Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    वर्ल्ड अपडेट्स:पाकिस्तान में पुलिस चौकी पर आत्मघाती हमले में 15 सुरक्षाकर्मियों की मौत

    11 hours ago

    1

    0

    पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकियों ने पुलिस चौकी पर बड़ा हमला किया। आत्मघाती विस्फोट और फायरिंग में कम से कम 15 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, हमला उत्तर-पश्चिमी जिले बन्नू में हुआ। विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी पुलिस पोस्ट की ओर बढ़ रही थी। सुरक्षा बलों ने वाहन पर फायरिंग की, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके की वजह से आसपास के कई घरों की छतें गिर गईं। पुलिस पोस्ट की इमारत भी पूरी तरह तबाह हो गई और कई सुरक्षाकर्मी मलबे में दब गए। पुलिस ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद बड़ी संख्या में आतंकियों ने पुलिस चौकी पर हमला बोल दिया, जिसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई। बन्नू पुलिस के प्रवक्ता के मुताबिक, हमले में 15 सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने आतंकी मारे गए या गिरफ्तार किए गए हैं। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सोहेल अफरीदी ने हमले की निंदा करते हुए इसे कायराना हरकत बताया। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। पिछले सप्ताह भी दक्षिण वजीरिस्तान में सुरक्षा बलों ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी लेकर चेकपोस्ट की ओर बढ़ रहे एक संदिग्ध आतंकी को मार गिराया था। हालिया हमले की जिम्मेदारी अभी किसी संगठन ने नहीं ली है। हालांकि पाकिस्तान सरकार पहले प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) पर क्षेत्र में हिंसा फैलाने के आरोप लगाती रही है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… अमेरिका से कनाडा हथियार तस्करी की कोशिश नाकाम: पाकिस्तानी समेत 3 गिरफ्तार अमेरिका के न्यूयॉर्क में पुलिस ने 89 हथियारों की तस्करी की बड़ी साजिश का खुलासा किया है। इस सिलसिले में एक पाकिस्तानी नागरिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। बरामद हथियारों में कम से कम 17 चोरी की बंदूकें शामिल हैं। आरोपी इन हथियारों को अमेरिका से कनाडा तस्करी कर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। यूएस अटॉर्नी ऑफिस फॉर सदर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ न्यूयॉर्क के मुताबिक, गुरुवार को न्यूयॉर्क स्टेट पुलिस ने स्टेट रूट-90 पर एक वाहन को रोका। पूछताछ के दौरान वाहन में सवार लोगों के जवाब संदिग्ध लगे। इसके बाद तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी संख्या में हथियार मिले। कुछ हथियार कार की पिछली सीट पर भी रखे थे। गिरफ्तार आरोपियों में 22 वर्षीय मलिक ब्रॉमफील्ड कनाडा का नागरिक है। 25 वर्षीय फैजान अली पाकिस्तान का नागरिक है, जबकि 22 वर्षीय कमाल सलमान कनाडा, अमेरिका और जॉर्डन की नागरिकता रखता है। जांच एजेंसियों के अनुसार, फैजान अली के पास किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी एक्सपायर पाकिस्तानी नेशनल ड्राइविंग परमिट भी मिला। तीनों आरोपियों पर अमेरिका से अवैध तस्करी, बिना लाइसेंस हथियार कारोबार, चोरी के हथियारों की ढुलाई और अवैध हथियार रखने जैसे आरोप लगाए गए हैं। मलिक ब्रॉमफील्ड पर विदेशी नागरिक होते हुए अवैध हथियार रखने का अतिरिक्त आरोप भी लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन मामलों में दोष साबित होने पर 5 से 15 साल तक की जेल हो सकती है। हालांकि, अंतिम सजा अदालत तय करेगी। कार्रवाई में न्यूयॉर्क स्टेट पुलिस, FBI और ATF की संयुक्त टीम शामिल रही। यूएस अटॉर्नी जे क्लेटन ने कहा कि आरोपी 80 से ज्यादा हथियार कनाडा भेजने की कोशिश कर रहे थे। FBI अधिकारियों ने कहा कि ऐसी तस्करी दोनों देशों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। ताइवान के आसपास चीन की सैन्य गतिविधि तेज: 12 विमान और 5 युद्धपोत दिखे ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा कि चीन के 12 सैन्य विमान, 5 नौसैनिक जहाज और 1 सरकारी जहाज उसके आसपास सक्रिय पाए गए। इनमें 9 विमानों ने ताइवान स्ट्रेट की मीडियन लाइन पार कर ताइवान के उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन (ADIZ) में प्रवेश किया। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि सुबह 6 बजे तक चीनी सैन्य गतिविधियां दर्ज की गईं। ताइवान की सेना ने स्थिति की निगरानी की और जवाबी कार्रवाई की। इससे एक दिन पहले शनिवार को भी चीन के 8 सैन्य विमान, 6 नौसैनिक जहाज और 2 सरकारी जहाज ताइवान के आसपास देखे गए थे। उस दौरान सभी 8 विमान मीडियन लाइन पार कर ताइवान के मध्य, दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी ADIZ में दाखिल हुए थे। चीन लंबे समय से ताइवान को अपना हिस्सा बताता रहा है। बीजिंग ‘वन चाइना पॉलिसी’ के तहत ताइवान पर दावा करता है। वहीं ताइवान की अपनी सरकार, सेना और लोकतांत्रिक व्यवस्था है। हंतावायरस संकट के बीच टेनेरिफ पहुंचा क्रूज शिप: 147 यात्री अलग-अलग देश भेजे जाएंगे हंतावायरस संक्रमण से जुड़े एमवी होंड्यस क्रूज शिप को स्पेन के टेनेरिफ द्वीप पर पहुंचाया गया है। जहाज पर मौजूद 147 यात्रियों को मेडिकल जांच के बाद उनके-अपने देशों भेजा जाएगा। संक्रमण से अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। इस शिप के स्पेन के टेनेरिफ पहुंचने से पहले विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयसस ने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि यह कोविड जैसी स्थिति नहीं है। टेड्रोस शनिवार को स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया और गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांडे-मार्लास्का के साथ टेनेरिफ पहुंचे। उन्होंने कहा, “मैं जानता हूं कि लोग चिंतित हैं। 2020 की महामारी की यादें अभी भी ताजा हैं, लेकिन यह दूसरा कोविड नहीं है। फिलहाल हंटावायरस से सार्वजनिक स्वास्थ्य को कम खतरा है।” कैनरी आइलैंड्स के पोर्ट ऑफ ग्रेनाडिला पर जहाज को सुरक्षित दूरी पर रोका जाएगा। इसके बाद यात्रियों को राष्ट्रीयता के आधार पर छोटे समूहों में किनारे लाया जाएगा। टूर ऑपरेटर ओशनवाइड एक्सपेडिशंस के मुताबिक, एक बार में अधिकतम 10 यात्रियों को छोटी नावों से उतारा जाएगा। अमेरिका, जर्मनी, फ्रांस, बेल्जियम, आयरलैंड और नीदरलैंड समेत कई देशों ने अपने नागरिकों को वापस ले जाने के लिए विशेष विमान भेजे हैं। अमेरिकी CDC के अनुसार, जहाज पर मौजूद 17 अमेरिकी यात्रियों में फिलहाल संक्रमण के लक्षण नहीं हैं। उन्हें यूनिवर्सिटी ऑफ नेब्रास्का मेडिकल सेंटर ले जाया जाएगा, जहां प्रारंभिक जांच के बाद 42 दिनों तक निगरानी रखी जाएगी। स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने बताया कि 14 स्पेनिश यात्रियों को सबसे पहले उतारा जाएगा। सभी यात्रियों और स्टाफ के लिए FFP2 मास्क अनिवार्य किया गया है। इन यात्रियों को सैन्य अस्पताल में अलग-अलग कमरों में रखा जाएगा और दो चरणों में PCR टेस्ट किया जाएगा। क्रूज शिप के टेनेरिफ पहुंचने को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध भी हुआ। पोर्ट कर्मचारियों ने संभावित स्वास्थ्य जोखिम और सूचना की कमी को लेकर प्रदर्शन किया। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 2 मई को हंतावायरस संक्रमण की पुष्टि की थी। WHO के मुताबिक, फिलहाल आम लोगों के लिए इसका जोखिम कम है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    ईरान की चेतावनी- US ठिकाने और जहाज निशाने पर:अमेरिका को 14-पॉइंट के प्रस्ताव पर जवाब का इंतजार, ईरान बोला- समय से फैसला लेंगे
    Next Article
    हंता के बाद अब नोरो वायरस:बीच समंदर दो क्रूज, दोनों में वायरस फैले; दुनियाभर में डर

    Related विदेश Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment