Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:2 पंप बंद, पेट्रोल-डीजल का 14 दिन का स्टॉक; CBI के रडार पर IAS-IPS अफसर; स्पा सेंटर जाकर फंसे पुलिसवाले

    4 hours ago

    1

    0

    नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी पेट्रोल-डीजल की मारामारी से जुड़ी रही। जालंधर और लुधियाना के बाद शनिवार को बठिंडा और अमृतसर के पेट्रोल पंप पर भी तेल खत्म हो गया। वहीं CM भगवंत मान ने चंडीगढ़ में मीडिया से बात कर बताया कि पंजाब में कितने दिन का पेट्रोल, डीजल और गैस का स्टॉक जमा है। CM ने PM से हुई मीटिंग में लॉकडाउन को लेकर हुए फैसले के बारे में भी जानकारी दी। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. पंजाब के 3 पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म अमेरिका-इजराइल और ईरान की जंग के बीच पंजाब में पेट्रोल-डीजल को लेकर मारामारी मची हुई है। कल जालंधर और लुधियाना के 2 पेट्रोल पंप ड्राई हो गए थे। आज, शनिवार को अमृतसर में भी पंप पर पेट्रोल खत्म हो गया। जिसके बाद पंप मालिकों ने वहां नोटिस लगा दिया। बठिंडा में भी बांसल पेट्रोल पंप में पेट्रोल खत्म हो गया। लुधियाना में भारत नगर चौक और जालंधर में BMC चौक के पास वाले पंप में तेल आने के बाद इसे फिर खोल दिया गया है। इसी बीच मोगा में फूड एंड सिविल सप्लाई डिपार्टमेंट ने पेट्रोल पंप मालिकों को एडवाइजरी जारी कर ड्रमों और कैनियों में डीजल भरने पर रोक लगाने को कहा है। डिपार्टमेंट का कहना है कि इससे स्टोरेज और ब्लैकमार्केटिंग पर रोक लगेगी। वहीं पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने इसका विरोध किया। एसोसिएशन ने साफ किया कि यह गलत है। डीजल का उपयोग मोटर, पंपों, जनरेटरों, आदि में होता है। इन्हें पेट्रोल पंप पर लाना संभव नहीं है। इससे लोगों में पैनिक बढ़ेगा और परेशानी भी बढ़ेगी। वहीं लुधियाना के आजाद पंप के मैनेजर अजय ने बताया कि अभी लोगों को तेल की दिक्कत नहीं है लेकिन हमें पहले जो 2 गाड़ियां क्रेडिट पर यानी उधार मिलती थीं, वह सरकार की तरफ से बंद कर दी गई हैं। अब हमें एडवांस पेमेंट देनी पड़ती है, तभी गाड़ी वहां से चलती है। (पढ़ें पूरी खबर) 2. CM मान ने बताया- पंजाब में पेट्रोल-डीजल, गैस का कितना स्टॉक CM भगवंत मान ने शनिवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कल, शुक्रवार को PM नरेंद्र मोदी के साथ हुई मीटिंग के बारे में जानकारी दी। सीएम मान ने कहा कि देश में लॉकडाउन लगने जैसी कोई बात नहीं है। पंजाब में पेट्रोल का 12 दिन, डीजल का 14 दिन और गैस का 6 दिन का स्टॉक है। 2 महीने पहले भी यही स्टॉक रहता था, तब तक जंग नहीं लगी थी, इसलिए लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सीएम ने आगे कहा- पंजाब में पंप पर लगी लाइनों की जांच के लिए डिप्टी कमिश्नरों को कहा गया है। इसके अलावा किसी पंप पर कम तेल देने पर भी हमारी नजर है। जांच के लिए पूरी टीमें बनाई गई हैं। लोग पेट्रोल-डीजल को रूटीन की तरह इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि हमने शहरों की तरह गांवों में भी दूसरे सिलेंडर की बुकिंग का टाइम 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने के लिए कहा है। सीएम ने कहा- हमने कहा कि पंजाब हमेशा संकट में साथ देता है। उनकी तरफ से हमें आंकड़े दिए गए और हमने जो कहा, उसमें यही है कि हमारी अब गेहूं की फसल आ रही है। ट्रैक्टर, कंबाइन और मंडियों में ट्रक भी चलेंगे, हमें डीजल की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। (पढ़ें पूरी खबर) 3. पूर्व कांग्रेसी मंत्री लाल सिंह का निधन पंजाब कांग्रेस के नेता एवं पूर्व मंत्री लाल सिंह का मोहाली के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। वह कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में वित्त मंत्री थे। इसके अलावा वे पंजाब मंडी बोर्ड के अध्यक्ष भी रह चुके थे। कांग्रेस नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है। लाल सिंह पहली बार 1977 में डकाला से कांग्रेस की टिकट पर पंजाब विधानसभा के सदस्य बने थे। तब से उन्होंने 2012 तक 5 बार डकाला का प्रतिनिधित्व किया। परिसीमन के बाद 1985 और 1997 के चुनावों में वह शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार प्रेम सिंह चंदूमाजरा और हरमेल सिंह से हार गए थे। 2012 के चुनाव में लाल सिंह ने सनौर से चुनाव लड़ा और जीतकर मंत्री बने। लाल सिंह 2012 में 3907 वोटो से जीते थे। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के तेजेंद्र पाल सिंह को हराया था। उन्हें कुल 71029 वोट प्राप्त हुए थे, जबकि तेजेंद्र पाल सिंह को 67122 वोट मिले थे। उनकी तरफ से दिए गए एफिडेविट के अनुसार उन पर कोई भी क्रिमिनल केस नहीं था। (पढ़ें पूरी खबर) 4. लुधियाना में फायरिंग, 2 खोल मिले लुधियाना में चिप्स-कुरकुरे की डिलीवरी देने आए ब्लिंकिट के डिलीवरी बॉय से बहस के बाद डिलीवरी लेने वाला युवक मौके पर मौजूद दूसरे युवक से भिड़ गया। इसके बाद दोनों के बीच जोरदार बहस हुई। बाद में डिलीवरी लेने वाला युवक अपने दोस्तों के साथ लौटा और दूसरे युवक के घर पर फायरिंग कर दी। युवक ने घर पर 4 से 5 गोलियां चलाईं। फायरिंग के दौरान एक अन्य युवक मौके से गुजर रहा था, इसलिए उसके पैर में एक गोली लग गई। युवक को गोली लगते ही फायरिंग करने वाला युवक अपने दोस्तों को लेकर मौके से भाग गया। इसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि देर रात हुई इस गोलीबारी से उनका परिवार बेहद डरा हुआ है और मामले की गंभीर जांच की मांग कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। टीम को मौके से गोलियों के 2 खोल बरामद किए हैं। अब CCTV में देखकर आरोपी की पहचान की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. एयर-शो में सूर्यकिरन टीम ने डायमंड-Y फॉर्मेशन बनाया चंडीगढ़ में सुखना लेक पर चल रहे एयर शो का आज दूसरा और आखिरी दिन है। करीब एक घंटे चले एयर-शो में एयरफोर्स की टीम सूर्यकिरन ने आसमान में कई करतब दिखाए। टीम ने हवा में डायमंड, Y, तेजस, DNA जैसे फॉर्मेशन बनाकर लोगों को तालियां बजाने पर मजबूर किया। साथ ही कभी 360 तो कभी 90 डिग्री पर घूमकर हैरतअंगेज कारनामे किए। अंत में टीम के 2 फाइटर जेट ने हवा में धुएं से हार्ट बनाकर दर्शकों को धन्यवाद कहा। इसी के साथ एयर-शो संपन्न हुआ। इसे देखने के लिए हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी और पंजाब के CM भगवंत मान भी पहुंचे। उनके साथ चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया और हरियाणा के गवर्नर अशीम घोष मौजूद रहे। एयर-शो संपन्न होने के बाद सुखना लेक को आम जनता के लिए दोपहर 2 बजे के बाद खोल दिया गया। अब लोग यहां पर सैर कर सकेंगे। (पढ़ें पूरी खबर) 6. पंजाब के रेप आरोपी SP की 2 कॉल रिकॉर्डिंग सामने आईं रेप के आरोपों से घिरे पंजाब पुलिस के रिटायर्ड SP की कॉल रिकॉर्डिंग सामने आई है। जिसमें वह किसी अन्य महिला से अश्लील बातें करता हुआ सुनाई दे रहा है। यही नहीं, वह अपने दोस्त से भी उस महिला की अश्लील बातें करवा रहा है। SP पर आरोप लगाने वाली महिला ने दावा किया कि रिटायर्ड SP के दूसरी महिलाओं और युवतियों से भी संबंध थे। उसे भी वह अपने दोस्तों से अश्लील बातें करने के लिए मजबूर करता था। महिला का दावा है कि जांच के दौरान वह SP के झांसे में आईं महिलाओं के नामों का भी खुलासा करेगी। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में दायर याचिका और मोगा पुलिस को दी शिकायत में महिला ने इसका जिक्र किया। महिला के वकील ने भी कहा कि आरोपी के खिलाफ उनके पास कई सबूत मौजूद हैं। पुलिस सही ढंग से जांच करे तो SP के कई कारनामे उजागर होंगे। अगर पुलिस की जांच निष्पक्ष न हुई तो फिर से हाईकोर्ट जाएंगे। इससे पहले हाईकोर्ट ने पुलिस को 3 हफ्ते में जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश के साथ याचिका का निपटारा कर दिया था। हालांकि हाईकोर्ट ने पुलिस के शिकायत दर्ज करने में देरी पर नाराजगी जताई थी। इसके अलावा पुलिस से निष्पक्ष जांच की उम्मीद जताई थी। हाईकोर्ट ने जांच रिपोर्ट के बारे में भी कानून के अनुसार पीड़िता को सूचित करने के लिए कहा था। दैनिक भास्कर को भी ऐसी 2 कॉल रिकॉर्डिंग मिली हैं, जिनको लेकर रेप का आरोप लगाने वाली महिला का दावा है कि इसमें किसी अन्य महिला से बात करने वाला SP और उसका दोस्त है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. सस्पेंड DIG भुल्लर केस, IAS-IPS अफसर रडार पर पंजाब पुलिस के सस्पेंड DIG हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में CBI जांच का दायरा बढ़ गया है। जांच एजेंसी को नए और अहम सबूत मिले हैं, जिनसे पंजाब के कई बड़े अधिकारियों और निजी व्यक्तियों की भूमिका सामने आई है। CBI ने अज्ञात अफसरों के खिलाफ प्रारंभिक जांच (प्रिलिमनरी इंक्वायरी) जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ने विशेष अदालत में अर्जी दाखिल कर मोबाइल, मूल दस्तावेज और नकदी कब्जे में लेने की अनुमति भी मांगी है। इससे पहले भुल्लर की जमानत याचिका हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी है और वे फिलहाल चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल में बंद हैं।जांच एजेंसी के अनुसार यह मामला पिछले वर्ष दर्ज भ्रष्टाचार केस से जुड़ा हुआ है। जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच, वॉट्सएप चैट, पूछताछ और दस्तावेजों से कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क के सबूत मिले हैं। सीबीआई का दावा है कि आरोपी अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर निजी लोगों को लाभ दिलाने के बदले रिश्वत लेते थे। बता दें कि 6 अक्टूबर 2025 को भुल्लर और बिचौलिए कृष्णु शारदा को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद DIG भुल्लर के ठिकानों से 2 किलो के करीब सोना, साढ़े 7 करोड़ कैश समेत काफी सामान बरामद किया गया था। (पढ़ें पूरी खबर) 8. रंधावा सुसाइड केस, DM के घर की बिजली की तारें काटी अमृतसर में आत्महत्या करने वाले वेयरहाउस के डीएम गगनदीप सिंह रंधावा के परिवार ने कहा कि उनके घर की बिजली की तारों को जानबूझकर काटा गया। परिवार के सदस्य वरिंदर पाल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि कल शाम के समय जब पुलिस उनके घर पर बयान दर्ज करने आई हुई थी, तभी अचानक बिजली चली गई। शुरुआत में इसे सामान्य बिजली कटौती या तकनीकी खराबी समझा गया। लेकिन देर रात जब आसपास के घरों में बिजली आ गई और उनके घर में अंधेरा बना रहा, तब उन्हें कुछ गड़बड़ी का शक हुआ। इसके बाद एक इलेक्ट्रीशियन को बुलाया गया, जिसने जांच के दौरान बताया कि मीटर के पास से घर को जाने वाली तारें काटी गई हैं। इस जानकारी के बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। परिवार के अनुसार, फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं, जो इस घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ लोग परिवार पर दबाव बनाने और डराने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें 21 मार्च की सुबह रंधावा ने सल्फास निगल ली थी। इसके बाद अमृतसर के अस्पताल में उनकी मौत हो गई। उन्होंने मरने से पहले एक वीडियो बनाकर लालजीत भुल्लर को मौत का जिम्मेदार ठहराया था। भुल्ल को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, दुल्हन एक बेटी की मां निकली फाजिल्का जिले के अबोहर में राजस्थान के एक परिवार के साथ शादी के नाम पर ठगी की गई। राजस्थान के सूरतगढ़ से बारात लेकर आए परिवार को शादी की दस्तावेजी कार्रवाई के दौरान पता चला कि जिस लड़की से उनके बेटे का विवाह होने जा रहा है, वह लड़की पहले ही दो शादियां कर चुकी है। इतना ही नहीं, उस लड़की की एक बेटी भी है। परिवार को यह भी पता चला कि लड़की को अबोहर का बताया गया था, लेकिन उसके आधार कार्ड में बठिंडा का पता है। यह खुलासा होते ही दुल्हन समेत उसके घर वाले भाग गए। इसके बाद बारात को खाली हाथ लौटना पड़ा। लड़के वालों के मुताबिक, शादी के बहाने फंसाने के लिए लड़की वालों का पूरा गिरोह था। लड़की वालों ने खुद को गरीब बताकर 1 लाख रुपए भी मांगे थे, जिसमें से साढ़े 10 हजार रुपए वे दे भी चुके थे। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके… 10. जालंधर में रेड करने गई पुलिस को स्पा सेंटर में बंद किया जालंधर के पिम्स अस्पताल के पास स्थित क्रिस्टल स्पा सेंटर में रेड करने गई पुलिस की टीम ही फंस गई। टीम में एक महिला समेत 4 पुलिसकर्मी थे। इन्हें स्पा सेंटर के कर्मचारी और मालिक बिल्डिंग में बंद कर भाग गए। वे बाहर से ताला लगा गए थे। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक टीम स्पा सेंटर की बिल्डिंग में ही फंसी रही। उनके साथ आए टीम के अन्य कर्मियों ने सीढ़ी का इंतजाम कर अंदर फंसे कर्मियों को खिड़की से निकाला। थाना-7 पुलिस का कहना है कि स्पा सेंटर में सेक्स रैकेट जैसी अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर टीम रेड मारने पहुंची थी। स्पा के मालिक और कर्मचारियों ने टीम के साथ गलत हरकत की है। उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्पा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि भाग निकले आरोपियों की पहचान की जा सके। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
    Click here to Read more
    Prev Article
    भास्कर अपडेट्स:सीजेआई सूर्यकांत ने लेह में नए जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया
    Next Article
    बीमारी से जूझ रहीं सबा आजाद, इमोशनल पोस्ट में ऋतिक के सपोर्ट का किया जिक्र

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment