Search…

    Saved articles

    You have not yet added any article to your bookmarks!

    Browse articles

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policies, and Terms of Service.

    Top trending News
    bharathunt
    bharathunt

    Chhath Puja: बिहार में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा, घाटों पर पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध

    7 hours ago

    1

    0

    बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों की शनिवार को समीक्षा की। विभाग ने सुरक्षा कारणों से छठ के दौरान पटाखों के इस्तेमाल पर लगाए गए प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने की भी घोषणा की है। विभाग के अपर सचिव नदीमुल गफ्फार सिद्दीकी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिहार के विभिन्न जिलों के आपदा प्रबंधन प्रभारी और सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शामिल हुए।विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, बैठक में छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के इंतजाम, नौकाओं के परिचालन को नियंत्रित करने और पर्व के दौरान संभावित आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। सिद्दीकी ने जिला अधिकारियों को त्वरित सहायता और बचाव कार्यों के लिए आपदा मित्रों, नागरिक सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय स्वयंसेवियों की मदद लेने का निर्देश दिया। बयान में कहा गया कि जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों (डीईओसी) को भी सक्रिय रहने और सुचारू रूप से काम करने का निर्देश दिया गया है।इसमें कहा गया कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) को उसके हेल्पलाइन नंबर 0612-2294204/205 या आपातकालीन सहायता नंबर 1070 पर सूचना देनी होगी। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व लोगों को ऊर्जा और शक्ति प्रदान करने के साथ ही समाज में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है।उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह पर्व अनुशासन और निष्ठा पर आधारित जीवन जीने की सीख देता है। इसमें लोग एक समुदाय के रूप में एकजुट होकर पूजा-अर्चना करते हैं, जिससे समाज में सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। यह बिहार की सांस्कृतिक विरासत है, जिसका विस्तार देश और दुनिया में हुआ है।’’ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी छठ पर्व के दूसरे दिन खरना के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘लोक आस्था और शुद्धता के महापर्व छठ के दूसरे दिन खरना का विशेष महत्व है। आज व्रती पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ अनुष्ठान करते हैं, छठी मैया की पूजा-अर्चना करते हैं, प्रसाद ग्रहण करते हैं और 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लेते हैं। मैं छठी मैया और भगवान भास्कर से सभी के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करता हूं।’’ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने भी छठ के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा, ‘‘छठ हमें संयम, आस्था, सामाजिक सद्भाव और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के मूल्यों की सीख देता है।’’ जदयू की ओर से जारी बयान के अनुसार कुमार ने कहा, ‘‘छठ आत्म-अनुशासन, पवित्रता, भक्ति और समर्पण का अनूठा पर्व है। इस दौरान व्रती पूरी श्रद्धा और निर्मल मन से अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।’’ बयान में कहा गया कि कुमार ने भगवान भास्कर से बिहार और देश के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।चार दिवसीय छठ व्रत की विशेषता यह है कि इसमें जीवन के प्रत्यक्ष देवता सूर्य की पूजा की जाती है। सूर्य की पहली सुबह की किरणों (उषा किरण) को छठी मैया के रूप में पूजने की मान्यता है। इस दौरान व्रती कठिन उपवास रखते हैं और पवित्रता एवं शुद्धता के कड़े नियमों का पालन करते हैं।यह पर्व मुख्य रूप से बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड समेत उत्तर भारत के राज्यों में मनाया जाता है। हालांकि, अब इसका विस्तार देश के महानगरों के साथ-साथ नेपाल, मॉरीशस, फिजी, गुयाना और सूरीनाम जैसे देशों में भी हो चुका है, जहां बिहार मूल के लोगों की अच्छी-खासी आबादी रहती है। सूर्य को पृथ्वी पर जीवन को बनाए रखने वाली ऊर्जा का सर्वोच्च स्रोत माना जाता है, जबकि छठी मैया को बच्चों की रक्षा करने वाली देवी के रूप में पूजने की परंपरा है।मान्यता है कि वह बच्चों को दीर्घायु होने का आशीर्वाद देती हैं। छठ व्रत के पहले दिन को नहाय-खाय कहा जाता है। इस दिन व्रती नदी में पवित्र स्नान करते हैं, घरों की साफ-सफाई करते हैं और लौकी, चना दाल तथा चावल से बना सात्विक शाकाहारी भोजन ग्रहण करते हैं।दूसरे दिन को खरना कहा जाता है। इस दिन व्रती सूर्योदय से सूर्यास्त तक निर्जला उपवास रखते हैं। सूर्यास्त के बाद गुड़ की खीर और सादी रोटी से व्रत खोलते हैं।इसके बाद अंतिम दिन तक चलने वाला 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करते हैं। इसके बाद चौथे दिन सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाता है।उषा अर्घ्य के बाद पारण के साथ छठ व्रत का समापन होता है।
    Click here to Read more
    Prev Article
    Lord Buddha के पवित्र अवशेष पहुंचे Namsai, गोल्डन पैगोडा में 20 नवंबर तक होंगे दर्शन
    Next Article
    AAP MLA Charanjit Singh चमकौर साहिब से टिकट कटने पर हुए बागी, बोले- हर हाल में लड़ेंगे चुनाव

    Related न्यूज Updates:

    Comments (0)

      Leave a Comment