Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    दस साल पहले मिल जाएगा हार्ट अटैक का अलर्ट:शरीर में मौजूद खास प्रोटीन मॉलिक्यूल से छिपे खतरे का चलेगा पता

    9 hours ago

    4

    0

    हार्ट अटैक को अब अचानक होने वाली बीमारी मानने की धारणा बदल सकती है। एरा यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने एक ऐसे प्रोटीन मॉलिक्यूल की पहचान की है, जिसके स्तर में हार्ट अटैक आने से करीब 10 से 12 साल पहले बदलाव शुरू हो सकता है। इसे सीरम एडमा नाम दिया गया है। अब इसकी जांच के लिए यूनिवर्सिटी ने एक सस्ती टेस्ट मशीन विकसित करने की दिशा में बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस तकनीक से महज दो बूंद खून के नमूने से शरीर में मौजूद इस मॉलिक्यूल का पता लगाया जा सकेगा। शोध को पेटेंट भी मिल चुका है। एरा यूनिवर्सिटी में इंडियन सोसाइटी ऑफ पर्सनलाइज्ड मेडिसिन की ओर से आयोजित पांचवें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (आईएसपीएमकॉन-2026) में इस शोध की जानकारी दी गई। यूनिवर्सिटी की उपकुलपति प्रो. फरजाना महदी ने बताया कि अभी तक हार्ट अटैक के खतरे का आकलन मुख्य रूप से कोलेस्ट्रॉल और लिपिड प्रोफाइल की जांच से किया जाता है। लेकिन करीब 50 फीसदी ऐसे मरीज भी सामने आ रहे हैं, जिनका कोलेस्ट्रॉल सामान्य होने के बावजूद हार्ट अटैक हो जाता है। उन्होंने बताया कि शोध के दौरान टीम ने ऐसे छिपे हुए जोखिम कारक की तलाश की, जो सामान्य जांच में पकड़ में नहीं आते। इसी दौरान सीरम एडमा नाम के प्रोटीन मॉलिक्यूल की पहचान हुई। यह न तो फैट है और न ही लिपिड, बल्कि प्रोटीन से जुड़ा मॉलिक्यूल है। इसके स्तर में होने वाले बदलाव से भविष्य में दिल की बीमारी का खतरा समझने में मदद मिल सकती है। विदेश से मंगवानी पड़ती थी महंगी किट प्रो. फरजाना महदी ने बताया कि अब तक सीरम एडमा की जांच के लिए अमेरिका और दूसरे देशों से महंगी किट मंगवानी पड़ती थी। इसकी कीमत अधिक होने के कारण आम लोगों के लिए जांच कराना आसान नहीं था। एरा यूनिवर्सिटी ने इसी समस्या को देखते हुए जांच की तकनीक विकसित की है। इसमें केवल दो बूंद खून से मॉलिक्यूल की जांच की जा सकेगी। इससे जांच की लागत कम करने और इसे आम लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। चेन्नई की कंपनी के साथ मिलकर तैयार होगी मशीन शोध को लैब से मरीजों तक पहुंचाने के लिए यूनिवर्सिटी ने चेन्नई की जीन ऑरा प्राइवेट लिमिटेड के साथ करार किया है। कंपनी की डॉ. जननी दक्षिणामूर्ति के सहयोग से इस तकनीक पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल कंपनी मशीन का प्रोटोटाइप विकसित कर रही है। इसके तैयार होने के बाद इसकी उपयोगिता और जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। यूनिवर्सिटी का लक्ष्य इस तकनीक को कम कीमत पर बाजार में उपलब्ध कराना है। जांच में खतरा मिला तो ईसीजी-इको से होगी आगे की पड़ताल प्रो. महदी ने बताया कि एरा यूनिवर्सिटी में फिलहाल इस विशेष जांच की स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है। जिन लोगों में सीरम एडमा का स्तर अधिक पाया जाएगा, उनकी आगे ईसीजी और इको जैसी जांच कराई जाएगी, ताकि दिल की स्थिति का आकलन कर समय रहते बचाव के कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि समय रहते खतरे का पता चलने पर जीवनशैली, खानपान और इलाज में बदलाव करके बीमारी की रफ्तार को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। हर मरीज पर एक ही दवा का असर जरूरी नहीं सम्मेलन में यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. डॉ. अब्बास अली महदी ने पर्सनलाइज्ड मेडिसिन की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक ही दवा हर व्यक्ति पर समान असर करे, यह जरूरी नहीं है। किसी मरीज को दवा से फायदा होता है तो दूसरे पर उसका असर कम हो सकता है। कुछ लोगों में साइड इफेक्ट भी हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सिटी में पर्सनलाइज्ड मेडिसिन विभाग की स्थापना की गई है। इस क्षेत्र में अब सिर्फ हृदय रोग ही नहीं, बल्कि डायबिटीज, ग्लूकोमा और कैंसर की शुरुआती पहचान पर भी शोध किया जा रहा है। सम्मेलन में पर्सनलाइज्ड मेडिसिन विभाग के डॉ. शिराज रिजवी ने भी सीरम एडमा जांच तकनीक और इसके संभावित फायदों की जानकारी दी।
    Click here to Read more
    Prev Article
    यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:मंत्री की सगाई पर योगी ने जयकारे लगाए, राजभर बोले-अखिलेश चाचा की डीलिंग पर ध्यान दें, प्रेमानंदजी ने 6 महीने बाद की पदयात्रा
    Next Article
    ट्यूबवेल मोटरों से तार चुराने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार:सहारनपुर में कई किसानों के खेतों को बनाया निशाना; एक आरोपी पर छह मुकदमे

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment