Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    पूर्व जस्टिस बोले- रेप केस में कठोर सजा जरूरी:लेकिन कानून का दुरुपयोग रोकना होगा, बरी होने तक निर्दोष की जिदंगी बर्बाद हो जाती है

    1 hour ago

    2

    0

    सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस आदर्श कुमार गोयल ने रविवार को कहा कि रेप जैसे गंभीर अपराधों के लिए कठोर सजा निश्चित रूप से जरूरी है, लेकिन किसी व्यक्ति के खिलाफ झूठा मामला दर्ज होने पर उसकी जिंदगी बर्बाद होने से बचाने के लिए भी प्रभावी कानूनी सुरक्षा होनी चाहिए। एक बार आपराधिक मामला दर्ज होने के बाद व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा, परिवार, व्यवसाय और भविष्य सब कुछ प्रभावित हो सकता है। भले ही वह पांच या दस साल बाद अदालत से बरी हो जाए, लेकिन तब तक उसके जीवन को गंभीर नुकसान पहुंच चुका होता है। यह बात जस्टिस गोयल ने रविवार को नई दिल्ली के ओपी जिंदल ऑडिटोरियम में आयोजित एकम न्याय कॉन्फ्रेंस 2026 के दूसरे संस्करण में कही। कानून और न्याय को साथ-साथ चलना चाहिए: जस्टिस गोयल जस्टिस गोयल ने कहा कि झूठे आरोपों के कारण किसी व्यक्ति को गिरफ्तारी, जेल, सामाजिक अपमान, आर्थिक नुकसान और पारिवारिक विघटन जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के राजेश शर्मा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य मामले का उल्लेख करते हुए वैवाहिक विवादों में अनावश्यक गिरफ्तारी रोकने तथा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए किए गए न्यायिक प्रयासों पर चर्चा की। जस्टिस गोयल ने कहा कि जहां कानून बनाने की जिम्मेदारी संसद और विधानसभाओं की है, वहीं न्यायपालिका का दायित्व कानून की उचित व्याख्या और निष्पक्ष क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने सुझाव दिया कि उपयुक्त मामलों में तत्काल गिरफ्तारी के बजाय दोनों पक्षों की बात सुनने, तथ्यों की प्रारंभिक जांच और निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाने जैसे सुरक्षा उपायों पर विचार किया जाना चाहिए। एकम न्याय महिलाओं के खिलाफ नहीं, हर व्यक्ति के लिए निष्पक्ष न्याय का मंच जस्टिस गोयल ने स्पष्ट किया कि कानूनों के दुरुपयोग पर चर्चा करना महिलाओं के अधिकारों का विरोध करना नहीं है। उन्होंने कहा कि वास्तविक पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए, लेकिन साथ ही निर्दोष लोगों को झूठे आरोपों और अन्याय से बचाना भी न्याय व्यवस्था की जिम्मेदारी है। जस्टिस गोयल ने एकम न्याय फाउंडेशन को न्याय से जुड़े विषयों पर व्यापक सामाजिक संवाद विकसित करने तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों तक कानूनी जागरूकता पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया। झूठे मुकदमों का डर विवाह की संस्था को भी कर रहा प्रभावित अपने संबोधन में जस्टिस गोयल ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विवाह की संस्था और पारिवारिक मूल्यों के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वैवाहिक मुकदमों, पारिवारिक विवादों और झूठे मामलों की आशंका के कारण विवाह को लेकर लोगों में पैदा हो रहे भय पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि परिवार समाज की सबसे महत्वपूर्ण इकाइयों में से एक है और बच्चों के संस्कार, व्यक्तित्व तथा भावनात्मक विकास में माता-पिता दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जस्टिस गोयल ने पैरेंटल एलियनेशन, यानी पारिवारिक विवादों के दौरान बच्चे का किसी एक अभिभावक से भावनात्मक रूप से दूर हो जाना, जैसे विषयों पर भी गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोट और मानवीय चेतना के बीच अंतर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि समाज को तकनीकी प्रगति के साथ मानवीय संवेदनाओं और नैतिक मूल्यों पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आध्यात्मिकता, पारिवारिक मूल्यों और मानवीय संवेदनशीलता को न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया। जस्टिस पूनम बोलीं- दूसरों का दर्द समझना जरूरी दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व जस्टिस पूनम ए. बंबा ने व्हेन रिलेशनशिप्स रीच द कोर्टरूम: मैरिज, कॉन्फ्लिक्ट, चिल्ड्रन एंड द कॉस्ट ऑफ लिटिगेशन विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित किया। जस्टिस बंबा ने कहा कि वैवाहिक विवादों में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वकीलों को केवल मुकदमे लड़ने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जहां संभव हो, दंपतियों के बीच संवाद स्थापित करने और विवादों को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पारिवारिक न्यायालयों को अपने मूल उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पारिवारिक संबंधों, बच्चों के हितों और संवेदनशील समाधान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। जस्टिस पूनम ने कहा- कपल के लिए शादी से पहले आपसी संवाद जरूरी विवाह से पहले आपसी संवाद के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भावी पति-पत्नी को अपनी रुचियों, शौक, अपेक्षाओं, मतभेदों और पारिवारिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर खुलकर बातचीत करनी चाहिए। जस्टिस बंबा ने प्री-लिटिगेशन काउंसलिंग, यानी मुकदमा दायर करने से पहले परामर्श, को विशेष महत्व दिया। उन्होंने कहा कि सही समय पर परामर्श और संवाद के माध्यम से कई विवादों को गंभीर कानूनी लड़ाई में बदलने से रोका जा सकता है। उन्होंने वैवाहिक विवादों के दौरान बच्चों के पालन-पोषण और भावनात्मक जरूरतों की अनदेखी न करने पर भी जोर दिया। आरोप की खबर पहले पन्ने पर, बरी होने की खबर कहीं नहीं: एडवोकेट विकास नागवान सम्मेलन के प्रश्नोत्तर सत्र में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विकास नागवान ने लैंगिक समानता और कानूनों के कथित दुरुपयोग को लेकर महत्वपूर्ण सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाज में समानता की बात तो लगातार की जाती है, लेकिन इस बात पर भी ध्यान देना आवश्यक है कि कानूनों का क्रियान्वयन किस प्रकार हो रहा है और क्या सभी व्यक्तियों के अधिकारों की समान रूप से रक्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति पर झूठा मुकदमा दर्ज होने की स्थिति में उसके जीवन को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। मीडिया की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति पर आरोप लगते ही उसकी खबर सुर्खियां बन जाती है, लेकिन वर्षों बाद उसी व्यक्ति के बरी होने की खबर को अक्सर वैसा महत्व नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि अदालत से बरी होने के बाद भी सामाजिक प्रतिष्ठा को पहुंचा नुकसान पूरी तरह समाप्त नहीं होता। उन्होंने जिम्मेदार पत्रकारिता, निर्दोष माने जाने के कानूनी सिद्धांत और आरोपित व्यक्तियों की गरिमा की रक्षा पर जोर दिया। दैनिक भास्कर के मनीष को खोजी पत्रकारिता के लिए विशेष सम्मान सम्मेलन का एक महत्वपूर्ण आकर्षण दैनिक भास्कर के मनीष को कानूनों के कथित दुरुपयोग से जुड़े मामलों पर खोजी पत्रकारिता के लिए प्रदान किया गया विशेष सम्मान रहा। इस सम्मान के माध्यम से ऐसे संवेदनशील मुद्दों को सार्वजनिक चर्चा में लाने में स्वतंत्र और जिम्मेदार पत्रकारिता की भूमिका को रेखांकित किया गया। आयोजकों ने माना कि तथ्यपरक खोजी पत्रकारिता समाज में जागरूकता बढ़ाने, संस्थागत जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा उन पीड़ितों की आवाज सामने लाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है, जिनकी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता। पुरुषों के मुद्दों पर भी राष्ट्रीय स्तर पर संवाद जरूरी: दीपिका नारायण भारद्वाज एकम न्याय फाउंडेशन की संस्थापक दीपिका नारायण भारद्वाज ने कहा कि भारत में महिलाओं से संबंधित मुद्दों पर अनेक सम्मेलन, जागरूकता कार्यक्रम और सार्वजनिक चर्चाएं आयोजित होती हैं, लेकिन पुरुषों से जुड़े मुद्दों पर अपेक्षाकृत कम संवाद दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि कटु वैवाहिक विवादों, रिश्तों में हिंसा, बच्चों से अलगाव, लंबी कानूनी लड़ाइयों और कानूनों के कथित दुरुपयोग से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे विषयों पर निष्पक्ष और संतुलित चर्चा के लिए न्यायपालिका, अधिवक्ताओं, पुलिस, मीडिया, शिक्षाविदों और समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाना आवश्यक है। भारद्वाज ने इस बात पर जोर दिया कि एकम न्याय का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों को कम करना नहीं, बल्कि न्याय के दायरे को व्यापक बनाते हुए हर व्यक्ति की पीड़ा और उसके अधिकारों को महत्व देना है। अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस के अवसर के आसपास आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य समान न्याय, कानूनी जागरूकता और संस्थागत सुधार पर व्यापक चर्चा को बढ़ावा देना है। यौन हिंसा, झूठे आरोप, मैरिटल रेप और मीडिया की भूमिका पर चर्चा सम्मेलन के कार्यक्रम में न्यायपालिका, कानून प्रवर्तन, शिक्षा, पत्रकारिता और फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियों को शामिल किया गया। इनमें इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस ए.एन. मित्तल, उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, आईपीएस, पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश एस.एस. उपाध्याय, वरिष्ठ अधिवक्ता महालक्ष्मी पवानी, अधिवक्ता जूही अरोड़ा, डॉ. अभिनंदन बस्सी, फिल्म निर्देशक अरविंद पांडे, पत्रकार स्मृति रस्तोगी, रेडियो जॉकी खुराफाती नितिन और राकेश शर्मा शामिल हैं। कार्यक्रम में द टू क्राइसेज ऑफ जस्टिस: सेक्सुअल वायलेंस एंड फॉल्स एक्यूजेशंस विषय पर जस्टिस ए.एन. मित्तल, अधिवक्ता विकास नागवान और डॉ. अभिनंदन बस्सी को शामिल किया गया। मुकदमों में स्वयं अपनी पैरवी करने की प्रक्रिया पर राकेश शर्मा तथा महिलाओं से संबंधित कानूनों के कथित दुरुपयोग को रोकने में पुलिस और अदालतों की भूमिका पर पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश एस.एस. उपाध्याय के ज्ञानवर्धक सत्र भी कार्यक्रम का हिस्सा रहे। मैरिटल रेप, अपराधीकरण और कानूनों के दुरुपयोग से जुड़े सवालों पर चर्चा के लिए पूर्व डीजीपी अशोक कुमार, वरिष्ठ अधिवक्ता महालक्ष्मी पवानी और अधिवक्ता जूही अरोड़ा को शामिल किया गया। वहीं व्हेन टेलिंग ‘हिज’ स्टोरी बिकम्स ए कंट्रोवर्सी: मीडिया, सिनेमा, मेन एंड द प्राइस ऑफ स्पीकिंग अप विषय पर आयोजित चर्चा में फिल्म निर्देशक अरविंद पांडे, लोकप्रिय रेडियो जॉकी खुराफाती नितिन और पत्रकार स्मृति रस्तोगी शामिल रहे। सम्मेलन का संचालन चिन्मय आनंद ने किया। न्याय किसी एक लिंग का नहीं, हर नागरिक का अधिकार शेपिंग एन इक्वल एंड जस्ट भारत की थीम पर आयोजित एकम न्याय कॉन्फ्रेंस 2026 ने इस संदेश को प्रमुखता से सामने रखा कि न्याय व्यवस्था का उद्देश्य वास्तविक पीड़ितों को संरक्षण देना, निर्दोष व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा करना और प्रत्येक नागरिक को बिना किसी पूर्वाग्रह के निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराना होना चाहिए। सम्मेलन ने न्यायपालिका, मीडिया, कानून प्रवर्तन संस्थाओं और नागरिक समाज के बीच अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और संतुलित न्याय व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता को रेखांकित किया।
    Click here to Read more
    Prev Article
    पश्चिम बंगाल का नाम पश्चिम बंग होगा:9 दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव आएगा, देश में अब तक 6 राज्यों का नाम बदला
    Next Article
    सुप्रीम कोर्ट बोला- राजनीति रोकना हमारा काम नहीं:नेताओं को उनका एजेंडा उठाने से कैसे रोक सकते हैं; मामला CJI की बेंच को ट्रांसफर

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment