं। इनकी जांच STF करेगी। ये बट हैंडल पिछले 24 घंटों के भीतर बनाए गए। यहीं से नोएडा में श्रमिकों से जुड़े मुद्दे पर अफवाह फैलाने तथा भ्रामक नैरेटिव गढ़ने का प्रयास किया गया। प्रथम दृष्टया यह एक संगठित षड्यंत्र की ओर संकेत करता है। सभी हैंडल्स के डिजिटल ट्रेल की विस्तृत जांच उत्तर प्रदेश एसटीएफ करेगी। गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि 83 स्थानों पर करीब 42 हजार श्रमिक अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे थे। केवल दो स्थानों पर प्रदर्शन के दौरान स्थिति हिंसक हुई। 78 स्थानों पर श्रमिकों को बातचीत कर शांतिपूर्वक हटा दिया गया था। बाहरी जिलों से आए कुछ लोगों ने माहौल को भड़काने और हिंसक बनाने की कोशिश की। ऐसे कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है। एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि अब तक 60 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 200 लोगों को हिरासत में लिया गया है। ………………… ये खबर भी पढ़िए- नोएडा में हिंसक प्रदर्शन, 350 फैक्ट्रियों में तोड़फोड़:शोरूम के बाहर कारें फूंकी, 150 गाड़ियां तोड़ीं; योगी ने हाईलेवल कमेटी बनाई नोएडा में सोमवार को फैक्ट्री कर्मचारियों ने हिंसक प्रदर्शन किया। 9 अप्रैल से सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे 42 हजार कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। कर्मचारियों ने अलग-अलग इलाकों में फैक्ट्रियों में पथराव, तोड़फोड़ की। कर्मचारियों ने कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और करीब 50 से ज्यादा फूंक दीं। पुलिस की गाड़ियां भी पलट दी। हालात बिगड़े तो कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने उन पर पथराव कर दिया। फिर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। कर्मचारियों का कहना था कि जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, वो रुकेंगे नहीं। पढ़ें पूरी खबर
    Click here to Read more
    Prev Article
    यूपी में आगजनी के 26 मामलों की आतंकी जांच होगी:NIA ने तीन आतंकियों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया
    Next Article
    IPL में आज चेन्नई vs कोलकाता:धोनी का इस मैच में भी खेलना मुश्किल, KKR को पहली जीत की तलाश

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment