Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    भाजयुमो नेता को ठेकेदार के बेटे ने मारी गोली:रीढ़ में धंसी, दोनों पैर नहीं कर रहे काम; लखनऊ में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

    1 day ago

    1

    0

    लखनऊ में 30 साल के भाजयुमो नेता चेतन तिवारी को गोली मार दी गई। शनिवार रात उन पर हमला तब हुआ, जब घर के बाहर पत्नी के साथ बैठे थे। हमलावर पैदल आया। अचानक पिस्टल निकाली और उन पर तान दी। फिर ताबड़तोड़ 5 राउंड फायर किए। अचानक हमले से घबराए चेतन ने झुककर बचने की कोशिश की। लेकिन, एक गोली उनकी कमर में लग गई। वह पेट के बल सड़क पर गिर पड़े। हमलावर उनके करीब आया। पिस्टल को कंधे और गर्दन से सटाकर फायर करने लगा। हालांकि, गोलियां मिस हो गईं। आसपास के लोग बचाने दौड़े, तो हमलावर ने उन पर भी पिस्टल तान दी। अपनी जान बचाने के लिए लोग पीछे हटते रहे। इस बीच हमलावर भाग गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और चेतन को KGMU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है, जिससे पैर काम नहीं कर रहे हैं। चेतन का हालचाल लेने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह पहुंचे। इसके अलावा लखनऊ महानगर भाजपा के कई पदाधिकारी और नेता भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। चेतन भाजपा युवा मोर्चा के लखनऊ महानगर कार्यसमिति के सदस्य हैं। हमलावर की पहचान नगर निगम के ठेकेदार संतोष कुमार बाजपेई के बेटे वैभव बाजपेई के रूप में हुई है। चेतन और वैभव एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। वैभव भी भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने वैभव को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। वारदात बाजार खाला इलाके के मेहंदीगंज में रात 9 से 10 बजे के बीच हुई। 4 तस्वीरों में पूरी वारदात रीढ़ की हड्डी में लगी गोली, हत्या के प्रयास का केस दर्ज KGMU के डॉक्टरों के अनुसार, चेतन की रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है। इससे उनके दोनों पैर सुन्न हो चुके हैं और रिस्पॉन्स नहीं कर रहे। उधर, चेतन की पत्नी मानसी उर्फ श्वेता तिवारी ने बाजार खाला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वैभव उर्फ कौस्तुभ बाजपेई, हर्षित बाजपेई और 4-5 अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। तुम्हारे खून का प्यासा था, आज मिले हो… थाने में दी शिकायत में मानसी ने बताया- मैं और चेतन अपनी नवजात बच्ची को लेकर घर के बाहर बैठे थे। उसी समय वैभव अपने साथ 5-6 लोगों को लेकर पहुंचा। उसने कहा कि बहुत दिनों से तुम्हारे खून का प्यासा हूं। आज मिले हो। आज तुम्हें और तुम्हारे परिवार को खत्म कर दूंगा। यह कहकर उसने पति चेतन पर पिस्टल फायर कर दिया। मानसी ने बताया कि किसी पुराने मामले में आरोपी समझौता करने का भी दबाव बना रहा था। अब जानिए CCTV में क्या दिख रहा… ट्रॉमा सेंटर में काफी देर चला हंगामा भाजयुमो नेता को तुरंत KGMU ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। वहां उनके समर्थक और जान-पहचान के लोग पहुंच गए। वे लोग हंगामा करने लगे। उनकी मांग थी कि जल्द से जल्द से हमलावर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए। सूचना पर बाजार खाला पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच की। थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया- पीड़ित श्याम तिवारी उर्फ चेतन की पत्नी की ओर से शिकायत मिली है। वैभव उर्फ कौस्तुभ बाजपेई, हर्षित बाजपेई और 4-5 अज्ञात पर हत्या के प्रयास समेत 10 धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वैभव बाजपेई को गिरफ्तार कर लिया गया है। KGMU की तस्वीरें देखिए- डीसीपी वेस्ट और लोगों में कहासुनी हुई डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित रविवार सुबह जब KGMU में मीडिया को ब्रीफ करने आए, तो वहां मौजूद लोगों की उनसे कहासुनी हो गई। DCP ने कहा- आरोपी वैभव हिरासत में है। इस पर लोग चिल्लाने लगे। कहने लगे कि आरोपी हिरासत में नहीं है। इस पर डीसीपी ने पूछा- हिरासत में नहीं है, तो आरोपी कहां है? मैं यही कह रहा हूं कि आरोपी हिरासत में है। लोग नहीं माने, तो डीसीपी बिना बयान दिए ही वहां से चले गए। हालांकि, थोड़ी देर बाद उन्होंने फिर से बयान दिया। कहा- सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। गोली मारने के आरोपी वैभव बाजपेई को हिरासत में लिया गया है। घायल का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। कमर में गोली लगी है। वर्चस्व की लड़ाई में मारी गोली पुलिस के मुताबिक, चेतन तिवारी भाजपा के लिए होर्डिंग लगवाने का काम देखते हैं। चेतन की इलाके में फोटो-फ्रेम की दुकान भी है। पिछले करीब 4 साल में चेतन का इलाके में लगातार प्रभाव बढ़ रहा है। वहीं, उनके मोहल्ले में रहने वाला वैभव बाजपेई भी भाजपा से जुड़ा है। चेतन और वैभव के बीच इलाके में वर्चस्व को लेकर करीब 2 साल से तनातनी चल रही है। कुछ दिनों पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। दोनों के झगड़े का मामला कई बार थाने भी पहुंच चुका है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और नीरज सिंह ने हाल जाना डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, भाजपा नेता नीरज सिंह, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने KGMU पहुंचकर चेतन का हाल जाना। डिप्टी सीएम ने ट्रॉमा सेंटर इंचार्ज प्रेमराज सिंह, KGMU डीन डॉ. केके सिंह से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। नीरज सिंह ने भी डीन से चेतन का हालचाल पूछा। अब पढ़िए पत्नी ने जो कुछ बताया पहले भी सीने पर चाकू से हमला किया था चेतन की पत्नी मानसी परिवारवालों के साथ KGMU में मौजूद हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर से बताया- वैभव बाजपेई करीब 3-4 साल से हमारे पीछे पड़ा था। कभी कुछ, कभी कुछ करता रहता था। चेतन उसकी बातों को इग्नोर कर देते थे। पति चेतन ने कई बार थाने में भी उसके खिलाफ शिकायत दी, लेकिन पुलिस उसे पकड़कर बंद नहीं कर पाई। वैभव ने एक बार चेतन के सीने पर चाकू से हमला किया था। उस हमले के बाद वैभव का पूरा घर फरार हो गया था। इन लोगों के घरों में नाजायज असलहे हैं। ये लोग घरों में औरतें रखते हैं, गंदे-गंदे काम करते हैं। पुलिस इनका कुछ नहीं कर पा रही है। 2 दिन बाद मेरे पति चेतन गाड़ी लाने वाले थे। कल रात घर के बाहर 2-3 लड़कों के साथ साफ-सफाई करा रहे थे। तभी वैभव 2 पिस्टल लेकर आया। एक से उसने फायर किया। दो गोलियां मिस हुईं और एक गोली इनकी कमर में लग गई। हमलावर को फावड़ा लेकर दौड़ाया, तब वह भागा CCTV फुटेज में हमलावर को फावड़ा लेकर दौड़ाने वाला युवक उदयराज रावत भी चेतन के घरवालों के साथ ट्रॉमा सेंटर में मौजूद है। उसने बताया- वैभव अचानक आया और फायर करने लगा। उसके पहले कोई लड़ाई या बात नहीं हुई थी। मैंने एक बार बचाने की कोशिश की, तो उसने मां की गाली देते हुए कहा कि भाग जाओ। नहीं तो तुम्हें भी मार देंगे। मैंने फिर भी हिम्मत करके फावड़ा लेकर उसे दौड़ाया, तब वह भागा। अब पढ़िए मुख्य आरोपी का कबूलनामा… पुरानी रंजिश के चलते गोली मारी पुलिस ने मुख्य आरोपी वैभव बाजपेई उर्फ कौस्तुभ बाजपेई पुत्र संतोष कुमार बाजपेई निवासी मेहन्दीगंज थाना बाजारखाला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान वैभव द्वारा बताया गया कि उसके परिवार और चेतन तिवारी के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश व विवाद चला आ रहा है। पुरानी रंजिश के चलते उसने चेतन तिवारी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इस दौरान एक युवक ने चेतन को बचाने की कोशिश की तो उस पर भी फायरिंग की, लेकिन उसे गोली नहीं लगी। पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयोग असलहा बरामद कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में 8 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 25 साल के मुख्य आरोपी वैभव के पिता संतोष कुमार बाजपेई नगर निगम में ठेकेदारी करते हैं। वैभव भी अपने पिता के साथ ठेकेदारी कार्य में सहयोग करता था। ----------------------- ये खबर भी पढ़िए- BJP विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थक सड़क पर उतरे, सपा सांसद के आवास का घेराव, नारे लगाए- अखिलेश-राहुल मुर्दाबाद लखनऊ के सरोजनी नगर से भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थक रविवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने सपा सांसद आरके चौधरी के आवास के बाहर जमीन पर बैठकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अखिलेश यादव मुर्दाबाद और राहुल गांधी मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए। महिलाओं ने प्रियंका गांधी होश में आओ जैसे नारे लगाए। (पूरी खबर पढ़िए)
    Click here to Read more
    Prev Article
    गंगा एक्सप्रेस-वे पर मां-बेटे समेत 3 की मौत:हापुड़ में कैंटर डिवाइडर से टकराकर पलटा, पति और भाई घायल
    Next Article
    संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो हो सकती हैं बैन:गोंडा में फोगाट विवाद पर WFI अध्यक्ष बोले- अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं, कार्रवाई तय

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment