Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें:अफसर का सुसाइड, AAP मंत्री का इस्तीफा; निहंगों ने टोल टैक्स वाले पीटे; तहसीलदार-DSP में बहस; BSF जवान की कस्टडी में मौत

    5 hours ago

    1

    0

    नमस्कार, पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) के सुसाइड से जुड़ी रही। जिसमें अफसर ने मंत्री लालजीत भुल्लर को सुसाइड का जिम्मेदार ठहराया। मामला उजागर होते ही CM भगवंत मान ने मंत्री का इस्तीफा ले लिया। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. पंजाब में मंत्री का नाम लेकर अफसर ने सुसाइड किया, CM ने इस्तीफा लिया पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर का नाम लेकर वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। मरने से पहले अमृतसर में तैनात डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा ने 12 सेकेंड का वीडियो जारी किया। इसमें रंधावा ने कहा- खा ली सल्फास, मिनिस्टर लालजीत भुल्लर के डर से, अब मैं नहीं बचता। इसका पता चलते ही CM भगवंत मान ने मंत्री भुल्लर से इस्तीफा ले लिया। मामले की जांच चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा को सौंप दी गई है। इस्तीफा लेने की पुष्टि करते हुए CM मान ने चंडीगढ़ में कहा- इसके पीछे क्या कारण हैं, यह जांच का विषय है। जांच किसी तरह से प्रभावित न हो, इसके लिए मंत्री का इस्तीफा लिया गया है। वहीं, मंत्री लालजीत भुल्लर ने कहा कि आरोप झूठे हैं। जांच प्रभावित न हो, इसलिए मैंने पद छोड़ा है। इस्तीफा CM को भेज दिया है। मेरी पार्टी हमेशा सच का साथ देती है। अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला और पूर्व अकाली मंत्री बिक्रम मजीठिया ने कहा- फूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) ने वेयरहाउस बनाया था। वेयरहाउस कॉर्पोरेशन इसकी नोडल एजेंसी थी। मंत्री लालजीत भुल्लर ने अपने पिता के नाम पर टेंडर अप्लाई किया था। जब पॉलिसी के हिसाब से मंत्री के पिता को टेंडर नहीं मिला तो घर बुलाकर अफसर से मारपीट की। उसकी वीडियो बनाई। पत्नी-बच्चों को लेकर धमकी दी (पढ़ें पूरी खबर) 2. मंत्री से तंग अफसर के सुसाइड करने की कहानी पंजाब की सरकारी खरीद एजेंसी, वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा ने स्टेट के कैबिनेट मिनिस्टर लालजीत भुल्लर को जिम्मेदार ठहराते हुए सुसाइड कर लिया। पंजाब वेयरहाउसिंग कारपोरेशन का मुख्य काम प्रदेश की मंडियों में आने वाले अनाज (गेहूं-धान) की खरीद करना, उसे स्टोर करना, अनाज का रिकॉर्ड मेंटेन करना, कोल्ड स्टोरेज चेन की अनुमति देना और नए वेयरहाउस बनवाना हैं। गननदीप सिंह रंधावा अमृतसर में तैनात थे और लालजीत भुल्लर के गृहजिले, तरनतारन का चार्ज उन्हीं के पास था। सुसाइड से पहले 12 सेकेंड के VIDEO में रंधावा ने इतना ही कहा- मैंने जहर खा लिया है, मिस्टर लालजीत भुल्लर के डर से, अब मैं नहीं बचता। मामला सामने आते ही CM भगवंत मान ने तुरंत भुल्लर से इस्तीफा ले लिया और चीफ सेक्रेटरी को जांच की कमान सौंप दी। हालांकि एक सरकारी अफसर के सुसाइड की वजह को लेकर औपचारिक तौर पर सरकार या अमृतसर पुलिस ने खुलकर कुछ नहीं कहा मगर रंधावा की फैमिली, मौके के हालात और विरोधी दलों के नेताओं की ओर से पेश किए जा रहे सबूतों से यह मामला बेहद गंभीर लग रहा है। पंजाब के पूर्व मंत्री व अकाली नेता बिक्रम मजीठिया और अमृतसर के कांग्रेस सांसद गुरजीत औजला के मुताबिक, लालजीत भुल्लर अपने पिता के नाम पर तरनतारन जिले में वेयरहाउसिंग कारपोरेशन से अनाज स्टोरेज के कुछ टेंडर लेना चाहते थे। जब DM रंधावा ये टेंडर नहीं दिलवा सके तो उन्हें ऑफिस बुलाकर, नंगा करके पीटा गया। 10 लाख रुपए की रिश्वत लेने का वीडियो बनाया गया। (पढ़ें पूरी खबर) 3. लाल किला हिंसा में भी दिखे थे भुल्लर:मंत्री बनते ही स्टंट, जातिवादी टिप्पणी की, हर बार बचते रहे अमृतसर के वेयरहाउस डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड से कुर्सी गंवाने वाले आम आदमी पार्टी (AAP) के मंत्री लालजीत भुल्लर पहली बार विवादों में नहीं फंसे, इससे पहले भी लाल किला हिंसा, जातिवादी टिप्पणी से लेकर मंत्री बनते ही स्टंटबाजी को लेकर वह सुर्खियों में रहे। हालांकि हर बार उन्हें पार्टी और सरकार का साथ मिलता रहा। कभी सफाई देकर तो कभी माफी मांगकर वह बचते रहे। हालांकि इस बार वह सीधे अफसर के सुसाइड केस में फंस गए। पंजाब में एक साल बाद चुनाव है, ऐसी सूरत में AAP सरकार किसी तरह का रिस्क लेने के मूड़ में नहीं है। इसी वजह से मामला मीडिया में आते ही CM भगवंत मान ने तुरंत भुल्लर का इस्तीफा मांग लिया। लाल किला हिंसा के वक्त वह दीप सिद्धू के साथ 'निशान साहिब' फहराते हुए देखे गए थे। विपक्ष ने आरोप लगाया था कि भुल्लर किसान आंदोलन के दौरान कट्टरपंथियों का समर्थन कर रहे थे। इसके अलावा 4 साल पहले मंत्री बनते ही लालजीत सिंह भुल्लर का खतरनाक स्टंट सामने आया था। लोकसभा चुनाव 2024 में प्रचार के दौरान भुल्लर ने कहा था कि "मैं लाहौरिया जट्ट हूं, सुनियारा नहीं।" इस पर भी खूब बवाल मचा था। (पढ़ें पूरी खबर) 4. चंडीगढ़ में मारे गए प्रॉपर्टी डीलर मर्डर का अंतिम संस्कार चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में जिम के बाहर मारे गए प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पैतृक गांव कुब्बाहेड़ी (मोहाली) में उसे अंतिम विदाई दी गई। चिन्नी को बड़े भाई ने मुखाग्नि दी। सुबह ही उसके शव को PGI से गांव लाया गया था। अंतिम संस्कार के बाद चमनप्रीत की मां बेसुध दिखीं। उन्होंने रोते हुए कहा कि जब जवान बेटा चला जाता है, तो मां तो पहले ही मर जाती है। मैंने उसके लिए नए कपड़े, टीशर्ट और सूट संभाल कर रखे थे। आज मेरे बेटे को सेहरा बांधकर घोड़ी पर चढ़ना था। लेकिन उसे मिट्टी में मिला दिया। चिन्नी ने भाई दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मेरा भाई कइयों के दिल का तारा था। उसका लिविंग स्टाइल हटकर था। लोग उसे सोशल मीडिया पर फॉलो करते थे। लेकिन कई उसे बेहद बेरोजगार तक कहते थे। बता दें कि 18 मार्च को चिन्नी की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 19 मार्च को हरियाणा के कैथल में दोनों आरोपी शूटर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए। शुक्रवार को परिवार की सहमति के बाद पोस्टमॉर्टम हुआ। (पढ़ें पूरी खबर) 5. गोल्डन टेंपल की AI फोटो बनाकर बेअदबी गोल्डन टेंपल, अमृतसर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से वीडियो-फोटो बनाकर बेअदबी का नया मामला सामने आया है। एक क्रिकेट फैन फेज ने गोल्डन टेंपल में क्रिकेटर्स और बॉलीवुड स्टार्स की फोटो फेसबुक पर शेयर की है। पहली फोटो में उन्होंने क्रिकेटर युवराज सिंह को तो दूसरी फोटो में क्रिकेटर हार्दिक पांड्या को नंगे सिर दिखाया है। जबकि गोल्डन टेंपल में जाने के लिए सिख धर्म के अनुसार सिर ढकना जरूरी है। इससे कुछ दिन पहले ही एक कंकाल की गोल्डन टेंपल की परिक्रमा और लंगर हॉल में जूते पहने AI वीडियो शेयर की गई थी। इसके अलावा एक व्यक्ति को जीप लेकर परिक्रमा में दिखाया गया था। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) इसे लेकर सख्त एतराज जता चुकी है लेकिन बेअदबी का सिलसिला थम नहीं रहा है। अब नई फोटो पर भी SGPC ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि इस मामले में अब केंद्र व राज्य सरकार को सख्त कानून बनाना चाहिए ताकि ऐसे आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो और भविष्य में कोई इस तरह की बेअदबी न कर सके। (पढ़ें पूरी खबर) 6. NCB कस्टडी में BSF जवान की मौत, मां बोली- बेटे को प्रताड़ित किया अमृतसर में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की कस्टडी में BSF जवान जसविंदर सिंह की मौत हो गई। जसविंदर जम्मू के मीरां साहिब का रहने वाला था। वह BSF की 42वीं बटालियन में तैनात था और त्रिपुरा में तैनात था। वह हाल ही में छुट्टी पर घर आया हुआ था। परिवार के मुताबिक, 3 मार्च को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी एनसीबी की टीम उसे अपने साथ ले गई। इसके बाद परिवार को उसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। मां गुरमीत कौर ने बताया जम्मू से हिरासत में लिया गया और फिर पूछताछ के लिए अमृतसर लाया गया था। इसके बाद हमें गुरुवार की रात को एक कॉल आया था, जिसमें बताया गया कि आपके बेटे की मौत हो गई है। पहले उसे बीमार बताया गया था। शनिवार को उसका अमृतसर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया गया। इस दौरान मां ने रो-रोकर कहा कि उसके बेटे को प्रताड़ित किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे SHO जसप्रीत सिंह ने कहा कि यह एनसीबी का मामला है और जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। (पढ़ें पूरी खबर) 7. सोशल मीडिया विवाद के बाद युवक का सुसाइड जालंधर में सोशल मीडिया पर विवाद के बाद युवक ने सुसाइड कर लिया। परिवार के मुताबिक 18 साल के युवक राजन का सोशल मीडिया पर विवाद हो गया था। इसके बाद कुछ लोगों ने उसे बेइज्जत किया और हमला करने की धमकी दी। परिवार के मुताबिक 10-12 हथियारबंद युवक राजन के घर में घुस आए। ये सभी युवक हथियारों से लैस थे। हमलावरों ने राजन की मां से कहा कि वे उसे नुकसान नहीं पहुंचाएंगे, बस उससे बात करना चाहते हैं। इसके बाद वे जबरन घर की पहली मंजिल पर स्थित राजन के कमरे में चले गए। कमरे में जाने के बाद उन युवकों ने राजन को डराया-धमकाया और उसे अपने पैरों में गिरने के लिए मजबूर किया। अपनी जान बचाने के लिए राजन ने उन युवकों के पैरों में गिरकर माफी भी मांगी। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि आरोपियों ने माफी मांगते हुए राजन की वीडियो भी बनाई ताकि उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर और ज्यादा अपमानित किया जा सके। हमलावरों के जाने के बाद राजन इस मानसिक प्रताड़ना और अपमान को बर्दाश्त नहीं कर सका। (पढ़ें पूरी खबर) 8. थार के साथ तहसीलदार का बेटा पकड़ा, मां-DSP की बहस कपूरथला के माल रोड पर बिना नंबर प्लेट और बीकन लाइट लगी थार गाड़ी को पुलिस ने रोका। डीएसपी शीतल सिंह ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी से बीकन लाइट जब्त कर ली। इस दौरान तहसीलदार की पत्नी ने पुलिस से बहस की। जानकारी के अनुसार, डीएसपी शीतल सिंह गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित विरासती मेले में शामिल होने जा रहे थे। माल रोड पर उन्होंने बिना नंबर प्लेट वाली थार गाड़ी देखी, जिसमें बीकन लाइट लगी थी और एक युवक अंदर बैठा था। पूछताछ करने पर युवक ने खुद को अमृतसर में तैनात एक तहसीलदार का बेटा बताया। हालांकि, वह गाड़ी के दस्तावेज और बीकन लाइट के उपयोग के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसी बीच, तहसीलदार की पत्नी भी मौके पर पहुंच गई और पुलिस से बहस की, जिससे स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई। पीसीआर इंचार्ज चरणजीत सिंह खेहरा ने बताया कि युवक को पहले भी ऐसी गाड़ी चलाने के लिए चेतावनी दी जा चुकी थी। डीएसपी ने गाड़ी के दस्तावेजों की जांच के बाद ड्राइवर को सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया, लेकिन गाड़ी पर लगी बीकन लाइट को जब्त कर लिया गया। (पढ़ें पूरी खबर) 9. फतेहगढ़ साहिब में AAP सरपंच पर तलवार से हमला फतेहगढ़ साहिब में आम आदमी पार्टी के सरपंच पर जानलेवा हमला कर दिया गया। अमलोह हलके के गांव शाहपुर के सरपंच डॉ. जसविंदर सिंह के क्लीनिक में सुबह तलवारों के साथ हमलावर घुसे। उन्होंने सरपंच पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान उनके एक साथी को भी चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायल सरपंच और उनके साथी को पहले अमलोह के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर 32 स्थित सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। सूत्रों के अनुसार सरपंच इलाके में नशे के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे, जिसके चलते यह हमला रंजिश का नतीजा हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके 10. टोल मांगा तो निहंगों ने टोलकर्मियों को दौड़ा-दौड़कर पीटा निहंगों से टोल मांगा तो उन्होंने टोल के मुलाजिमों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। यह मामला मध्य प्रदेश के सिवनी में सामने आया। दरअसल, निहंग नेशनल हाईवे-44 पर स्थित मड़ई टोल प्लाजा से गुजर रहे थे। वे 3 टेंपो ट्रेवल में सवार थे। वह बिना टोल चुकाए बूम बैरियर तोड़कर निकलने की कोशिश कर रहे थे। टोल कर्मचारियों ने उन्हें रोका, तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। टोल कर्मचारियों के मुताबिक, निहंगों ने शिफ्ट इंचार्ज मुनेश सिंह बघेल पर हमला कर दिया। उन्होंने तलवार, बेसबॉल डंडों, घूंसे और लातों से मारपीट की, जिससे मुनेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय टोल प्लाजा पर अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। हमले के बाद आरोपी जाते समय शिफ्ट इंचार्ज का मोबाइल फोन छीनकर भाग गए। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। टोल प्लाजा के मैनेजर अमित कुमार गुप्ता ने लखनादौन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। लखनादौन थाना प्रभारी केपी धुर्वे का कहना है कि टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने शिकायत दर्ज कराई है कि कुछ लोगों उनसे मारपीट की है। मारपीट करने वाले निहंग सिख नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। ये पंजाब से नांदेड़ जा रहे थे। (पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर की बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
    Click here to Read more
    Prev Article
    पंजाब- अफसर के सुसाइड के बाद AAP मंत्री का इस्तीफा:जहर खाकर VIDEO बनाया; विरोधी दलों ने अमृतसर में थाना घेरा, बिजली काटी गई
    Next Article
    Tum Se Tum Tak: मीरा ने अनु के साथ खेला गेम, क्या आर्या और अनु हो पाएंगे एक साथ ?

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment