Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:चार्जर और 16 हजार के विवाद में युवक का मर्डर, सोते समय बीवी ने पति पर हमला किया

    1 hour ago

    1

    0

    नमस्कार, कानपुर में कल (रविवार) की बड़ी खबरें…चौबेपुर थाना क्षेत्र के ककराहा गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब पत्नी ने सो रहे पति की गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में युवक सूरज कठेरिया घायल हो गया। गर्दन पर ब्लेड लगते ही वह जाग गया और शोर मचाया, जिस पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों को आता देख आरोपी पत्नी सरिता उर्फ गोलू मौके से चली गई। शिवराजपुर में मामूली विवाद में शराब ठेके पर काम करने वाले युवक की उसके साथियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। शव को 30 किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर फेंककर हादसा दिखाने की कोशिश की। करीब 25 दिन की जांच के बाद पुलिस ने इस कत्ल का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…। सिलसिलेवार पढ़िए 10 बड़ी खबरें- 1- सोते समय पति पर पत्नी ने ब्लेड से हमला किया, पहली शादी के बच्चों को लेकर विवाद चौबेपुर थाना क्षेत्र के ककराहा गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब पत्नी ने सो रहे पति की गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में युवक सूरज कठेरिया घायल हो गया। गर्दन पर ब्लेड लगते ही वह जाग गया और शोर मचाया, जिस पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों को आता देख आरोपी पत्नी सरिता उर्फ गोलू मौके से चली गई। घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। घायल सूरज का आरोप है कि उसकी पत्नी आए दिन विवाद करती थी और उसने 13 अप्रैल को ही पुलिस से शिकायत कर किसी अनहोनी की आशंका जताई थी। थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा के अनुसार दोनों की यह दूसरी शादी है और पहली शादी से हुए बच्चों को साथ रखने को लेकर अक्सर विवाद होता रहता है। पुलिस के मुताबिक दोनों नशे के आदी बताए जा रहे हैं और महिला पहले भी खुद को ब्लेड मार चुकी है। फिलहाल युवक को हल्की चोट आई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। पढ़ें पूरी खबर... 2- पति की गर्लफ्रेंड के बाल घसीटकर पीटा, चौराहे पर दोनों को साथ घूमते देख पत्नी भड़की जूही बारादेवी चौराहे पर एक महिला ने अपने पति को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ घूमते देख लिया। गुस्से में बेकाबू पत्नी ने बीच सड़क पर ही पति की गर्लफ्रेंड के बाल पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों महिलाओं के बीच जमकर मारपीट और गाली-गलौज होने लगी। चौराहे पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन मदद करने के बजाय अधिकतर लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। पूरी घटना पुलिस पिकेट के सामने काफी देर तक चलती रही और शनिवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पत्नी ने पति को दूसरी महिला के साथ देखते ही विवाद शुरू कर दिया, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गया। इस दौरान पति दोनों को छुड़ाने की कोशिश करता रहा। जूही थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर... 3- ट्रेनों के पंखे बंद, बसों के फर्स्ट ऐड बॉक्स खाली, ग्लूकोज और ORS गायब, 35°C में खड़ी गाड़ियों में बैठे लोग कानपुर में भीषण गर्मी के बीच यात्रियों की सुविधाएं बदहाल नजर आ रही हैं। झकरकट्टी बस स्टैंड से लेकर अनवरगंज रेलवे स्टेशन तक हीटवेव से बचाव के इंतजाम नाकाफी हैं। बसों के फर्स्ट एड बॉक्स खाली मिले, जिनमें ग्लूकोज और ORS जैसी जरूरी चीजें तक मौजूद नहीं हैं। 35 डिग्री तापमान में बसें खुले में खड़ी रहती हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बस स्टैंड पर ठंडे पानी की भी समुचित व्यवस्था नहीं है- सिर्फ दो फ्रीजर लगे हैं, जिनमें भी गर्म पानी आ रहा है। मजबूरन यात्रियों को 20 रुपये में पानी खरीदना पड़ रहा है। वहीं, अनवरगंज रेलवे स्टेशन पर भी हालात चिंताजनक हैं। प्लेटफॉर्म पर ठंडे पानी की सुविधा नहीं है और कई ट्रेनों के कोच में पंखे तक बंद मिले, जिससे यात्री गर्मी में बेहाल दिखे। चौरीचौरा एक्सप्रेस के जनरल कोच में बैठे यात्रियों ने पंखे बंद होने की शिकायत की। प्रतिदिन करीब 5 लाख यात्री कानपुर से गुजरते हैं, इसके बावजूद कहीं भी हेल्थ हेल्प डेस्क की व्यवस्था नहीं की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि हीटवेव के दौरान ORS और ग्लूकोज जैसी सुविधाएं अनिवार्य होनी चाहिए, ताकि यात्रियों को डिहाइड्रेशन से बचाया जा सके। प्रशासन की लापरवाही यात्रियों पर भारी पड़ती नजर आ रही है। पढ़ें पूरी खबर... 4- कानपुर में अगले 7 दिन गर्मी से राहत, प्री मानसून जैसी हवाएं मौसम को कर रहीं ठंडा कानपुर में मौसम ने अचानक करवट ली है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलती नजर आ रही है। सुबह से हल्की ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिनकी रफ्तार करीब 8 किमी प्रति घंटा है। आसमान में हल्के बादल छाए हैं और सूरज बादलों के बीच लुकाछिपी कर रहा है, जिससे धूप भी नरम बनी हुई है। शहर का तापमान गिरकर करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है। प्री-मानसून जैसी हवाओं के चलते मई के पहले सप्ताह तक गर्मी से राहत के आसार बने हुए हैं। दिनभर चल रही ठंडी हवाओं और बादलों की आवाजाही ने मौसम को सुहाना बनाए रखा, वहीं रात में भी तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने से ठंडक बनी रही। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक आने वाले 24 घंटों में धूप नरम रहेगी और नमी बढ़ने से हीट इंडेक्स कम रहेगा। 4 और 5 मई को तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी, धूलभरी आंधी और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। इससे आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है। पढ़ें पूरी खबर... 5- महापौर बोलीं- इनका काम है तमाशा करना, सपा MLA बोले- BJP हमसे तमाशा सीखकर जाए कानपुर में नगर निगम की व्यवस्थाओं को लेकर सियासत गरमा गई है। आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के अनोखे विरोध प्रदर्शन अब राजनीतिक टकराव में बदल गए हैं। कभी सूखे पड़े स्विमिंग पूल में “ड्राई स्विमिंग” तो कभी खुद कूड़ा गाड़ी चलाकर सफाई करने के उनके अंदाज पर मेयर प्रमिला पाण्डेय ने इसे “तमाशा” करार दिया। मेयर ने कहा कि विधायक का काम ही ऐसा प्रदर्शन करना है और नगर निगम को उनके “रिपोर्ट कार्ड” की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर साफ है और जो लोग सहयोग नहीं कर रहे, वही आरोप लगा रहे हैं। वहीं, विधायक अमिताभ बाजपेई ने मेयर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष में रहकर जनता की आवाज उठाना उनका अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के अधिकारी शिकायतों पर ध्यान नहीं देते, स्विमिंग पूल समय पर चालू नहीं हुआ और कई वार्डों में कूड़ा नहीं उठ रहा। विधायक ने कहा कि उनके प्रदर्शन से ही प्रशासन जागा है और अब व्यवस्थाएं सुधरने लगी हैं। “तमाशा” वाले बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को भी ऐसे विरोध करना उनसे सीखना पड़ेगा, क्योंकि भविष्य में उन्हें भी विपक्ष में बैठना पड़ सकता है। पढ़ें पूरी खबर... 6- कानपुर से जुड़ेगा गंगा एक्सप्रेसवे, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने लिया फैसला कानपुर में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में नवीन सभागार में समग्र विकास की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया गया। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे से कानपुर को जोड़ने के लिए जल्द प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही रामादेवी से गोल चौराहा तक प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण में तेजी लाने और जाजमऊ से चकेरी एयरपोर्ट तक निर्बाध मार्ग विकसित करने को कहा। नरवल मोड़ पर आईटीबीपी के पास अंडरपास निर्माण, शहर के प्रमुख मार्गों को जाम मुक्त बनाने और एयरपोर्ट के वैकल्पिक रास्ते को भी सुगम बनाने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में सैमसी झील के संरक्षण और सुंदरीकरण, डिफेंस कॉरिडोर में किसानों को मुआवजा दिलाने, और बिजली ट्रिपिंग की समस्या के समाधान पर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने बिजली कटौती का मुद्दा उठाया, जिस पर केस्को ने ओवरलोडिंग वाले क्षेत्रों में मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाने की बात कही। पढ़ें पूरी खबर... 7- रोडवेज बस ड्राइवर की अचानक तबीयत बिगड़ी, मौत चकेरी थाना क्षेत्र में रोडवेज बस चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। अहिरवां निवासी 38 वर्षीय विपिन कुमार दोपहर करीब तीन बजे घर से ड्यूटी के लिए चकेरी बस डिपो पहुंचे थे। परिजनों के मुताबिक वह पूरी तरह स्वस्थ थे, लेकिन डिपो पहुंचने के करीब 20 मिनट बाद ही उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें काशीराम अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई राजू ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि विपिन घर से खाना खाकर बिल्कुल ठीक हालत में निकले थे, ऐसे में अचानक मौत पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर... 8- NEET परीक्षा संपन्न, BNSD कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक बदले गए NEET यूजी परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। प्रवेश से पहले सघन चेकिंग, फोटो मिलान और बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी में परीक्षा कराई गई, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई। सुबह से ही अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेजों के साथ केंद्रों पर पहुंचे थे, वहीं अभिभावक भी बच्चों के साथ मौजूद रहे। परीक्षा समाप्त होने के बाद कई अभ्यर्थियों ने पेपर को संतुलित बताया। BNSD इंटर कॉलेज में परीक्षा से ठीक पहले केंद्र व्यवस्थापक बदला गया। पिछले दिनों होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान इस कॉलेज में प्रश्नपत्र लीक करने की कोशिश का मामला सामने आने के बाद ये बदलाव करना पड़ा। पढ़ें पूरी खबर... 9- कानपुर में महिलाओं ने स्मार्ट मीटर पटक कर तोड़ा, चप्पलें मारीं; बोलीं- बिल दोगुना हुआ कानपुर के जरौली फेस-1 स्थित न्यू केसा सबस्टेशन पर रविवार को स्मार्ट मीटर के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों महिलाओं ने पोस्टर-बैनर के साथ जोरदार प्रदर्शन किया और एक स्मार्ट मीटर को जमीन पर पटककर तोड़ दिया, साथ ही उस पर चप्पलें बरसाईं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि ये मीटर सुविधा नहीं, बल्कि मुसीबत बन गए हैं। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर चक्का जाम करेंगी और बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगी। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल दोगुना से ज्यादा आ रहा है। उनका कहना है कि बंद घरों में भी मीटर की रीडिंग बढ़ रही है और बैलेंस माइनस में जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर... 10- चार्जर और 16 हजार के विवाद में युवक का मर्डर, शव 30 किमी दूर रेलवे ट्रैक पर फेंका, हादसा दिखाने की कोशिश कानपुर में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां चार्जर और 16 हजार रुपए के झगड़े में शराब ठेके पर काम करने वाले युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने शव को करीब 30 किलोमीटर दूर शिवराजपुर थाना क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर फेंककर हादसा दिखाने की कोशिश की। 5 अप्रैल को दुबियाना अंडरपास के पास अज्ञात शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सैकड़ों लोगों से पूछताछ की। 25 दिन बाद 25 अप्रैल को मृतक की पहचान हरदोई के शाहपुर निवासी 28 वर्षीय बृजेश कुमार के रूप में हुई, जो कानपुर के गुरुदेव चौराहा स्थित देसी शराब ठेके पर काम करता था। जांच में सामने आया कि 4 अप्रैल को बृजेश द्वारा 16 हजार रुपए और मोबाइल चार्जर लेने को लेकर मोहित गुप्ता, सचिन राठौर और आशीष राठौर उर्फ पुती से विवाद हो गया था। इसी बात पर तीनों ने उसे डंडे और बेल्ट से बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी शव को बाइक से ले जाकर रेलवे ट्रैक पर फेंक आए, ताकि मामला ट्रेन हादसा लगे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा, बेल्ट और बाइक भी बरामद कर ली है। सभी को जेल भेज दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर…
    Click here to Read more
    Prev Article
    MMMUT में PG कोर्स में प्रवेश शुरू:4 जून तक खुला रहेगा पोर्टल, 2 नए कोर्स हुए शामिल
    Next Article
    “काशी बदली, अयोध्या बदली, अब मथुरा की बारी है”:भजन पर झूम उठा कानपुर, अनूप जलोटा ने खेरेपति मन्दिर के शताब्दी समारोह में बांधा भक्ति का समां

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment