Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    PM Modi ने Donald Trump को दी पिछवाई कलाकृति, विश्व नेताओं को भेंट किए भारतीय हस्तशिल्प

    3 hours from now

    1

    0

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-आसियान के वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए हाल में संपन्न मनीला की अपनी यात्रा के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत दुनियाभर के विभिन्न नेताओं को पिछवाई शैली का चित्र, शाही नीले रंग का बनारसी कतान ‘सिल्क स्टोल’ और कश्मीरी रेशमी कालीन जैसी पारंपरिक भारतीय कलाकृतियां उपहार में दीं। प्रधानमंत्री ने ट्रंप को राजस्थान के नाथद्वारा की प्रसिद्ध सुनहरी पिछवाई कलाकृति उपहार में दी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पिछवाई कपड़े पर चित्र बनाने की एक पारंपरिक कला है जो बारीक चित्रकारी, चमकीले रंगों और विस्तृत कलात्मक रचनाओं के लिए प्रसिद्ध है।इस चित्र को विशेष रूप से तैयार किए गए कपड़े पर खनिजों से बने रंगों और सोने की बारीक सजावट का इस्तेमाल करके बनाया गया है। इसमें कमल, गाय, पेड़ और सजावटी किनारों जैसी आकृतियां हैं, जो कारीगरों के उत्कृष्ट कौशल को दर्शाती हैं। सुनहरी सजावट इस कलाकृति को शाही और चमकदार रूप देती है।सूत्रों के अनुसार, सदियों पुरानी परंपराओं से जुड़ी पिछवाई कला भारत की कलात्मक विरासत को संरक्षित करती है और पारंपरिक कारीगर समुदायों को आजीविका का साधन उपलब्ध कराती है। मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को जयपुर की ‘ब्लू पॉटरी’ से बनी एक कलाकृति उपहार में दी। यह राजस्थान की एक विशिष्ट पारंपरिक हस्तकला है।इसे साधारण मिट्टी के बजाय क्वार्ट्ज (प्राकृतिक खनिज) आधारित मिश्रण से बनाया जाता है, जिससे इसकी सतह चिकनी, नाजुक और कुछ हद तक पारदर्शी होती है। यह कला अपनी चमकदार सफेद सतह और गहरे नीले रंग के आकर्षक डिजाइन के लिए प्रसिद्ध है। इसमें हाथ से फूलों, पक्षियों, ज्यामितीय आकृतियों और सजावटी किनारों के बारीक चित्र बनाए जाते हैं।प्रधानमंत्री ने जापान की अपनी समकक्ष साने ताकाइची को शाही नीले रंग का बनारसी कतान ‘सिल्क स्टोल’ उपहार में दिया, जिसे एक सुंदर सदेली डिब्बे में रखा गया था। यह उपहार भारत की स्थायी मित्रता, आत्मीयता और सांस्कृतिक सम्मान का प्रतीक है। महीन कतान रेशम से बुना गया यह ‘स्टोल’ बनारस की सदियों पुरानी वस्त्र कला को दर्शाता है।इस पर बनी बारीक आकृतियां पीढ़ियों से बुनकरों के कौशल और उनकी उत्कृष्ट कारीगरी को प्रदर्शित करती हैं। इसका शाही नीला रंग गरिमा, ज्ञान और सद्भाव का प्रतीक है। मोदी ने फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलडेज मार्कोस जूनियर को कश्मीर का रेशमी कालीन उपहार में दिया।हाथ से गांठें लगाकर बनाया जाने वाला यह पारंपरिक कालीन अपनी चमक, मुलायम बनावट, बारीक डिजाइन और टिकाऊपन के लिए प्रसिद्ध है। महीन रेशम से बने इस कालीन को तैयार करने के लिए कुशल कारीगर हजारों गांठें लगाते हैं। कुछ कालीनों को बनाने में कई महीने या वर्षों तक का समय लग जाता है।इस पर कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता से प्रेरित फूलों, चिनार के पत्तों और ज्यामितीय आकृतियों के डिजाइन बनाए जाते हैं, जो क्षेत्र की समृद्ध कलात्मक पहचान को दर्शाते हैं। प्रधानमंत्री ने फिलीपीन के राष्ट्रपति की पत्नी को कश्मीरी पश्मीना शॉल उपहार में दी, जिसे ‘पेपर मैशे’ से बने एक डिब्बे में रखा गया था। इस उपहार में कश्मीर की दो विशिष्ट पारंपरिक हस्तकलाओं का संगम है।पश्मीना शॉल चांगथांगी नस्ल की बकरी से प्राप्त ऊन से बनाई जाती है। यह अपनी असाधारण मुलायम बनावट, गर्माहट एवं हल्के वजन के लिए प्रसिद्ध है। ‘पेपर मैशे’ का डिब्बा कागज की परतों या कागज की लुगदी से हाथ से तैयार किया जाता है।इस पर चमकीले रंगों से फूलों की बारीक आकृतियां बनाई जाती हैं। ये दोनों कलाकृतियां कश्मीरी कारीगरों के कौशल और रचनात्मकता को दर्शाती हैं तथा पीढ़ियों पुरानी हस्तकला परंपराओं को संरक्षित करती हैं। यह उपहार आत्मीयता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।मोदी ने ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोल्किया को चांदी से जड़ा बिदरी कला का फूलदान उपहार में दिया। यह कर्नाटक के बीदर की पारंपरिक धातु शिल्पकला है। इस कला में जस्ते और तांबे की मिश्रधातु से फूलदान बनाकर उस पर शुद्ध चांदी की बारीक जड़ाई की जाती है।कारीगर पहले धातु पर डिजाइन उकेरते हैं, फिर उनमें चांदी के तार जड़ते हैं और विशेष प्रक्रिया से उसकी सतह को गहरा काला रंग देते हैं। इससे काली सतह पर चांदी की नक्काशी बेहद आकर्षक दिखाई देती है। प्रधानमंत्री ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को चोलकालीन कांस्य मूर्ति उपहार में दी।चोलकालीन कांस्य मूर्तियां प्राचीन भारतीय कलात्मक उत्कृष्टता का श्रेष्ठ उदाहरण मानी जाती हैं। दक्षिण भारत में चोल राजवंश के शासनकाल के दौरान नौवीं से 13वीं शताब्दी के बीच यह कला खूब फली-फूली। इन मूर्तियों को ‘मधुच्छिष्ट विधान’ नामक तकनीक से बनाया जाता है।प्रत्येक मूर्ति को अलग-अलग हाथ से तैयार किया जाता है, जिससे हर कलाकृति विशिष्ट होती है। प्रधानमंत्री ने लाओस के अपने समकक्ष सलेउमक्साय कोम्मासिथ को उत्कृष्ट कारीगरी से तैयार गुलाबी ‘क्वार्ट्ज’ से बना हाथी उपहार में दिया। यह भारत की पारंपरिक सजावटी हस्तकला है, जो विशेष रूप से राजस्थान में जयपुर जैसे पत्थर तराशने के केंद्रों से जुड़ी है।प्राकृतिक गुलाबी ‘क्वार्ट्ज’ को तराशकर और पॉलिश करके हाथी की आकृति बनाई गई है। इस पर हाथ से सोने के रंग की बारीक सजावट, फूलों की आकृतियां और पारंपरिक डिजाइन बनाए गए हैं। भारतीय परंपरा में हाथी शक्ति, बुद्धिमत्ता, गरिमा और शाही वैभव का प्रतीक है।वहीं, सुनहरी सजावट भारत की समृद्ध और शाही हस्तकला विरासत को दर्शाती है। मोदी ने मलेशिया के अपने समकक्ष अनवर इब्राहिम को चांदी की कारीगरी से तैयार ‘उरली’ पात्र उपहार में दिया। यह भारत का पारंपरिक सजावटी पात्र है, जिस पर चांदी से बारीक सजावट की जाती है।यह भारतीय धातु कारीगरों के कौशल और कलात्मकता को दर्शाता है। परंपरागत रूप से इस पात्र में पानी भरकर उसकी सतह पर फूल सजाए जाते हैं। इसे पवित्रता, समृद्धि, आतिथ्य और सद्भाव का प्रतीक माना जाता है।प्रधानमंत्री ने सिंगापुर के अपने समकक्ष लॉरेंस वोंग को गोंड शैली का चित्र उपहार में दिया। यह भारत की पारंपरिक लोककला है, जिसकी उत्पत्ति मध्य भारत के गोंड आदिवासी समुदायों में हुई। यह कला विशेष रूप से मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र तथा आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में प्रचलित है।परंपरागत रूप से त्योहारों और समारोहों के दौरान घरों को सजाने के लिए इस कला का इस्तेमाल किया जाता रहा है। इसमें बारीक आकृतियों, बिंदुओं, रेखाओं और चमकीले रंगों के जरिए पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों और प्रकृति के विभिन्न रूपों को चित्रित किया जाता है। यह कला गोंड समुदाय की सांस्कृतिक मान्यताओं और प्रकृति के साथ उसके सामंजस्य से गहराई से जुड़ी है।यह भारत की आदिवासी विरासत की महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति है और समुदाय की परंपराओं एवं सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने में योगदान देती है। मोदी ने थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल को रोगन कला की एक पेंटिंग उपहार में दी। यह कपड़े पर चित्र बनाने की सदियों पुरानी दुर्लभ कला है, जिसकी उत्पत्ति गुजरात के कच्छ क्षेत्र में हुई।निरोना गांव के कुछ कारीगर परिवार आज भी इस कला को जीवित रखे हुए हैं। इस कला में अरंडी के तेल को उबालकर और उसमें प्राकृतिक रंग मिलाकर गाढ़ा रंग तैयार किया जाता है। प्रधानमंत्री ने तिमोर-लेस्ते के अपने समकक्ष शानाना गुस्माओ को सुलेमानी पत्थर (एगेट) से बना कटोरा उपहार में दिया।यह हाथ से तैयार किया गया सजावटी पात्र है, जिसे सुलेमानी पत्थर से बनाया जाता है। यह हस्तकला विशेष रूप से गुजरात के खंभात से जुड़ी है, जो सदियों से सुलेमानी पत्थर के प्रसंस्करण और पत्थर तराशने की कला का प्रमुख केंद्र रहा है। मोदी ने वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हुंग को चमड़े से बनी दीवार पर सजाने वाली कलाकृति उपहार में दी।यह विशेष प्रक्रिया से तैयार चमड़े से हाथ से बनाई गई पारंपरिक सजावटी कलाकृति है, जो भारत की समृद्ध लोककला विरासत को दर्शाती है। कुशल कारीगर पहले चमड़े को मुलायम बनाकर खींचते हैं और फिर उसमें बारीक छेद करके, उभरी हुई आकृतियां बनाकर तथा चित्रकारी के जरिए सुंदर डिजाइन तैयार करते हैं। इनमें फूलों, ज्यामितीय आकृतियों और वन्यजीवों के चित्र बनाए जाते हैं।इसके लिए अक्सर वनस्पतियों से प्राप्त प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल किया जाता है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    देश-विदेश के बड़े घटनाक्रम: Rahul Gandhi का बयान और Delhi Court के अहम आदेश
    Next Article
    भूजल दोहन पर CGWA की बड़ी राहत, पर्यावरणीय मुआवजे में 75% तक की मिलेगी छूट

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment