Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:रावतपुर रेलवे स्टेशन बंद होगा, 17 क्रॉसिंग खत्म होंगी; सांसद बोले- ममता बनर्जी मानसिक विक्षिप्त हो चुकी हैं

    2 hours ago

    2

    0

    नमस्कार, कानपुर में कल (बुधवार) की बड़ी खबरें… सागर हाइवे पर सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बारात से वापस लौट रही ईको वैन और डंपर की भिड़ंत हो गई। फिर एक-एक कर चार गाड़ियां और टकरा गईं। हादसे में 16 बराती घायल हुए। घाटमपुर के पतारा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस दौरान हाईवे पर लगभग 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पश्चिम बंगाल प्रवास से लौटने के बाद कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी का बुधवार को सेंट्रल स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। सांसद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में “बदला नहीं, बदलाव की राजनीति” होगी और जनता ने बम-बारूद की राजनीति का जवाब बैलेट से दिया है। ममता बनर्जी मानसिक विक्षिप्त हो चुकी हैं। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…। सिलसिलेवार पढ़िए 10 बड़ी खबरें- 1- हाईवे पर 6 गाड़ियां टकराईं; 16 बाराती घायल; 3 घंटे तक लगा जाम कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बारात से लौट रही एक ईको वैन तिलसड़ा मोड़ के पास अचानक बंद होकर पीछे की ओर लुढ़कने लगी, तभी पीछे से आ रहे गिट्टी लदे डंपर ने उसमें टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रहीं तीन अन्य गाड़ियां और एक डीसीएम भी आपस में भिड़ गईं। हादसे में अलग-अलग वाहनों में सवार कुल 16 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनएचआई टीम ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर पतारा सीएचसी पहुंचाया, जहां से सभी को गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद कानपुर-सागर हाईवे पर करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जो हमीरपुर की ओर जहांगीराबाद और कानपुर की ओर बिधनू तक पहुंच गया। पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। रेस्क्यू के दौरान पतारा चौकी इंचार्ज ललित शर्मा के हाथ में भी चोट आई। एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर... 2- खराब पिकअप से बाइक टकराई, किशोर की मौत; हाईवे पर झपकी आने से हुआ हादसा, चचेरे भाई-बहन घायल कानपुर के यशोदा नगर एलिवेटेड हाईवे पर बुधवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खराब खड़ी पिकअप के पीछे एक बाइक जा टकराई, जिसमें 17 वर्षीय किशोर शिवा गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार उसकी चचेरी बहनें हर्षिता (15), अंशिका (20) और भाई दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची नौबस्ता पुलिस ने घायलों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों के अनुसार, सभी लोग बिधनू के हरबसपुर गांव में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। रास्ते में प्रताप होटल के पास खराब खड़ी पिकअप से बाइक टकरा गई। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में बाइक चला रहे शिवा को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में दीपक की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि अंशिका का पैर टूट गया और हर्षिता को अंदरूनी चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर... 3- कानपुर में आंधी-बारिश की संभावना, सुबह बादल तो दोपहर में धूप निकली; 56 साल में दिन का तापमान सबसे कम रहा कानपुर में बीते दो दिन की आंधी-बारिश के बाद बुधवार को मौसम साफ रहा, हालांकि सुबह हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवा चलने से मौसम सुहावना बना रहा। दोपहर में तेज धूप निकलने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई और 1:30 बजे के करीब पारा 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली और कई लोग परिवार के साथ पार्कों में घूमते नजर आए। इस बार मई की शुरुआत में मौसम ने अलग ही रुख दिखाया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10.4 डिग्री कम रहा और बीते 56 साल में मई के शुरुआती दिनों का सबसे कम तापमान माना जा रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जिससे रात में भी हल्की ठंडक महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार 6 और 7 मई को भी बादल, आंधी और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रहने के आसार हैं। पढ़ें पूरी खबर... 4- कानपुर में 125 करोड़ साइबर ठगी का केस, सरगना राजबीर पर 25 हजार इनाम, 53 खाते फ्रीज कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में 125 करोड़ की साइबर ठगी मामले में पुलिस ने फरार सरगना राजबीर पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और उसके बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। अब तक 53 खातों को फ्रीज किया जा चुका है, जिनमें से 13 खातों में 2.11 करोड़ रुपये की रकम सीज की गई है। पुलिस ने पांच बैंकों को नोटिस जारी कर पिछले छह माह के ट्रांजेक्शन, सीसीटीवी फुटेज, खातों से जुड़े मोबाइल नंबर और खाताधारकों की जानकारी मांगी है। जांच में सामने आया है कि गैंग 250 से अधिक बैंक खातों के जरिए ठगी को अंजाम दे रहा था। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि गैंग की बैठकें कन्नौज के एक होटल में होती थीं, जहां सरगना राजबीर हर महीने तय तारीख पर सदस्यों से मिलता था। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल से मिले वीडियो और चैट में 19 अप्रैल की बैठक के साक्ष्य भी मिले हैं। इस मामले में अब तक तीन बैंकों के पांच कर्मचारियों समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सीएसबी बैंक की स्वरूप नगर शाखा में 53 खातों की जांच में 40 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन सामने आया, हालांकि अधिकांश रकम निकाली जा चुकी थी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और जल्द ही बड़े खुलासे की बात कही जा रही है। पढ़ें पूरी खबर... 5- कानपुर में एलीवेटेड रेलवे लाइन की तैयारी, रावतपुर रेलवे स्टेशन बंद होगा, 17 क्रॉसिंग खत्म होंगी कानपुर-कासगंज रेलवे लाइन को एलीवेटेड बनाने की दिशा में रेलवे ने तैयारी तेज कर दी है। परियोजना के लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और 75 प्रतिशत अधिग्रहण पूरा होते ही शिलान्यास किया जाएगा, जिसमें पीएम मोदी के आने की संभावना जताई जा रही है। करीब 1100 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत मंधना से कानपुर अनवरगंज के बीच लगभग 16 किमी लंबी एलीवेटेड लाइन बनेगी, जिससे 17 रेलवे क्रॉसिंग खत्म हो जाएंगी और शहर के करीब 5 लाख लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। परियोजना के तहत रावतपुर और कल्याणपुर जैसे 146 साल पुराने स्टेशनों को बंद किया जाएगा और उनकी जगह विश्वविद्यालय के पास ‘अटल बिहारी बाजपेयी’ नाम से नया एलीवेटेड स्टेशन बनाया जाएगा। निर्माण के दौरान और बाद में कई ट्रेनों के रूट बदले जाएंगे, जबकि कुछ ट्रेनें मंधना तक ही सीमित कर दी जाएंगी। कालिंदी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को इटावा-कानपुर सेंट्रल रूट से चलाने की योजना है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पूरी योजना इस तरह तैयार की जा रही है कि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो और शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बन सके। पढ़ें पूरी खबर... 6- DM से मासूम बहनों की शिकायत- घरवालों ने मेरे गुल्लक तोड़े; अफसर ने नया गुल्लक मंगाया, 500-500 रुपए डाले कानपुर कलेक्ट्रेट में DM लोगों की शिकायत सुन रहे थे। इसी बीच दो बच्चियां पहुंचीं। उन्होंने शिकायत की- साहब, हमारे घर वालों ने पारिवारिक विवाद में मेरे गुल्लक तोड़ दिए। ये सुनकर DM जितेंद्र प्रताप सिंह ने दोनों मासूम बहनों के लिए दो नए गुल्लक और स्कूल बैग मंगाए। दोनों गुल्लक में खुद 500-500 रुपए डलवाए। तब बच्चे खुश हो गए। जाजमऊ क्षेत्र निवासी शन्नो अपनी बेटियों इस्वा खां (12) और मरियम फातिमा (8) के साथ DM जितेंद्र प्रताप सिंह के जनता दर्शन में शिकायत करने आई थीं। मां की शिकायत घरेलू विवाद से जुड़ी थी। आरोप है कि पति की तबीयत खराब रहती है, उन्हें ससुराल वाले घर से निकाल दिए थे। ससुराल वालों ने शन्नो के सामान घर से बाहर फेंके। इसी में बच्चियों के गुल्लक टूट गए थे। शन्नो ने बताया कि उनकी बेटियां लंबे समय से मिट्टी के गुल्लक में पैसे जमा कर रही थीं। उनको उम्मीद थी कि गुल्लक भरने के बाद वह अपने लिए स्कूल बैग या कुछ अन्य उपयोगी सामान खरीदेंगी। लेकिन, पारिवारिक विवाद के बीच उनके गुल्लक टूट गए। पढ़ें पूरी खबर... 7- बंगाल प्रवास से वापस आए सांसद बोले- ममता बनर्जी मानसिक विक्षिप्त हो चुकी हैं, जनता ने बम-बारूद की राजनीति का बैलेट से जवाब दिया पश्चिम बंगाल प्रवास से लौटने के बाद कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी का बुधवार को सेंट्रल स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ स्टेशन पहुंचे और प्लेटफॉर्म से गेट नंबर एक तक फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। सांसद सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस से दिल्ली से कानपुर पहुंचे, जहां भाजपा पदाधिकारियों और समर्थकों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान सांसद ने पश्चिम बंगाल की राजनीति और ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में “बदला नहीं, बदलाव की राजनीति” होगी और जनता ने बम-बारूद की राजनीति का जवाब बैलेट से दिया है। ममता बनर्जी मानसिक विक्षिप्त हो चुकी हैं। ममता बनर्जी के इस्तीफे की चर्चा को उन्होंने “पॉलिटिकल ड्रामा” बताते हुए तीखी टिप्पणी की। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 9 मई को भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा। अखिलेश यादव के बंगाल दौरे पर भी उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार की तरह वहां भी विपक्षी गठजोड़ का असर नहीं दिखा है। पढ़ें पूरी खबर... 8- कानपुर में कुत्तों के लिए ब्रेकफास्ट, लंच-डिनर की व्यवस्था; कटखने कुत्तों के लिए शेल्टर होम बनेगा कानपुर में प्रदेश का पहला डॉग शेल्टर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम ने रुमा ड्योढ़ी घाट के पास करीब पांच एकड़ जमीन चिन्हित कर ली है, जहां करीब चार करोड़ रुपए की लागत से यह अत्याधुनिक शेल्टर बनाया जाएगा। इस शेल्टर में एक साथ 1000 आक्रामक और कटखने आवारा कुत्तों को रखने की व्यवस्था होगी। उनके ब्रेकफास्ट, लंच-डिनर की व्यवस्था होगी। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शेल्टर में कुत्तों के लिए किचन, अस्पताल, उपचार कक्ष और रहने की समुचित सुविधाएं विकसित की जाएंगी। बीमार या घायल कुत्तों के इलाज की विशेष व्यवस्था भी होगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके निरंजन ने बताया कि परियोजना की डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी गई है और बजट स्वीकृत होते ही निर्माण शुरू होगा। वर्तमान में शहर में करीब 1.40 लाख आवारा कुत्ते हैं, ऐसे में यह शेल्टर उनकी देखभाल और नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर... 9- कानपुर की बसों में महिला कंडक्टरों की संख्या बढ़ाई गई, 4 डिपो पर 23 महिलाओं की डिपो पर पोस्टिंग कानपुर में परिवहन विभाग ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम उठाते हुए बसों में महिला कंडक्टरों की संख्या बढ़ा दी है। हाल ही में 23 नई महिला कंडक्टरों की तैनाती चार डिपो पर की गई है, जिससे क्षेत्र में कुल संख्या 67 से बढ़कर 90 हो गई है। ये महिला कंडक्टर अब शहर के साथ-साथ लंबी दूरी के रूटों पर भी सेवाएं दे रही हैं, जिनमें झांसी, गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज और आगरा जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, महिला कंडक्टरों की तैनाती से खासतौर पर महिला यात्रियों को अधिक सुरक्षित और सहज माहौल मिलेगा। भर्ती प्रक्रिया में कुल 81 महिला अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से चयन प्रक्रिया और परीक्षण के बाद 23 को नियुक्त किया गया। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी महेश कुमार ने बताया कि विभाग आगे भी महिला कर्मचारियों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में प्रयास करता रहेगा। पढ़ें पूरी खबर... 10- मोबाइल उठाइए, जनगणना में दर्ज करिए अपने परिवार का ब्योरा, 7 मई से स्वगणना का पोर्टल शुरू देश में होने वाली अगली जनगणना में पहली बार नागरिकों को घर बैठे खुद अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। 7 मई से 21 मई तक लोग https://se.census.gov.in⁠ पर जाकर अपने परिवार और मकान से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। इसके लिए राज्य का चयन कर पंजीकरण करना होगा और मोबाइल नंबर के जरिए ओटीपी सत्यापन किया जाएगा। एक मोबाइल नंबर से केवल एक परिवार का पंजीकरण संभव होगा, जबकि व्यक्ति देश के किसी भी स्थान से अपने परिवार की स्व-गणना कर सकेगा। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। सभी विवरण भरने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की यूनिक पंजीकरण संख्या मिलेगी, जिसे प्रगणक को दिखाना होगा। घर-सूचीकरण के दौरान भवन, कमरों की संख्या, पानी-बिजली, शौचालय, ईंधन और अन्य सुविधाओं समेत कुल 33 प्रकार की जानकारी दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो लोग स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनके घर जाकर प्रगणक जानकारी दर्ज करेंगे। यह जनगणना प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी, जिसका दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर...
    Click here to Read more
    Prev Article
    30 मई तक बन जाएगी विरासत गलियारा की सड़कें:कनेक्टिंग गलियों के दुकानदार परेशान, बोले- बारिश में दुकान तक घुस जाता है पानी
    Next Article
    बुलेटप्रूफ बंकर से लेजर एंटी ड्रोन सिस्टम तक:प्रयागराज के नॉर्थ टेक सिम्पोजियम में डिफेंस इंडस्ट्री ने दिखाया इंडियन आर्मी का भविष्य

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment