Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    पंजाब- AAP ने जालंधर में विधायकों की मीटिंग टाली:मनीष सिसोदिया बोले- ये सिर्फ ऑब्जर्वर्स की बैठक; स्वाति मालीवाल ने BJP जॉइन की

    16 hours ago

    2

    0

    राघव चड्‌ढा समेत 7 सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद टूट रोकने में जुटी आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब टूट रोकने के लिए बुलाई विधायकों की मीटिंग टाल दी है। मीडिया में सुर्खियां बनने के बाद AAP के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने मीटिंग को लेकर सफाई दी है। सिसोदिया ने सोशल मीडिया (X) पर लिखा- पंजाब में कल पार्टी के 1000 ब्लॉक ऑब्जर्वर्स की बैठक बुलाई गई है। इसे गलत तरीके से ‘विधायकों की आपात बैठक’ बताया जा रहा हैं। यह एक नियमित संगठनात्मक बैठक है, जो पार्टी की रूटीन संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसमें हर ब्लॉक के संगठन की स्थिति, जमीनी फीडबैक और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होती है। माना जा रहा है कि AAP को लेकर निगेटिव माहौल न बने, इसलिए अब ये मीटिंग गुपचुप की जा सकती है। चूंकि मीटिंग की जानकारी लीक हो गई, इस वजह से अब इसे नॉर्मल मीटिंग का रूप दे दिया गया है। यह भी चर्चा है कि पहले रूटीन मीटिंग के नाम पर ही विधायकों को इसमें शामिल होने के लिए बुलाया गया था। उधर, सांसद स्वाति मालीवाल ने आज BJP जॉइन कर ली है। उन्होंने कहा- मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के कार्यों से प्रभावित हूं। उनसे प्रेरणा लेकर ही मैंने BJP जॉइन की है। इस पार्टी में आना मेरी कोई मजबूरी नहीं थी, बल्कि मैं लंबे समय से इसके कामकाज को ध्यान से देख रही थी। उन्होंने अरविंद केजरीवाल के ‘सत्याग्रह’ ऐलान पर कहा- केजरीवाल को इस तरह का ड्रामा करने की आदत है, यह कोई नई बात नहीं है। इसी वजह से सिर्फ केजरीवाल ही नहीं, बल्कि पूरी आम आदमी पार्टी देशभर में ड्रामा, झूठ, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के लिए जानी जाती है। वहीं सीएम भगवंत मान ने कहा कि कल 12 बजे हम एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। यह उन्हीं मुद्दों पर होगी। जिन्हें आज अपने दिलों में ही वापस लेकर जा रहे हैं। पंजाब में AAP में टूट की चर्चा क्यों? क्या वाकई विधायक AAP छोड़ सकते हैं? सिटिंग MLA को टिकट कटने का डर: पॉलिटिकल एक्सपर्ट डॉ. कृपाल सिंह औलख के अनुसार, आम आदमी पार्टी के कई विधायकों के इस समय विवाद चल रहे हैं या फिर वो पार्टी हाईकमान से नाराज हैं। राज्य में कई विधायक ऐसे हैं, जो एंटी इंकमबेंसी की वजह से पार्टी से किनारा कर सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी हलकों में अपने लेवल पर सर्वे करवा रही है। विधायाकों को डर है कि उनके टिकट न कट जाएं। अमृतसर से कुंवर विजय प्रताप कर चुके बगावत: अमृतसर से AAP विधायक व पूर्व आईजी कुंवर विजय प्रताप लंबे समय से पार्टी से नाराज चल रहे हैं। बरगाड़ी कांड को लेकर वो लगातार सरकार को घेरते रहे हैं। यही नहीं उन्होंने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी खुलकर मोर्चा खोला है। इसके बावजूद पार्टी ने उन्हें निकाला नहीं है। अनमोल गगन मान ने भी पार्टी छोड़ दी थी: खरड़ से विधायक व पूर्व मंत्री गगन अनमोल मान ने भी पिछले साल राजनीति से सन्यास लेने का ऐलान किया था। वो भी मंत्री पद से हटाए जाने के कारण पार्टी से नाराज चल रही थी। हालांकि बाद में पार्टी के पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा के मनाने पर वह फिर से एक्टिव हो गईं। 9 मंत्रियों की हो चुकी कैबिनेट से छुट्‌टी, वह नाराज: पॉलिटिकल एक्सपर्ट डॉ. औलख के अनुसार आम आदमी पार्टी की सरकार से 9 मंत्रियों की छुट्‌टी हो चुकी है। कैबिनेट से छुट्‌टी होने से कहीं न कहीं उनके मन में भी टीस है। जिनकी मंत्रिमंडल से छुट्‌टी हुई है उनमें- अनमोल गगन मान, चेतन सिंह जौड़ामजरा, कुलदीप सिंह धालीवाल, ब्रह्म शंकर जिम्पा, बलकार सिंह, इंद्रबीर सिंह निज्जर, फौजा सिंह सरारी, विजय सिंगला के अलावा लालजीत भुल्लर के नाम शामिल हैं। लालजीत भुल्लर डीएम रंधावा सुसाइड केस में जेल में हैं। AAP ने राज्यसभा से पूछा- सांसदों के आगे से नाम कैसे हटाया इसी बीच AAP सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल को चिट्ठी लिखकर राज्यसभा के रिकॉर्ड में AAP सांसदों के नाम के आगे से बिना इजाजत पार्टी का नाम हटाने पर जवाब मांगा। उन्होंने इस मामले की तुरंत जांच और जल्द लिखित जवाब देने का अनुरोध किया है। साथ ही उन सभी जरूरी आदेश की कॉपी भी मांगी है, जिनके आधार पर AAP का सांसदों के नाम के आगे से नाम हटाया गया है। 27 अप्रैल को राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सातों सांसदों के BJP में विलय को मंजूरी दी थी, जिससे राज्यसभा में AAP की संख्या घटकर 3 रह गई, जबकि BJP की संख्या 113 हो गई है। BJP में शामिल होने वालों में राघव चड्ढा के अलावा अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, संदीप पाठक, विक्रमजीत साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्ता शामिल हैं। राज्यसभा की ऑफिशियल वेबसाइट पर भी इन सांसदों को BJP के सदस्यों के रूप में दिखाया गया है। राघव चड्‌ढा ने कहा- AAP चंद करप्टों की पार्टी कल ही राघव चड्ढा ने खुद सामने आकर पार्टी छोड़ने की वजह बताई थी। उन्होंने कहा कि 15 साल देने के बाद AAP अब पहले जैसी नहीं रही और पार्टी का माहौल टॉक्सिक हो चुका है, जहां काम करने और बोलने तक की आजादी नहीं है। उनके मुताबिक, यह फैसला अकेले का नहीं, बल्कि 7 सांसदों का सामूहिक निर्णय है। AAP अब चंद करप्टों और कॉम्प्रोमाइज्ड लोगों की पार्टी बनकर रह गई है। जो अब देश के लिए नहीं, अपने पर्सनल फायदे के लिए काम करते हैं। राघव ने कहा- राजनीति में आने से पहले मैं प्रैक्टिसिंग चार्टर्ड अकाउंटेंट था। मेरे सामने एक बेहतरीन करियर था, लेकिन मैं उस करियर को छोड़कर राजनीति में आया। अपना करियर बनाने यहां नहीं आया। एक राजनीतिक पार्टी का फाउंडिंग मेंबर बना। उस पार्टी को अपने प्राइम यूथ के 15 साल दिए। अपने खून-पसीने से इस पार्टी को सींचा, लेकिन आज यह पार्टी वह पुरानी वाली पार्टी नहीं रही। जानिए, 7 सांसदों के AAP छोड़ने के मामले में अब तक क्या हुआ.. 24 अप्रैल- शाम 4 बजे राघव चड्ढा ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि AAP के 10 में से 7 राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़ चुके हैं। इसी दिन शाम को राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने भाजपा जॉइन कर ली। हालांकि बाकी 4 सांसद सामने नहीं आए। 25 अप्रैल- सुबह भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए 7 सांसदों पर टिप्पणी की, जिससे सियासी माहौल और गरम हो गया। उन्होंने लिखा- अदरक, लहसुन, जीरा, मेथी पाउडर, लाल मिर्च, काली मिर्च और धनिया, ये 7 चीजें मिलकर सब्जियां स्वादिष्ट बनाती हैं, लेकिन इनकी सब्जी नहीं बन सकती। 25 अप्रैल- AAP के हरपाल चीमा ने कहा कि सिर्फ 3 सांसद ही BJP में गए हैं और बाकी के साइन फर्जी हैं। 7 मेंबर एक साथ जाने चाहिए थे, तब कानून से बच सकते थे। इनके पास 18 महीने का ही टाइम बचा है। 25 अप्रैल- CM भगवंत मान ने 7 AAP सांसदों के पार्टी छोड़ने को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात का टाइम मांगा। पंजाब सीएम ऑफिस से जुड़े सोर्सेज के मुताबिक सीएम मान पंजाब के सभी विधायकों को लेकर दिल्ली जाकर राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं। वह पार्टी बदलने वाले 7 सांसदों के राइट टू रिकॉल की मांग करेंगे और इस पर अपना पक्ष रखेंगे। इसके अलावा AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उपराष्ट्रपति से मिलने की बात कही थी। 25 अप्रैल- एक न्यूज चैनल ने सोर्सेज के हवाले से दावा किया कि पार्टी छोड़ने से पहले 3 सांसद AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से मिले थे। इनमें अशोक मित्तल 19 अप्रैल, विक्रमजीत साहनी 22 अप्रैल और संदीप पाठक ने 23 अप्रैल को ही केजरीवाल से मुलाकात की थी। मित्तल ने तो 23 अप्रैल को केजरीवाल से बात भी की थी। 25 अप्रैल- AAP छोड़ने वाले 7 में से 3 राज्यसभा सांसदों हरभजन सिंह भज्जी, राजिंदर गुप्ता और LPU के संस्थापक अशोक मित्तल के खिलाफ AAP के वर्करों ने प्रदर्शन किया। जालंधर में भज्जी और लुधियाना में ट्राइडेंट ग्रुप के मालिक राजिंदर गुप्ता के घर के बाहर गद्दार लिख दिया। फगवाड़ा में सांसद अशोक मित्तल की यूनिवर्सिटी LPU के गेट पर भी ‘पंजाब का गद्दार’ लिख दिया गया। 26 अप्रैल- AAP छोड़ने वाले राज्यसभा सांसद विक्रमजीत साहनी ने दावा किया कि AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने उनसे इस्तीफा मांगा था। मेरा मन भी बन गया था लेकिन फिर सलाहकारों ने रोक दिया। साहनी ने कहा कि पंजाब इस वक्त ICU में है। उसे बचाने के लिए स्ट्रॉन्ग सेंट्रल सपोर्ट या केंद्र सरकार के सहयोग की जरूरत है। 26 अप्रैल- AAP न छोड़ने वाले सांसद संत सीचेवाल ने कहा कि राघव चड्‌ढा ने आजाद ग्रुप बनाने की बात कहकर मुझे 16, 17 और 18 अप्रैल को चाय पर बुलाया था लेकिन मैं वहां नहीं गया। मैंने उन्हें किसी तरह का आजाद ग्रुप बनाने या उसमें शामिल होने से मना कर दिया। 26 अप्रैल- AAP ने रविवार को सभापति से सातों सांसदों की सदस्यता खत्म करने की मांग की थी। संजय सिंह ने भी लेटर लिखकर उन्हें दलबदल कानून के उल्लंघन का दोषी बताते हुए अयोग्य घोषित करने की अपील की। 26 अप्रैल- AAP छोड़ने वाले तीसरे सांसद अशोक मित्तल को केंद्र सरकार ने Y सिक्योरिटी दी। इससे पहले इसी दिन पंजाब की AAP सरकार ने पूर्व क्रिकेटर व सांसद हरभजन सिंह भज्जी की Y कैटेगरी सिक्योरिटी हटा ली थी। इसके तुरंत बाद ही केंद्र सरकार ने भज्जी को CRPF की सिक्योरिटी दे दी। उनके घर के बाहर ये जवान तैनात कर दिए गए। इससे पहले राघव चड्‌ढा की Z+ सिक्योरिटी हटने पर केंद्र से सिक्योरिटी मिल गई थी। 26 अप्रैल- राज्यसभा सांसद और लवली यूनिवर्सिटी के मालिक अशोक मित्तल के खिलाफ लुधियाना, जालंधर और अमृतसर में प्रदर्शन हुए। जालंधर में हरभजन सिंह के घर के बाहर गद्दारो शर्म करो के नारे लगाए गए। हालांकि, CRPF ने प्रदर्शनकारियों को घर तक पहुंचने नहीं दिया। 27 अप्रैल- AAP छोड़ BJP जॉइन करने के बाद सांसद राघव चड्‌ढा ने पहला वीडियो जारी किया। चड्‌ढा ने कहा कि AAP में टॉक्सिक वर्क एन्वॉयरमेंट हो गया था। काम करने-बोलने से रोका जा रहा था। यह पार्टी अब चंद करप्ट और कॉम्प्रोमाइज लोगों के हाथ में फंसकर रह गई है। ये पर्सनल फायदे के लिए काम करते हैं। मेरे पास 3 ऑप्शन थे, मैंने पार्टी छोड़ना ही उचित समझा। 27 अप्रैल- इसी दिन राज्यसभा ने AAP के 7 सांसदों और BJP के मर्जर को मंजूरी दे दी। अब राघव चड्‌ढा, अशोक मित्तल, विक्रमजीत साहनी, हरभजन सिंह भज्जी, डॉ. संदीप पाठक, स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता को ऑफिशियल तौर पर BJP के सांसद बन गए हैं। अब राज्यसभा में भाजपा के 113 सांसद हो गए हैं। ********** ये खबरें भी पढ़ें: AAP छोड़ने वाले सांसदों का डायरेक्ट ग्राउंड कनेक्ट नहीं: पंजाब में BJP नैरेटिव बिल्डिंग, सोशल-बिजनेस नेटवर्क यूज करेगी; AAP कैसे कर रही डैमेज कंट्रोल? पंजाब से आम आदमी पार्टी (AAP) के 6 राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़ दी। इनमें राघव चड्‌ढा, अशोक मित्तल, विक्रम साहनी, हरभजन सिंह भज्जी, डॉ. संदीप पाठक और राजिंदर गुप्ता शामिल हैं। इनमें से 3 राघव, मित्तल और पाठक BJP में शामिल हो चुके हैं। राज्यसभा का सांसद जनता नहीं चुनती बल्कि जनता के चुने विधायक इनके लिए वोटिंग करते हैं। (पढ़ें पूरी खबर) पंजाब- AAP छोड़ने वाले सांसदों की लग्जरी लाइफस्टाइल:₹60 हजार के जूते, ₹80 हजार का चश्मा, ₹3 लाख का पेन; 6 सांसदों की प्रॉपर्टी-शौक के बारे में जानिए आम आदमी पार्टी (AAP) को छोड़ने वाले पंजाब के 6 में से 5 राज्यसभा सांसद लग्जरी लाइफस्टाइल जीते हैं। संदीप पाठक को छोड़ दें तो सभी करोड़पति हैं। इनमें सबसे अमीर ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता है, जिनके पास 5 हजार करोड़ की प्रॉपर्टी है। पढ़ें पूरी खबर…. AAP की टूट से BJP को पंजाब में क्या फायदा:चड्‌ढा केजरीवाल के खिलाफ नैरेटिव सेट करेंगे, पाठक स्ट्रैटजी बनाएंगे; जानें 'कैप्टन' कौन होगा पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ही आम आदमी पार्टी (AAP) में टूट हो गई। पंजाब के 6 सांसदों ने अचानक पार्टी छोड़ दी। इनमें से 3 राघव चड्‌ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने भाजपा जॉइन कर ली। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि पंजाब में AAP के MLA भी टूटेंगे या नहीं। पढ़ें पूरी खबर…
    Click here to Read more
    Prev Article
    राष्ट्रपति का अटल टनल दौरा खराब मौसम के कारण रद्द:हिमाचल में स्टेट बैंकेट, मूवमेंट के दौरान जगह-जगह ट्रैफिक रोका; आम जनता पेरशान
    Next Article
    Malayalam OTT Releases: मई के पहले हफ्ते में OTT पर मलयालम फिल्मों का जलवा, एक साथ रिलीज होंगी ये 3 धांसू फिल्में

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment